'हम उनकी चुनी युद्धभूमि पर नहीं लड़ेंगे', मुंबई में छठ पूजा विवाद पर बोले राज ठाकरे, निरुपम ने पूछा- आखिर कहना क्या चाहते हैं?
महाराष्ट्र में उग्र मराठीवाद की राजनीति करने वाले राज ठाकरे एक बार फिर सक्रिय हो गए हैं. मुंबई में छठ पूजा के प्रसार पर आपत्ति जताते हुए उन्होंने सोशल मीडिया पर लंबी-चौड़ी पोस्ट लिखी है.
महाराष्ट्र में बीजेपी सरकार आने के बाद उत्तर भारतीयों पर हमलों की घटनाओं में तेजी आना और छठ पर्व जैसे लोक पर्वों का धूमधाम से मनाया जाना महाराष्ट्र नवनिर्वाचित सेना (मनसे) प्रमुख राज ठाकरे को रास नहीं आ रहा है. अपने मराठी मानुष कार्ड को फिर से धार देते हुए उन्होंने बीजेपी पर जमकर निशाना साधा है. सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर लिखी लंबी-चौड़ी पोस्ट में राज ठाकरे ने कहा कि बीजेपी महाराष्ट्र में सांस्कृतिक अतिक्रमण कर रही है और मजहब के नाम पर समाज में नफरत फैला रही है.
'छठ पूजा का इस्तेमाल कर मुंबई में तनाव की कोशिश'
अपनी पोस्ट में राज ठाकरे ने लिखा, 'जय महाराष्ट्र, भारतीय जनता पार्टी और उसकी ओर से पोषित जहरीला सोशल मीडिया इकोसिस्टम इस समय 'छठ पूजा' के मुद्दे का इस्तेमाल करके मुंबई, महाराष्ट्र में विवाद और संघर्ष भड़काने की हताश कोशिशें कर रहे हैं.
इस उद्देश्य के लिए, वे सोशल मीडिया पर रील्स प्रसारित कर रहे हैं, जिनमें इन अनुष्ठानों को दिखाया गया है और इसे एक 'सांस्कृतिक आक्रमण' के रूप में पेश किया जा रहा है. मानो इतना ही काफी नहीं था, उन्होंने मुंबई के कुछ रेलवे स्टेशनों पर भोजपुरी संगीत बजाने की भी कोशिश की, जिसे महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना ने तुरंत बंद करवा दिया.
फिर भी, भाजपा निराश है क्योंकि वे जैसा संघर्ष चाहते थे, वह पैदा नहीं हो सका. यह सारी अकुलाहट आने वाले उत्तर प्रदेश चुनावों को ध्यान में रखकर रची जा रही है.'
'बीजेपी की बांटो-राज करो की नीति अब कारगर नहीं'
ठाकरे ने आगे लिखा, 'ऐसा लगता है कि भाजपा के 'थिंक टैंक' की बौद्धिक क्षमता में गिरावट आ चुकी है. चुनाव जीतने के लिए जिस 'बांटो और राज करो' की नीति पर वे सालों से निर्भर रहे हैं, वह अब प्रभावी नहीं रह गई है. जब भी लोकसभा चुनाव करीब आते हैं, वे हिंदू-मुस्लिम तनाव भड़काते हैं. वे सार्वजनिक मैदानों और पार्कों में बुर्का पहनी महिलाओं को घुमाते हैं, ताकि जनता को यह दिखाकर डराया जा सके कि 'दूसरे पक्ष' ने अब उनके स्थानों पर कब्जा कर लिया है.
सोशल मीडिया पर डर का माहौल बनाने के लिए बुर्का पहने पुरुषों समेत व्यक्तियों के वीडियो, जो अक्सर बनावटी होते हैं, भरे पड़े हैं. जब राज्य स्तर के चुनाव करीब आते हैं, तो वे जातिगत नफरत के बीज बोते हैं. पिछले साल, बीएमसी चुनाव जीतने की होड़ में, उन्होंने कबूतरों को दाना खिलाने के मुद्दे को केंद्र में रखकर 'गुजराती बनाम मराठी' विवाद खड़ा किया था.'
'अपने प्रदर्शन के दम पर चुनाव नहीं जीत सकती बीजेपी'
बीजेपी पर जाति-मजहब की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए मनसे प्रमुख ने कहा, 'मैंने अपने भाषणों में अक्सर कहा है कि भाजपा अपने वास्तविक प्रदर्शन के आधार पर चुनाव नहीं जीत सकती. इसके बजाय, वे समूहों के बीच संघर्ष पैदा करते हैं और उन झड़पों में बहे खून के दम पर जीत हासिल करते हैं. बेशक, यह काफी हद तक एक सतही नाटक होता है, क्योंकि असली काम चुनाव आयोग द्वारा किया जाता है. लेकिन यह उन्हें यह समझाने का एक सुविधाजनक जरिया देता है कि उन्होंने अपनी 'जीत' कैसे हासिल की.
ये भी पढ़ें- छठ पूजा पर दो राजधानियों में राजनीति: दिल्ली में 'मरी मछलियों' पर घमासान, मुंबई में 'भोजपुरी गीतों' पर छिड़ी रार
'जेन जेड' आंदोलन से प्रेरित होकर, केंद्र और राज्यों दोनों जगह से भारतीय जनता पार्टी को सत्ता से बाहर करने की यात्रा शुरू हो चुकी है. यह जल्द ही होना तय है! इसने भाजपा और उसके संरक्षकों को पूरी तरह से बौखला दिया है. उन्हें डर है कि एक बार सत्ता से बाहर होने के बाद, पिछले 12 से 14 वर्षों में उन्होंने जो कुछ भी किया है, उसका भूत उन्हें डराने वापस आएगा. बहरहाल, उनके साथ जो होना तय है, वह होकर रहेगा!
मैं मराठी लोगों से आग्रह करता हूं. हमें उनकी चुनी हुई युद्धभूमि पर लड़ने की कोई जरूरत नहीं है. यह 'महाराष्ट्र का तरीका' नहीं है. वे भले ही छत्रपति शिवाजी महाराज की छापामार युद्ध नीति भूल गए हों, लेकिन हमें इसे याद रखना होगा. इन रणनीतियों का उपयोग करके कब और कैसे जवाब देना है, यह हम तय करेंगे. हमें उनके स्वार्थी इरादों के लिए बिछाए गए जाल में नहीं फंसना चाहिए.'
'महाराष्ट्र को टुकड़ों में एक उद्योपति को बेच रही बीजेपी'
कथित रूप से एक खास उद्योगपति को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए राज ठाकरे ने लिखा, 'भाजपा ने देश को बर्बाद कर दिया है, उस सामाजिक सौहार्द और सहिष्णुता को नष्ट कर दिया है, जो कभी मौजूद थी. महाराष्ट्र में भी यही हो रहा है. केंद्र के निर्देशों पर काम करते हुए, वे महाराष्ट्र को एक ही उद्योगपति और उसके साथियों के हाथों टुकड़ों-टुकड़ों में बेच रहे हैं और राज्य को हर दिशा से खोखला कर रहे हैं.
उन्होंने सह्याद्रि पर्वत श्रृंखला को भी खोखला करना शुरू कर दिया है. वही भूमि जहाँ हमारे छत्रपति शिवाजी महाराज और उनके वफादार मावले कभी रहते थे. जंगल सौंपे जा रहे हैं, जमीनें उनके नाम की जा रही हैं. महाराष्ट्र में वह उद्योगपति जिस भी चीज पर उंगली रखता है, उसे उपहार में दे दी जाती है. फिर भी हम बेपरवाह नजर आते हैं.
मैंने अक्सर कहा है कि मैंने मराठी समाज जैसा असावधान समाज कभी नहीं देखा. ऐसे लोग जो किसी घटना पर जागते हैं और फिर एक-दो दिनों के भीतर सब कुछ भूलकर गहरी नींद में सो जाते हैं. मराठी लोगों को यह नहीं भूलना चाहिए कि उनके आसपास क्या घटित हो रहा है. हमें सही समय पर अपना गुस्सा व्यक्त करना होगा, तभी हमें छत्रपति शिवाजी महाराज का नाम लेने का अधिकार मिलता है!'
राज ठाकरे आखिर कहना क्या चाहते हैं- संजय निरुपम
MNS प्रमुख राज ठाकरे की पोस्ट पर शिवसेना (शिंदे गुट) के नेता संजय निरुपम ने करारा जवाब दिया. निरुपम ने एक्स पर वीडियो मैसेज जारी कर कहा, 'मैंने भी राज ठाकरे की लंबी X पोस्ट को पढ़ने और समझने की कोशिश की. इसे पढ़ने के बाद, मेरे मन में सबसे पहला सवाल यही आया कि आखिर आप कहना क्या चाह रहे हैं?'
संजय निरुपम ने आगे लिखा, 'इस पूरे आयोजन का उत्तर प्रदेश के चुनावों से कोई लेना-देना नहीं है. चुनाव तो आते-जाते रहेंगे, लेकिन छठ पूजा हजारों सालों से मनाई जा रही है. छठ पूजा के खिलाफ उन्होंने जो रुख अपनाया है, वह पूरी तरह से आपत्तिजनक है...'
छठ पूजा के नाम पर राजनीति की जा रही - संजय राउत
इस मुद्दे पर अब शिवसेना (UBT) के सांसद संजय राउत भी मैदान में कूद पड़े हैं. उन्होंने कहा, 'छठ पूजा का कोई विरोध नहीं कर रहा है. विरोध इस बात का है कि छठ पूजा के नाम पर राजनीति की जा रही है. रेलवे का प्लेटफॉर्म लोगों के मार्ग दर्शन के लिए होता है. मुंबई में हमेशा से छठ पूजा होती आई है.'