बाबा सिद्दीकी की हत्या, सलमान-कपिल को धमकी और अब टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग... अब तक किन-किन सेलेब्स पर हुआ हमला?
सलमान खान के बाद अब एक्टर टाइगर श्रॉफ पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग के हमले ने बॉलीवुड में सनसनी फैला दी है. जानिए अब तक किन-किन सितारों पर मंडरा चुका है गैंग का खतरा और क्या है पूरा मामला.
मुंबई से एक सनसनीखेज खबर सामने आ रही है. बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ को निशाना बनाकर फायरिंग की गई है. जानकारी के मुताबिक, यह घटना जुहू के पुष्पा पार्क इलाके में हुई. हमले में टाइगर श्रॉफ के ड्राइवर और एक लोकल ऑटो-रिक्शा चालक घायल हो गए हैं. दोनों घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है. शुरुआत में टाइगर श्रॉफ के भी घायल होने की खबर फैली थी, लेकिन मुंबई पुलिस ने साफ कर दिया है कि वह पूरी तरह सुरक्षित हैं.
इस जानलेवा हमले की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली है. लॉरेंस गैंग से जुड़े गैंगस्टर अनिल पंडित ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर इस घटना को अंजाम देने की बात कही है. फिलहाल, मुंबई पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए इलाके की घेराबंदी कर ली है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके.
पहले भी हुए हैं बॉलीवुड सेलेब्स पर हमले
ये कोई पहला मौका नहीं है जब बॉलीवुड सेलेब्स पर हमला हुआ हो. इसके पहले भी ऐसी कई वारदातें हो चुकी हैं और कुछ सेलेब्स ने तो अपनी जान भी गंवाई है. आइए आपको बताते हैं कुछ ऐसे ही बॉलीवुड सेलेब्स के बारे में जिनके ऊपर पहले भी फायरिंग हो चुकी है.
1 फरवरी 2026 को रोहित शेट्टी के घर पर हमला
एक फरवरी 2026 को फिल्ममेकर रोहित शेट्टी के जुहू स्थित बंगले के बाहर फायरिंग हुई थी. उनके घर के बाहर हमलावरों ने लगातार 5 राउंड फायरिंग की थी. इस मामले में पुलिस ने चार्जशीट दायर की है.
टीवी कॉमेडियन कपिल शर्मा के रेस्टोरेंट पर फायरिंग
मशहूर कॉमेडियन कपिल शर्मा के कनाडा में स्थित कैफे के बाहर भी साल 2025 में जुलाई, अगस्त और अक्टूबर के महीनों में 3 बार फायरिंग की घटनाएं सामने आई. वहीं इसके बाद इस साल भी मई में कपिल शर्मा के दूसरे कैफे के बाहर फायरिंग की खबरें आई थीं.
सलमान खान के बांद्रा वाले घर पर फायरिंग
इसके पहले 14 अप्रैल 2024 को सलमान खान के घर के बाहर फायरिंग हुई थी. इस हमले में गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर बाइक सवार दो युवकों ने बालकनी की ओर एक के बाद एक करके कई बार फायरिंग की थी. बाद में इस हमले का कनेक्शन लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जोड़ा गया. इसके पहले भी सलमान खान को कई बार जान से मारने की धमकियां भी मिल चुकी हैं.
बाबा सिद्दीकी पर हमला, हुई मौत
एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी का बॉलीवुड से बहुत ही बेहतरीन कनेक्शन थे. 12 अक्टूबर 2024 को बाबा सिद्दीकी को भी एक हमले में मारे गए थे. तीन बाइक सवार हमलावरों ने बाबा के दफ्तर के बाहर गोलियां चलाई थीं. इस हमले के बाद बाबा सिद्दीकी को देर रात मुंबई के बांद्रा ईस्ट में कई राउंड फायरिंग की गई. इसके बाद उन्हें खून से लथपथ बाबा को गंभीर स्थिति में लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया था. जहां डॉक्टर्स ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था.
यह भी पढ़ेंः 'सलमान दाऊद का कुत्ता हो रखा है, पूरे परिवार का कर देंगे नाश'... टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के बाद सलमान खान को खुली धमकी
अभिनेत्री दिशा पाटनी के घर फायरिंग
इसके पहले अगस्त 2025 में दिशा पाटनी के उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में स्थित घर के बाहर फायरिंग की घटना हुई थी. दिशा के घर के बाहर हुई फायरिंग की जिम्मेदारी रोहित गोदारा और गोल्डी बराड़ गैंग ने ली थी.
राकेश रोशन को लगी थीं 2 गोलियां, फिर भी...
साल 2000 में आई फिल्म 'कहो ना... प्यार है' की जबरदस्त सफलता के बाद अंडरवर्ल्ड ने राकेश रोशन से एक्सटॉर्शन मनी की मांग की थी. जब राकेश रोशन ने पैसे देने से इनकार किए थे तब 21 जनवरी 2000 को उन पर उनके ऑफिस के बाहर उनकी कार पर गोलियां चलाई गई थीं. इस हमले में राकेश रोशन को दो गोलियां लगी थीं इसके बावजूद वो खुद अपनी कार ड्राइव कर हॉस्पिटल पहुंचे और मौत को मात दी.
गुलशन कुमार की दिन दहाड़े हुई थी हत्या
12 अगस्त 1997 के दिन टी-सीरीज (T-Series) कैसेट्स के संस्थापक और 'कैसेट किंग' के नाम से मशहूर गुलशन कुमार की मुंबई के एक मंदिर के बाहर बेहद बेरहमी से हत्या कर दी गई थी. जब वे पूजा करके बाहर निकल रहे थे, तब हमलावरों ने उन पर अंधाधुंध 16 गोलियां बरसा दीं. इस दिल दहला देने वाली घटना ने न केवल पूरे देश को स्तब्ध कर दिया, बल्कि यह भी साफ कर दिया कि 90 के दशक में हिंदी सिनेमा पर अंडरवर्ल्ड का खौफनाक साया कितना गहरा था.
यह भी पढ़ेंः कौन है अनिल पंडित? जिसने टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग की ली जिम्मेदारी; बोला- बहुत समझाया...