Weather Report: दक्षिण भारत पर साइक्लोन अर्नब का कहर! उत्तरी राज्यों में भी दिख रहा असर, पहाड़ों पर बर्फबारी से तापमान गिरा
'साइक्लोन अर्नब' बड़ी तेजी से उत्तर भारत की ओर बढ़ रहा है. दिल्ली-एनसीआर में गुरुवार (29 अक्टूबर) की रात से बारिश का दौर जारी है. मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए आंधी-तूफान का रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.
दक्षिण भारत में भारी तबाही मचाने के बाद अब 'साइक्लोन अर्नब' बड़ी तेजी से उत्तर भारत की ओर बढ़ रहा है. दिल्ली-एनसीआर में गुरुवार (29 अक्टूबर) की रात से बारिश का दौर जारी है. देर रात आसमान में बिजलियां कड़कने लगीं और बादल गरजने लगे. इसके थोड़ी देर बाद ही बारिश शुरू हो गई. ठंडी हवाओं की वजह से न्यूनतम तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है, जिससे दिल्ली के साथ ही नोएडा, गुरुग्राम, गाजियाबाद और फरीदाबाद जैसे शहरों के लोगों को ठंडकपन का अहसास होने लगा.
मौसम वैज्ञानिक इसे चक्रवात का प्रभाव बता रहे हैं. अर्नब तूफान के चलते मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश और उत्तर भारत के अन्य हिस्सों में अगले दो दिनों के लिए आंधी-तूफान का रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. उधर, पहाड़ी राज्यों में कुछ जगहों पर लैंडस्लाइड की चेतावनी जारी की गई है.
साइक्लोन अर्नब ने दक्षिण में मचाई तबाही!
बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान 'अर्नब' ने आंध्र प्रदेश, ओडिशा और पुडुचेरी समेत दक्षिण भारतीय राज्यों में भारी तबाही मचाई. आंध्र प्रदेश में प्रशासन की ओर से 89 हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया गया था. इसके बावजूद करीब 5 से 6 लोगों की मौत होने की बात सामने आई है. ओडिशा में भी प्रशासन ने अर्नब तूफान के चलते 30,000 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों और साइक्लोन शेल्टरों में पहुंचाया.
चक्रवात के दौरान तूफान की निरंतर हवा की गति 125 से 135 किलोमीटर प्रति घंटा रही, जबकि झोंके 150 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच गए. इससे सैकड़ों पेर गिर गए, बिजली के खंभे टूट गए और घरों की छतें तक उखड़ गईं. दक्षिण ओडिशा के कई जिलों में भारी बारिश हुई है. मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी के मुताबिक, मलकानगिरी, कोरापुट, रायगढ़ा, गजपति और गंजाम जिले सबसे ज्यादा प्रभावित हुए हैं.
कश्मीर से लेकर गंगोत्री तक हुई बर्फबारी
गुरुवार की रात को जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के कई पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी देखने को मिली. इसी तरह से उत्तराखंड में भी कई जगहों पर बर्फबारी और ओलावृष्टि हुई. मौसम विभाग ने आज जम्मू-कश्मीर के मैदानी इलाकों में भारी बारिश की संभावना जताई है, तो घाटी में आज भी बर्फबारी देखने को मिल सकती है.
हिमाचल प्रदेश के पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन की चेतावनी जारी की गई है. मौसम विभाग ने पर्यटकों को विशेष रूप से सावधान किया है. लोगों को सुरक्षा नियमों का पालन करने की सलाह दी गई है.
ये भी पढ़ें- चक्रवात 'अर्नब' के बाद नई आफत की आहट: बंगाल की खाड़ी में नया सिस्टम सक्रिय; इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट