'महिलाओं को भाभी कहकर न बुलाएं', बंगाल में BJP नेता की अजीबोगरीब सलाह पर उठे सवाल; पार्टी ने कर लिया किनारा
बंगाल के मुर्शिदाबाद में बीजेपी नेता ने एक अजीबोगरीब बयान दिया है. बीजेपी नेता का कहना है कि महिलाओं को भाभी कहकर नहीं बुलाया जाना चाहिए, इसके जगह पर बहन या दीदी कहा जाना चाहिए. बीजेपी ने इस बयान से किनारा कर लिया है.
पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में बीजेपी नेता ने हैरान करने वाली सलाह दी है, जिसने राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा को जन्म दे दिया है. मुर्शिदाबाद जिले बीजेपी नेता विष्णुचरण सिकदार ने कहा कि रिश्तेदारों को छोड़कर अन्य महिलाओं को भाभी कहकर नहीं संबोधित किया जाना चाहिए. उन्होंने लोगों से इस परंपरा को समाप्त करने की अपील की है.
बीजेपी नेता के इस बयान पर विवाद गहराने लगा है. हालांकि, उनका तर्क है कि इस प्रकार संबोधन से समाज में गलत रिश्ते और गंदगी पैदा होती है. बीजेपी नेता ने युवाओं को सलाह देते हुए कहा कि दोस्तों को अपने घर पर न बुलाएं. सिकदार ने कहा कि महिलाओं को भाभी की जगह दीदी या बहन बोलकर संबोधित करें. इससे समाज में एक सकारात्मक मैसेज जाएगा.
बीजेपी नेता की अजीबोगरीब सलाह ने किया हैरान
विष्णुचरण सिकदार जिले के हरिहरपाड़ा थाना क्षेत्र के गांव में एक कार्यक्रम को संबोधित करने के लिए पहुंचे थे, जहां पर उन्होंने कहा कि रिश्तेदारों को छोड़कर अन्य महिलाओं को दीदी या बहन कहकर संबोधित करना चाहिए. उन्होंने यह भी कहा कि महिलाओं को भी स्वयं आगे आकर पुरुषों से कहना चाहिए कि वे उन्हें भाभी की जगह पर बहन या दीदी कहकर बुलाएं. इस दौरान सिकदार ने उदाहरण दिया और कहा कि किसी महिला को भाभी कहकर संबोधित करने के बजाए उसके नाम से या दीदी कहकर बुलाया जाना चाहिए.
दोस्तों को न बुलाएं घर
बीजेपी नेता यहीं नहीं रुके, उन्होंने युवाओं को खास सलाह दी और कहा कि वह अपने दोस्तों को घर न बुलाएं. यदि कोई दोस्त फोन करके घर आने बात कहे, तो उसको चाय की दुकान, मंदिर या किसी सार्वजनिक स्थान पर मिलने के लिए बुलाया जाना चाहिए. बीजेपी नेता के अनुसार, दोस्तों को घर पर बुलाए जाने की परंपरा समाप्त होनी चाहिए. इससे समाज में फैली बुराइयों पर रोक लगाई जा सकेगी.
कांग्रेस ने निशाना साधा
विष्णुचरण सिकदार के इस बयान पर सियासी संग्राम शुरू हो गया है. कांग्रेस नेता अधीर चौधरी ने इस बयान कि निंदा की और कहा कि हिंदू या मुस्लिम समुदाय में भाभी कहकर संबोधित करने की परंपरा है. बीजेपी नेता के बयान को संकीर्ण करार देते हुए कहा कि इस प्रकार के संबोधन से समाज को नहीं बदला जा सकता है.
बीजेपी के मुर्शिदाबाद सांगठनिक जिला अध्यक्ष सौमेन मंडल ने स्पष्ट किया कि सिकदार का बयान व्यक्तिगत विचार है, यह पार्टी का मत नहीं है. उन्होंने कहा कि बीजेपी सामाजिक परंपरा नें मां, दीदी, बहन के साथ भाभी के संबोधन का भी अपना स्थान है.
यह भी पढ़ें: 'अजित पवार के विमान हादसे की CBI करे जांच'; शरद गुट के विधायक ने उठाई आवाज, अमित शाह से अपील
यह भी पढ़ें: न मुकदमे का डर, न एक्शन की मार... फॉर्म-6 से फिर खुला वोटिंग का द्वार! सुप्रीम कोर्ट में क्या बोला चुनाव आयोग?