बंगाल में सियासत का 'खूनी खेला', कार्यकर्ता का सिर फोड़ा, BJP-ISF की भिड़ंत में पुलिसवाले भी घायल
West Bengal BJP-ISF Clashes: पश्चिम बंगाल में भाजपा और ISF के बीच झड़प देखने को मिली है. यहां ISF कार्यकर्ताओं ने भाजपा कार्यकर्ता पर हमला किया, जिसके चलते उसे अस्पताल में भर्ती करवाना पड़ा. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
West Bengal Goverment: पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले में थाने के सामने भाजपा और ISF की आपस में भिड़ंत हो गई. इसके चलते राह चलते कुछ लोग और पुलिसकर्मी घायल हो गए. घटना भांगर एक नंबर ब्लॉक के माधवपुर थाने के सामने की बताई जा रही है. इस दौरान झड़प को कंट्रोल करने गए एक पुलिस अधिकारी समेत कुल 4 पुलिसकर्मी घायल हो गए.
घायलों को बचाकर नलमुड़ी अस्पताल में इलाज के लिए ले जाया गया. आरोप है कि झड़प के दौरान राह चलते आम लोगों के साथ मारपीट की गई और उनका सिर फोड़ा गया. हालांकि, इस घटना के बाद ISF की ओर से भी भाजपा के खिलाफ शिकायत दर्ज की गई. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
भाजपा कार्यकर्ता के साथ हुई मारपीट
भाजपा का आरोप है कि माधवपुर थाना क्षेत्र में ISF कार्यकर्ताओं ने भाजपा कार्यकर्ता नाजमुल मोल्ला पर हमला किया. उनके साथ अल्पसंख्यक समुदाय का होते हुए भी भाजपा के कार्यक्रम में शामिल होने पर मारपीट की गई. भाजपा का दावा है कि कार्यकर्ता नाजमुल मोल्ला पर किए गए हमले से उनका सिर फट गया.
शिकायत दर्ज कराने पर भी हुई मारपीट
हमले के बाद घायल कार्यकर्ता का नलमुड़ी ब्लॉक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज करवाया गया. इसके बाद भाजपा लीडरशिप रात के समय माधवपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराने गया. उस समय फिर से बीजेपी कार्यकर्ताओं पर हमला किया गया इसका आरोप भी ISF पर ही लगा. स्थिति को कंट्रोल करने गए पुलिस के साथ भी हाथापाई और मारपीट की घटना घटी. इस घटना में कई पुलिसकर्मी घायल हो गए.
ISF ने भी दर्ज कराई शिकायत
ISF ने भाजपा के आरोपों को खारिज करते हुए पलटवार किया है. ISF नेता शहाबुद्दीन सिराजी का आरोप है कि तृणमूल से भाजपा में शामिल हुए कुछ लोगों के नेतृत्व में ISF कार्यकर्ताओं पर हमला किया गया. उनका ये भी दावा है कि इस विषय पर थाने में बात करने गए तो उन पर फिर से हमला किया गया. घटना में कई ISF कार्यकर्ता घायल हुए हैं. हालांकि, इस घटना में दोनों पक्षों ने ही माधवपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है. शिकायत के आधार पर पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है.