SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

अर्नब का असर: 100 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तूफानी हवाएं! आंध्र प्रदेश-ओडिशा समेत कई राज्यों में अलर्ट; ट्रेनें रद्द

मौसम विभाग ने चक्रवाती तूफान 'अर्नब' का अलर्ट जारी कर दिया है. IMD के मुताबिक 27 अक्टूबर को कई राज्यों में 95-100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चक्रवाती हवाओं से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है. अर्नब के चलते पूर्वी भारत में खास तैयारियां की गई हैं.

Written By Shwetank Ratnamber
Published: Oct 27, 2026, 06:12 AM IST | Updated: Oct 27, 2026, 07:54 AM IST
Image Credit: AI
Join

बंगाल की खाड़ी में उठा चक्रवाती तूफान 'ऑर्नब' गंभीर चक्रवाती तूफान में बदल गया है, जिसके अगले कुछ घंटों में अत्यंत गंभीर चक्रवाती तूफान बनने की संभावना है. 28 अक्टूबर की सुबह आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों से टकराने का अनुमान है.तूफान अर्नब का असर यूं तो पूरे देशभर में दिख सकता है. लेकिन दक्षिण भारत और पूर्वी भारत में विशेष अलर्ट जारी किया गया है. 27 अक्टूबर के मौसम की बात करें तो देश के कई राज्यों में भारी बारिश और आंधी-तूफान आने की चेतावनी जारी की गई है. इसके साथ ही कई इलाकों में 95 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी-तूफान आने का अलर्ट जारी किया गया है. 'अर्नब' से किसी भी तरह के जान-माल के नुकसान को रोकने के लिए आंध्र प्रदेश, ओडिशा, तेलंगाना, छत्तीसगढ़ और पुडुचेरी में विशेष तैयारियां की गई हैं. 

आंध्र प्रदेश और ओडिशा समेत कई राज्यों की सरकारें अलर्ट मोड में है. ओडिशा सरकार के इंतजामों की बात करें तो यहां की मांझी सरकार ने राहत और बचाव कार्यों के लिए 302 टीमें तैयार रखी हैं. अर्नब के 28 अक्टूबर को आंध्र प्रदेश में टकराने के बाद ओडिशा में भी भारी बारिश का खतरा बना हुआ है. 28 अक्टूबर की सुबह हवा की रफ्तार 115 से 125 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान लगाया गया है.

तूफान अर्नब के संभावित खतरे से निपटने के लिए राज्य सरकार ने ओडिशा रैपिड एक्शन फोर्स, एनडीआरएफ और फायर सर्विस के जवानों को तैनात रखा है. अधिकारियों को प्रभावित इलाकों में बचाव कार्य और राहत सामग्री की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है, 28 और 29 अक्टूबर को स्कूल, कॉलेज और आंगनवाड़ी केंद्र बंद कर दिया गया है.

ट्रेनें रद्द और टूरिस्ट स्पॉट बंद

चक्रवाती तूफान के संभावित खतरे को देखते हुए दक्षिण रेलवे ने 27 और 28 अक्टूबर को 53 ट्रेनें रद्द की हैं. इसका असर आंध्र प्रदेश के कई प्रमुख रेल मार्गों पर पड़ा है. वहीं हादसों को रोकने के लिए मछुआरों को समुद्र में ना जाने की हिदायत दी गई है. इसके साथ पहाड़ी इलाकों, झरनों, बांधों और पर्यटन स्थलों पर लोगों की आवाजाही भी रोक दी गई है.

आंध्र प्रदेश में भारी बारिश और चक्रवात से सतर्क रहने की चेतावनी जारी की गई है. कई जिलों में भारी बारिश और चक्रवात से सावधान रहने का अलर्ट जारी किया गया है. इस दौरान 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी आने का अनुमान लगाया गया है.

कहर बरपाने वाला है अर्नब, दिखने लगा असर

चक्रवाती तूफान 'अर्नब' के और तेज होने के साथ ही शहर में बारिश, तेज हवाएं, आंधी और बिजली कड़कने का दौर शुरू हो गया है.

जिस समय 'अर्नब' बापटला और विशाखापत्तनम के बीच, यनम के निकट से गुजरेगा, उस दौरान ये एक अत्यंत गंभीर चक्रवाती तूफान होगा, जिसमें हवा की गति 115-125 किमी प्रति घंटा होगी, जो झोंकों के साथ 140 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है.

मौसम का हाल

पश्चिम बंगाल 27 अक्टूबर को कई जिलों में झमाझम बारिश और आंधी-तूफान आने की संभावना है. कोलकाता समेत कई शहरों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट है. पूर्वोत्तर के कई राज्यों, मध्य भारत और दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में भी बारिश का अनुमान है. पंजाब के कई शहरों में आज भारी बारिश और आंधी आने की चेतावनी जारी की गई है. दिल्ली में मंगलवार को मौसम एक दम साफ रहने का अनुमान है. यहां का न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.6 से 3 डिग्री सेल्सियस तक नीचे रहने की संभावना जताई गई है. जैसे-जैसे पारा नीचे गिरेगा, ठंड का असर बढ़ने लगेगा.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

श्वेतांक रत्नाम्बर वरिष्ठ पत्रकार हैं, जिन्हें टीवी और डिजिटल न्यूज़ मीडिया में 22 वर्षों से ज्यादा का व्यापक अनुभव है. वर्तमान में वे Zee News (Hindi) की डिजिटल टीम में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय (देश-दुनिया) खबरों की डेस्क पर कार्यरत हैं. समसामयिक मुद्दों, वैश्विक राजनीति और कूटनीति पर गहरी समझ रखने वाले श्वेतांक जटिल अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों और राजनीतिक समीकरणों का सटीक विश्लेषण करने के विशेषज्ञ हैं.Zee News डिजिटल से पहले उन्होंने ज़ी मीडिया नेटवर्क के ग्लोबल न्यूज़ चैनल 'WION' के साथ काम किया है. इस दौरान उन्होंने 'Gravitas', 'The West Asia Post' और 'One Africa' जैसे कई प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्राइम-टाइम शोज़ के हिंदी प्रोडक्शन और इंटरप्रिटेशन में अहम भूमिका निभाई. 2004 से शुरू हुए अपने पत्रकारिता करियर में श्वेतांक ने रिपोर्टिंग और एंकरिंग के साथ-साथ चार लोकसभा और कई राज्यों के विधानसभा चुनावों की व्यापक ग्राउंड कवरेज की है.जामिया मिल्लिया इस्लामिया (JMI), नई दिल्ली से जर्नलिज्म में पीजी डिप्लोमा के बाद मास कम्युनिकेशन और पॉलिटिकल साइंस में मास्टर्स डिग्री हासिल करने वाले श्वेतांक लंबे समय से 'प्रेस क्लब ऑफ इंडिया' (PCI) के सम्मानित सदस्य हैं.आप श्वेतांक रत्नाम्बर से सीधे shwetank.ratnamber@india.com पर ईमेल के जरिए संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा आप उनसे एक्स (ट्विटर), मेटा (फेसबुक) और लिंक्डइन पर भी कनेक्ट कर सकते हैं.' 
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES