)
देश में समान नागरिक संहिता (UCC) को लेकर विपक्ष ने हंगामा मचा रखा है वहीं भारतीय जनता पार्टी की सरकार वाले राज्य एक के बाद एक करके लगातार UCC लागू करती जा रही है. भारतीय जनता पार्टी की सरकार वाले राज्यों में सबसे पहले उत्तराखंड में UCC लागू हुआ था उसके बाद गुजरात ऐसा करने वाला देश का दूसरा राज्य बना. अब पश्चिम बंगाल में UCC लागू होने का ऐलान कर दिया गया है. सूबे के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने राज्य में UCC लागू करने की घोषणा की.
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने पश्चिम बंगाल में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने का ऐलान किया है. उन्होंने कहा कि उनकी सरकार छह महीने के भीतर इसे लागू करेगी. अधिकारी ने इसके लिए उत्तराखंड और गुजरात का उदाहरण दिया. एक जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम सुवेंदु ने कहा, 'उत्तराखंड और गुजरात के बाद अब पश्चिम बंगाल में भी बहुत जल्दी ही UCC लागू होगा. इसके लिए मुझे आप छह महीने दीजिए, ये मेराआपसे वादा है.'
सीएम सुवेंदु ने कहा कि राज्य में UCC लागू होने के बाद उनकी सरकार कथित 'लव जिहाद', 'लैंड जिहाद' और जबरन धर्म परिवर्तन के खिलाफ सख्त कानून लाने पर काम करेगी. उन्होंने सूबे में जबरन धर्म परिवर्तन रोकने के लिए अलग से कड़े प्रावधान बनाने का भी भरोसा दिया. सुवेंदु अधिकारी के मुताबिक, UCC के बाद इन मुद्दों पर कानून बनाने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी.
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से राज्य में रोजगार के अवसर बढ़ाने की अपील भी की. उन्होंने बाहर से आए लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि ऐसी ताकतों को पूरी तरह खत्म करने की जरूरत है. अधिकारी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने भारत को वैश्विक स्तर पर मजबूत पहचान दिलाई है, लेकिन देश में बाहर से आए लोगों से जुड़े मुद्दों पर भी कार्रवाई जरूरी है.
अधिकारी ने पिछली सरकार पर राज्य के अलग-अलग समुदायों के बीच विभाजन पैदा करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि तमांग, लेपचा और राय समेत पहाड़ी इलाकों के कई समुदायों के बीच मतभेद पैदा किए गए. उन्होंने राजबंशी समाज और मटुआ समुदाय में भी विभाजन का आरोप लगाया. अधिकारी ने कहा कि ठाकुरबाड़ी और लोर्मी-कुर्मी समुदायों के साथ-साथ आदिवासियों और कुर्मियों के बीच भी टकराव पैदा किया गया. उनका आरोप था कि यह सब अलग-अलग समुदायों को बांटने की राजनीति के तहत किया गया.
अधिकारी ने कोलकाता में धार्मिक कार्यक्रमों की भी घोषणा की. 17 नवंबर को हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन होगा. इसके बाद 29 दिसंबर को कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में गीता पाठ का कार्यक्रम रखा गया है. UCC, धर्म परिवर्तन और इन धार्मिक आयोजनों की घोषणाओं के साथ अधिकारी ने राज्य की सांस्कृतिक और राजनीतिक पहचान से जुड़े मुद्दों को भी सामने रखा.