SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

नया सियासी गठबंधन: सियासी गंगा अब दक्षिण से उत्तर की ओर बहेगी? TVK की अगुवाई से कांग्रेस का कद हुआ छोटा?

फिलहाल देश में अगले 6 महीने कहीं कोई विधानसभा चुनाव नहीं है. लोकसभा चुनावों में भी लंबा वक्त है इसके बावजूद भारत की सियासत में एक नए अलायंस ने जन्म लिया है. इसकी गूंज देशभर में सुनाई दे रही है.

Written By Shwetank Ratnamber
Published: Sep 10, 2026, 05:59 AM IST | Updated: Sep 26, 2026, 02:37 PM IST
Image Credit: दक्षिण भारत की राजनीति में बड़ा बदलाव आया है.
Join

Secular Social Justice Victory Alliance: तमिलनाडु की सियासत में अभिनेता से नेता फिर मुख्यमंत्री बने थलपति विजय ने अपनी पार्टी TVK की अगुवाई में कांग्रेस समेत पांच दलों ने नया गठबंधन बनाया है. साउथ के सियासी दिग्गजों ने इसका नाम ‘सेक्युलर सोशल जस्टिस विक्ट्री अलायंस’ रखा है. ये गठबंधन आगामी विधानसभा उपचुनाव से डेब्यू करने जा रहा है. इस गठजोड़ में कांग्रेस के अलावा एमडीएमके, आईयूएमएल और वीसीके शामिल हैं. 

इस अलायंस को धर्मनिरपेक्षता और सामाजिक न्याय के सिद्धांतों पर आगे बढ़ाने का दावा किया गया है. VCK नेता एसएस बालाजी ने कहा कि नाम से साफ संदेश जाएगा कि गठबंधन BJP और कथित ‘फासीवादी ताकतों’ के खिलाफ रहेगा.

विजय का ‘विक्ट्री’ फॉर्मूला, NDA को टक्कर देने का इरादा? 

नए नवेले गठबंधन की समन्वय बैठक पनैयूर स्थित TVK के मुख्यालय में हुई. बैठक की अध्यक्षता टी. विजय ने की. कांग्रेस, VCK, MDMK और IUML के नेता इस बैठक में शामिल हुए. इस दौरान दक्षिण भारत में गठबंधन की औपचारिक संरचना, कॉमन मिनिमम प्रोग्राम और कामकाज के तरीकों पर चर्चा हुई. हालांकि कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया और CPI के नेता इस बैठक में शामिल नहीं हुए. लेकिन TVK कोटे से मंत्री आधव अर्जुन ने कहा कि दोनों कम्युनिस्ट पार्टियां जल्द ही गठबंधन का हिस्सा बनेंगी.

गठबंधन के बारे में बताते हुए VCK पार्टी के नेता एसएस बालाजी ने बताया कि इसका सुझाव मुख्यमंत्री विजय ने दिया था. उन्होंने कहा कि इस नाम से सभी को साफ संदेश मिलेगा कि गठबंधन BJP और ‘फासीवादी ताकतों’ का विरोध करेगा. बालाजी ने कहा, 'यह आलोचना होती रही है कि TVK, BJP के प्रति नरम रुख रखती है, लेकिन अब तस्वीर पूरी तरह साफ हो जाएगी.'

'विजय फॉर पीएम' से कांग्रेस असहज

मीडिया से बातचीत में तमिलनाडु कांग्रेस कमेटी के प्रमुख माणिक्कम टैगोर ने कहा कि TVK और कांग्रेस के बीच किसी तरह का मतभेद नहीं है. उन्होंने कहा कि सही समय आने पर TVK गठबंधन के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार का समर्थन करेगी.

तमिलनाडु के सियासी गलियारों में कहा जा रहा है कि कांग्रेस हाल के दिनों में ‘विजय फॉर पीएम’ की बढ़ती मांग को लेकर असहज नजर आई है. कांग्रेस कोटे से राज्य  की सरकार में मंत्री राजेश कुमार पहले ही कह चुके हैं कि अगर विजय को भविष्य में प्रधानमंत्री बनाने का अभियान जोर पकड़ता है तो TVK सरकार में कांग्रेस के मंत्रियों का बने रहना मुश्किल हो सकता है.

जब बालाजी से पूछा गया कि क्या TVK विपक्षी दलों के INDIA गठबंधन में शामिल होगी, तो उन्होंने कहा कि ऐसा तब होगा, जब TVK के पास संसद में अपने सदस्य होंगे. गौरतलब है फिलहाल पार्टी का लोकसभा या राज्यसभा में कोई सांसद नहीं है.

कांग्रेस का कद हुआ छोटा?

इससे पहले जब भी देश में गठबंधनों की चर्चा होती थी, बीजेपी, एनडीए को और अन्य का नेतृत्व हमेशा से कांग्रेस पार्टी ही करती थी. एनडीए को काउंटर करने के लिए लाए गए यूपीए में उत्तर से लेकर दक्षिण तक कांग्रेस ने उसकी अगुवाई की. 

इस बार कुछ ऐसा हुआ है कि देश में नया सियासी गठबंधन बना है और कांग्रेस उसकी अगुवाई नहीं कर रही है. तमिलनाडु में डीएमके को सियासी तलाक देकर नया गठजोड़ करने वाली कांग्रेस के इस फैसले से कुछ लोग हैरान हैं. इसलिए देश की सबसे पुरानी पार्टी कांग्रेस का एक नई नवेली पार्टी का नेतृत्व स्वीकार कर लेने का फैसला एक नया सियासी घटनाक्रम माना जा रहा है. 

देश की सियासत की बात करें तो हमेशा उत्तर भारत पर राज करने वाली पार्टी ही केंद्र में सरकार बनाती थी, हालांकि उसमें भी दक्षिण भारत के दल शामिल होते थे. ऐसा इसलिए भी होता आया था क्योंकि लोकसभा की 545 सीटों में अधिकांश उत्तर भारत में हैं. यानी सियासी गंगा, उत्तर से दक्षिण को ओर बहती थी, लेकिन तमिलनाडु से शुरू 'विजय फॉर पीएम' कैंपेन का शोर और कांग्रेस का टीवीके के बैनर तले आना भविष्य के लिए बहुत से सवाल खड़े कर रहा है. सवाल ये भी है कि कहीं देश की सियासी गंगा, उत्तर से दक्षिण के बजाए भविष्य में दक्षिण से उत्तर की ओर तो नहीं बहने जा रही?

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

श्वेतांक रत्नाम्बर वरिष्ठ पत्रकार हैं, जिन्हें टीवी और डिजिटल न्यूज़ मीडिया में 22 वर्षों से ज्यादा का व्यापक अनुभव है. वर्तमान में वे Zee News (Hindi) की डिजिटल टीम में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय (देश-दुनिया) खबरों की डेस्क पर कार्यरत हैं. समसामयिक मुद्दों, वैश्विक राजनीति और कूटनीति पर गहरी समझ रखने वाले श्वेतांक जटिल अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों और राजनीतिक समीकरणों का सटीक विश्लेषण करने के विशेषज्ञ हैं.Zee News डिजिटल से पहले उन्होंने ज़ी मीडिया नेटवर्क के ग्लोबल न्यूज़ चैनल 'WION' के साथ काम किया है. इस दौरान उन्होंने 'Gravitas', 'The West Asia Post' और 'One Africa' जैसे कई प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्राइम-टाइम शोज़ के हिंदी प्रोडक्शन और इंटरप्रिटेशन में अहम भूमिका निभाई. 2004 से शुरू हुए अपने पत्रकारिता करियर में श्वेतांक ने रिपोर्टिंग और एंकरिंग के साथ-साथ चार लोकसभा और कई राज्यों के विधानसभा चुनावों की व्यापक ग्राउंड कवरेज की है.जामिया मिल्लिया इस्लामिया (JMI), नई दिल्ली से जर्नलिज्म में पीजी डिप्लोमा के बाद मास कम्युनिकेशन और पॉलिटिकल साइंस में मास्टर्स डिग्री हासिल करने वाले श्वेतांक लंबे समय से 'प्रेस क्लब ऑफ इंडिया' (PCI) के सम्मानित सदस्य हैं.आप श्वेतांक रत्नाम्बर से सीधे shwetank.ratnamber@india.com पर ईमेल के जरिए संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा आप उनसे एक्स (ट्विटर), मेटा (फेसबुक) और लिंक्डइन पर भी कनेक्ट कर सकते हैं.' 
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES