'ECINET सॉफ्टवेयर पर जानकारी क्यों छिपा रहा आयोग?' ECI पर बरसी कांग्रेस, मुख्य चुनाव आयुक्त का फिर मांगा इस्तीफा
कांग्रेस पार्टी कथित वोट चोरी के मुद्दे को हाथ से नहीं जाने देता चाहती है. उसने एक बार फिर एसआईआर के मुद्दे पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर निशाना साधा है.
देश के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ चल रहा प्रदर्शनों का दौर धीरे-धीरे शांत भले हो गया हो लेकिन कांग्रेस इस मुद्दे को छोड़ने के मूड में बिल्कुल नहीं है. पार्टी हाईकमान के इशारे पर कांग्रेस नेताओं ने चुनाव आयोग पर अपने हमले नए सिरे से शुरू कर दिए हैं.
कांग्रेस के महासचिव और कम्युनिकेशन इंचार्ज जयराम रमेश ने कहा कि पार्टी ने चुनाव आयोग से कई बार 'ECINET' सॉफ्टवेयर का विवरण शेयर करने का आग्रह किया, लेकिन उसने हर बार इससे इनकार कर दिया. जयराम ने आरोप लगाया कि ऐसा करके वह वोटर लिस्ट में जानबूझकर हेर-फेर की उन हरकतों को छिपाना चाहता है, जो उसने SIR की आड़ में किए हैं.
ECINET सॉफ्टवेयर की जानकारी छिपा रहा चुना आयोग
सोशल मीडिया एक्स पर एक अखबार की रिपोर्ट शेयर करते हुए जयराम रमेश रमेश ने लिखा, 'भारत का चुनाव आयोग विवादित ECINET सॉफ्टवेयर के बारे में जानकारी छिपा रहा है. यह सॉफ्टवेयर विनाशकारी SIR सिस्टम का मुख्य हिस्सा है. इसका इस्तेमाल मतदाता सूचियों में बड़े पैमाने पर हेरफेर को सेंट्रलाइज करने के लिए किया गया है.'
अपनी पोस्ट में कांग्रेस नेता आरोप लगाया, 'एक प्रमुख राष्ट्रीय दैनिक समाचार पत्र ने खुलासा किया है कि सूचना के अधिकार के तहत मांगी गई जानकारी देने से चुनाव आयोग ने इनकार कर दिया है. चुनाव आयोग ने कमजोर बहाने बनाते हुए उस सॉफ़्टवेयर का नाम नहीं बताया, जिसका इस्तेमाल SIR में हो रहा है. उसने यह पुष्टि भी नहीं की है कि इसमें AI का उपयोग किया जा रहा है या नहीं और इसके लिए क्या सुरक्षा उपाय किए गए हैं.'
इलेक्शन कमीशन पर बरसे जयराम रमेश
जयराम रमेश यही नहीं रुके. उन्होंने पोस्ट में आगे लिखा, 'ECINET सॉफ़्टवेयर और AI के इस्तेमाल को लेकर पारदर्शिता की कमी ने नागरिकों के बीच पूरी चुनावी प्रक्रिया की विश्वसनीयता को नुकसान पहुंचाया है. चुनाव आयोग बार-बार यह जानकारी देने से मना कर रहा है, क्योंकि ऐसा करने से मतदाता सूचियों में की गई उस भारी-भरकम और केंद्रीकृत हेरफेर की सच्चाई सामने आ जाएगी.'
ये भी पढ़ें- 'मोदी को हटाना होगा…', खरगे के भाषण के बीच बोला BJP समर्थक- 'नहीं हटेंगे'; विवादित टिप्पणी के बाद हुई मारपीट
कांग्रेस नेता अपनी पोस्ट में लिखा, 'भारतीयों को टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज के खुलासों से यह क्यों पता चला कि उन्होंने ECINET सॉफ़्टवेयर विकसित किया है? चुनाव आयोग ने खुद इस बात को पारदर्शी तरीके से क्यों नहीं बताया? जब SIR और मतदाता सूची के संशोधन में AI का स्पष्ट रूप से इस्तेमाल हो रहा है, तो चुनाव आयोग बार-बार इससे इनकार क्यों कर रहा है?'
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग
पीएमओ पर बरसते हुए जयराम ने लिखा, 'चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने ECINET सॉफ़्टवेयर और चुनाव आयोग के IT विभाग को लेकर कई आपत्तियां जताई थीं. ये शिकायतें कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभागतक भी पहुंचीं, जो सीधे प्रधानमंत्री के अधीन आता है.'
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करते हुए जयराम रमेश ने लिखा, 'जनता जानती है कि मतदाता सूचियों में बड़े पैमाने पर हेरफेर की गई है. ऐसे में ज्ञानेश कुमार को पद छोड़ना चाहिए. साथ ही, SIR को तुरंत प्रभाव से सस्पेंड किया जाना चाहिए.'
SIR को लेकर ज्ञानेश पर हमलावर है कांग्रेस
बताते चलें कि ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस पिछले काफी दिनों से हमलावर है. विभिन्न राज्यों में अपनी चुनावी हार के लिए वह एसआईआर को दोषी मान रही है, जिसे करवाने का काम मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के समय में शुरू हुआ है. वह ज्ञानेश के इस्तीफे की मांग लेकर दिल्ली में कई बार प्रदर्शन कर चुकी है. साथ ही, इसी मुद्दे पर कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन को भी अपना सक्रिय समर्थन दे चुकी है.