जम्मू-कश्मीर के सांबा में एक संदिग्ध कबूतर पकड़ा गया है. ये कोई आम कबूतर नहीं था, उसके पैर में अंगूठी के साथ उर्दू की एक चिट्ठी और पाकिस्तानी रुपये बंधे मिले हैं. इस मामले की गंभीरता को देखते हुए पूरे इलाके में सुरक्षा सख्त कर दी गई है और आने-जाने वालों की कड़ी निगरानी हो रही है. अब इस बात की जांच की जा रही है कि आखिर कबूतर कहां से आया और उसके साथ मिले नोट और पाकिस्तानी करेंसी का क्या उद्देश्य था.
जानकारी के मुताबिक, इस कबूतर को सबसे पहले सांबा सेक्टर के सीमावर्ती गांव में काली माता मंदिर के पास देखा गया था. उसके पैर में अंगूठी बंधी थी. बस यहीं से शक बढ़ा. स्थानीय लोगों ने उसे पकड़ लिया. उसकी जांच करने पर उसके एक मुड़ी हुई चिट्ठी और पाकिस्तानी मुद्रा के कुछ नोट भी मिले हैं.
इसके बाद गांव वालों ने इस मामले की जानकारी पुलिस को दी. मौके पर पहुंची पुलिस अधिकारियों ने कबूतर समेत बरामद अंगूठी, चिट्ठी और करेंसी को अपने कब्जे में ले लिया है. कबूतर ने पैर में कोड वाला एक छल्ला (अंगूठी) पहनी हुई थी.
ये कोई पहला मामला नहीं है, इससे पहले भी जम्मू-कश्मीर और पंजाब के सीमावर्ती इलाकों में कबूतरों के जरिए संदेश भेजने और तस्करी से जुड़ी घटनाएं सामने आती रही हैं.
हाल ही में जम्मू के खौड़ इलाके (पलनवाला) में हवाई जहाज की शक्ल का एक संदिग्ध गुब्बारा मिला था, जिस पर पाकिस्तानी एयरलाइन PIA का लोगो बना हुआ था. पुलिस ने के अनुसार,महावीर बस्ती, घौ मनहासन निवासी एक शख्स ने सूचना दी कि बैंक्वेट हॉल के पास जहाजनुमा गुब्बारा मिला है, जिस पर पीआइए लिखा हुआ है. यह इलाका पुलिस चौकी सांदवा के अधिकार क्षेत्र में आता है. गुब्बारे की जांच भी की जा रही है. पहले गुब्बारा और अब संदिग्ध कबूतर मिलने के बाद जांच एसेंजियां अलर्ट पर हैं.