ममता पर निशाना: 'तो बंगाल बन जाता बांग्लादेश...', सुवेंदु अधिकारी बोले- 'हिंदुओं के लिए था आखिरी मौका'
पश्चिम बंगाल की सत्ता में बीजेपी की पहली एंट्री होने के बाद मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी लगातार हिंदुत्व और घुसपैठ के मुद्दे को प्रमुखता से उठा रहे हैं. अपने हालिया बयान में उन्होंने बंगाल के हिंदुओं की स्थिति को लेकर बड़ा बयान देते हुए बीते चुनावों को निर्णायक बताया. सुवेंदु इससे पहले भी विपक्ष पर तुष्टीकरण और राज्य में राजनीतिक अस्थिरता फैलाने के आरोप लगाते रहे हैं.
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने कहा है कि इस बार का चुनाव बंगाल के हिंदुओं के लिए आखिरी मौका था. मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में एक निजी कार्यक्रम में पहुंचे अधिकारी ने बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा से बातचीत के दौरान यह बात कही. अधिकारी ने कहा कि अगर इस बार बंगाल में सरकार नहीं आती तो पूरे राज्य की स्थिति बांग्लादेश जैसी हो जाती. उन्होंने हिंदुओं के राजनीतिक भविष्य को लेकर चिंता जताते हुए कहा कि यह चुनाव उनके लिए भी बेहद महत्वपूर्ण था.
ममता बनर्जी पर निशाना
ममता बनर्जी पर तुष्टीकरण की राजनीति करने का आरोप लगाने वाले सुवेंदु ने पूर्ववर्ती टीएमसी राज में हिंदुओं की स्थित पर दुख जताते हुए ये भी कहा कि बीता चुनाव सिर्फ हमारे लिए अस्तित्व की लड़ाई नहीं था, बल्कि पूरे हिंदू समाज पर इसका असर पड़ना तय था.
सीएम सुवेंदु अधिकारी ने निर्णायक जनादेश देने के लिए जनता-जनादर्न का भी आभार जताया.
हमारी सरकार में तुष्टिकरण नहीं होता: सुवेंदु
गौरतलब है कि सीएम सुवेंदु अधिकारी लंबे समय से ममता बनर्जी पर तुष्टीकरण की राजनीति करने का आरोप लगा रहे हैं. इससे पहले हाल ही में उन्होंने ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए टीएमसी को घेरा था.
दिल्ली के रामलीला मैदान में ममता बनर्जी के भाषण को लेकर ममता पर निशाना साधते हुए अधिकारी ने कहा था, ‘ममता बनर्जी जैसी नेता, जिन्हें कोई किसी कार्यक्रम में नहीं बुलाता, यहां तक कि किसी दुर्गा पूजा के उद्घाटन के लिए भी नहीं बुलाया जाता, वो अब बड़े-बड़े भाषण दे रही हैं. दिल्ली में वह कहती हैं ‘यस पापा, यस पापा’, जबकि बंगाल में कहती हैं- ‘यस घुसपैठिया, यस घुसपैठिया, तुम आओ और दामाद बनकर रहो.’
‘वेस्ट बंगाल से वेस्ट बांग्लादेश’
एक अगस्त, 2025 को दक्षिण बंगाल के बांकुड़ा शहर में 'कन्या सुरक्षा यात्रा' का नेतृत्व के दौरान सुवेंदु अधिकारी ने पत्रकारों को बताया था कि उस समय का प्रशासन, राष्ट्रीय सुरक्षा की कीमत पर, बांग्लादेश से आए घुसपैठियों को राज्य में बसने में मदद और बढ़ावा दे रहा है.
उसी समय सीएम सुवेंदु ने बड़ा बयान देते हुए यह भी कहा था, 'उत्तर 24 परगना, दक्षिण 24 परगना, मुर्शिदाबाद, बीरभूम और मालदा के कई इलाकों में तेजी से डेमोग्राफिक बदलाव दिख रहा है. अगर इसे नहीं रोका गया तो बंगाल का नाम बदलकर ‘वेस्ट बांग्लादेश’ करना पड़ेगा. बीजेपी भारतीय मुसलमानों के खिलाफ नहीं है, लेकिन बांग्लादेशी और रोहिंग्याओं को बाहर निकालने के लिए कार्रवाई करेगी.'
इसके बाद नवंबर 2025 में उन्होंने चुनाव आयोग को दिए पार्टी के एक डॉक्यूमेंट के हवाले से भी सबको बताया था कि घुसपैठ के कारण कैसे कई विधानसभा सीटों की जनसांख्यिकी बदली है.
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के अलावा पश्चिम बंगाल बीजेपी के दर्जनों नेता, सैकड़ों बार ममता बनर्जी की कार्यशैली पर निशाना साधते हुए उनकी कार्यशैली पर निशाना साध चुके हैं.