'परमिशन लेने की भी जरूरत नहीं...' रेप के आरोपी के एनकाउंटर पर बोले CM सुवेंदु अधिकारी, पुलिस को दी खुली छूट
पश्चिम बंगाल के रायगंज में नाबालिग से दरिंदगी और मर्डर के मुख्य आरोपी दिलीप राय को पुलिस ने एनकाउंटर में मार गिराया है. इस कार्रवाई के बाद अब मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने इस पर बड़ा बयान दिया है.
पश्चिम बंगाल के रायगंज में नाबालिग से रेप और मर्डर के मुख्य आरोपी दिलीप राय को पुलिस ने सोमवार सुबह एनकाउंटर में ढेर कर दिया. इस घटना के बाद अब मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी का बड़ा बयान सामने आया है. दीघा में मीडिया से बात करते हुए सीएम ने पुलिस की कार्रवाई का पूरा समर्थन किया है और साफ कर दिया है कि अपराधियों के खिलाफ उनकी सरकार की नीति बिल्कुल सख्त है.
रेप के आरोपी के एनकाउंटर पर बोलते हुए सीएम सुवेंदु अधिकारी ने कहा, पुलिस ने हालात के हिसाब से एक्शन लिया है. पुलिस सभी आरोपियों को गोली नहीं मारती, जो लोग पुलिस पर हमला करते हैं, पुलिस आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई करती है. इसके अलावा, इस सरकार ने कुछ मामलों में पुलिस को खुली छूट दे रखी है, मैंने उनसे अपने सीनियर्स से इजाजत लेने तक को नहीं कहा है.
'मैने जीरो-टॉलरेंस की नीति अपनाने को कहा है'
रेप और मर्डर, ड्रग तस्करी, नशीले पदार्थों की स्मगलिंग और बांग्लादेश से आने वाले अवैध घुसपैठियों के मामलों में मैंने जीरो-टॉलरेंस की नीति अपनाने को कहा है. अगर कोई किसी धार्मिक कार्यक्रम में पत्थर फेंकता है, तो मैंने उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा है. हालांकि, मेरे समय में किसी की इतनी हिम्मत नहीं हुई कि वह किसी धार्मिक स्थान पर, किसी पूजा में, किसी देवी-देवता के विसर्जन में, किसी रैली में या कहीं भी ऐसी घटना को अंजाम दे सके.
पिछली सरकारों पर साधा निशाना
सीएम ने पिछली सरकारों पर हमला बोलते हुए कहा कि 34 साल के नास्तिक कम्युनिस्टों और 15 साल के 'जमाती तृणमूल' ने पश्चिम बंगाल की संस्कृति, धर्मग्रंथों, परंपराओं और रीति-रिवाजों को खत्म कर दिया. उन्होंने कहा कि अब उनकी सरकार बंगाल की उस संस्कृति को बचाने की कोशिश कर रही है.
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, पिछले गुरुवार को रायगंज के अब्दुलघाटा जंगल इलाके से एक लापता नाबालिग लड़की का सड़ा-गला शव मिला था. लड़की 3 तारीख को लापता हुई थी और 5 तारीख को उसका शव बरामद हुआ. जांच में रेप और हत्या की बात सामने आने के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी दिलीप राय की तलाश तेज कर दी थी. सोमवार सुबह जब पुलिस टीम उसे पकड़ने बंगाल-बिहार सीमा पर पहुंची, तो उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी. पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसे गोली लगी और रायगंज गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
ये भी पढ़ें: 'किसी की मेहरबानी पर नहीं चल रहा RSS...' मिलता कुछ नहीं, फिर भी जिंदगी समर्पित कर देते हैं प्रचारक: मोहन भागवत