30 नवंबर से शुरू होने वाले संसद के विशेष सत्र को लेकर सियासी पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया है. अटकलें लगाई जा रही हैं कि इस विशेष सत्र में सरकार की ओर से परिसीमन और महिला आरक्षण जैसे विधेयक पेश किए जा सकते हैं. संसद के विशेष सत्र से पहले सरकार ने आज (शुक्रवार, 27 नवंबर) को केंद्रीय मंत्रिमंडल की अहम बैठक बुलाई है. पीएम मोदी की अध्यक्षता में दोपहर एक बजे बैठक आयोजित की जानी है. बैठक को लेकर सभी मंत्रियों को सूचना भेज दी गई है और उनसे इस बैठक में उपस्थित रहने की अपील की गई है. सूत्रों के मुताबिक, इस बैठक में परिसीमन और महिला आरक्षण विधेयक पर चर्चा हो सकती है. उधर, कांग्रेस पार्टी ने भी आज एक बैठक बुलाई है. जानकारी के मुताबिक, सोनिया गांधी की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में विशेष रणनीति पर चर्चा की जाएगी.
सांसदों से पीएम मोदी की अपील
इससे पहले 25 नवंबर को हुई कैबिनेट मीटिंग के दौरान सभी मंत्रियों को विदेश दौरे पर नहीं जाने के निर्देश दिए गए थे. बैठक में पीएम मोदी ने संसद के आगामी सत्र को देखते हुए 15 दिसंबर तक मंत्रियों और सांसदों को विदेश यात्राओं से बचने की सलाह दी थी. बैठक में ही पीएम मोदी ने सत्र की तैयारियों की जरूरत पर जोर देते हुए मंत्रियों से अपने-अपने मंत्रालयों को आगामी सत्र के लिए तैयार रखने को कहा था. उनके इस निर्देश के बाद से ही विशेष सत्र बुलाये जाने की संभावनाएं काफी बढ़ गई थीं. अब 30 नवंबर से संसद का विशेष सत्र शुरू होने के ऐलान के बाद इस अपील को काफी अहम माना जा रहा है.
पहले पारित नहीं हो पाया था विधेयक
सरकार ने इससे पहले 16 अप्रैल को लोकसभा में संविधान (131वां संशोधन) विधेयक 2026 पेश किया था. इसका उद्देश्य लोकसभा की सदस्य संख्या बढ़ाकर 850 करना और 2023 में पारित महिला आरक्षण कानून को जल्द लागू करने का रास्ता तैयार करना था. हालांकि, इस विधेयक को जरूरी दो-तिहाई बहुमत हासिल नहीं हो सका था. इस वजह से यह पारित नहीं हो पाया था. अब सरकार एक बार फिर से इस बहुमत को पास कराने की कोशिश कर सकती है.
कौन-कौन से दल दे सकते हैं साथ?
सबसे बड़ा सवाल यह है कि इस विधेयक पर सरकार को किन दलों का समर्थन मिल सकता है. परिसीमन विधेयक की अटकलबाजी के बीच कांग्रेस सांसद कार्ति पी. चिदंबरम ने शरद पवार की पार्टी और डीएमके के रुख में परिवर्तन के संकेत दिए हैं. उनके अनुसार, दोनों दल इंडिया ब्लॉक के खिलाफ जाकर सरकार का समर्थन कर सकते हैं. उन्होंने बीजेपी के अलावा डीएमके और एनसीपी-एसपी को टैग करते हुए एक्स पर लिखा कि लगता है बीजेपी सरकार ने अपनी तैयारी पूरी कर ली है. कार्ति पी. चिदंबरम के अलावा थलपति विजय की पार्टी TVK ने भी दावा किया है कि बीजेपी को DMK का समर्थन हासिल है. उधर, परिसीमन बिल पर शरद पवार की बेटी और NCP (SP) की सांसद सुप्रिया सुले के बयान ने भी विपक्षी गठबंधन की टेंशन बढ़ा दी है. उन्होंने कहा है कि एक बार बिल को सामने आने दीजिए, हो सकता है कि यह अच्छा हो. उन्होंने आगे कहा कि पहले भी कई बार राष्ट्रहित में विपक्ष ने सरकार का साथ देते हुए कई बिल पास कराए हैं.