'चुप नहीं हुए तो 1 घंटे तक बोलूंगा...', रामलीला मैदान में शोर कर रहे कार्यकर्ताओं को खरगे ने दी वार्निंग, छूट गई सबकी हंसी
दिल्ली के रामलीला मैदान में इंडी गठबंधन की प्रोटेस्ट रैली में स्पीच देते हुए मल्लिकार्जुन खरगे शोर-शराबे से परेशान हो गए. इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं को शांत करने के लिए ऐसा चुटीला तरीका अपनाया कि लोग सहसा मुस्करा उठे.
इंडी गठबंधन की ओर से दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित 'चलो दिल्ली' रैली में कई ऐसे चटपटे मामले सामने आए, जिसे देखकर लोग मुस्करा उठे. मंच पर भाषण के दौरान जब लोग शोर-शराबा कर रहे थे तो उन्हें चुप कराने के लिए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने ऐसा नुस्खा अपनाया कि लोगों की हंसी छूट गई. भाषण दे रहे खरगे ने कहा कि अगर लोगों ने उनकी बात आराम से सुनी तो वे अपनी स्पीच 5 मिनट में खत्म कर देंगे वरना वे एक घंटे तक भाषण देते रहेंगे. उनके ऐसा कहते ही सामने शांति छा गई. ऐसा महसूस हुआ, जैसे लोग खरगे का इशारा समझ गए हैं और वे उन्हें ज्यादा न सुनना चाहते हों. लोगों के शांत होने पर खरगे ने अपना भाषणा पूरा किया.
महिलाओं-दलितों के वोट छीनने की कोशिश- खरगे
मोदी सरकार पर हमला बोलते हुए खरगे ने कहा कि महिलाओं, दलितों, अल्पसंख्यकों और युवाओं के वोट छीनने की कोशिश की जा रही है. इस अन्याय के खिलाफ कांग्रेस और दूसरे विपक्षी दल रामलीला मैदान में इकट्ठा हुए हैं. वे इस अन्याय के खिलाफ आखिर तक लड़ेंगे और जनता को उसका अधिकार दिलाकर ही रहेंगे.
'ज्ञानेश कुमार को पद से हटना होगा'
देश के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर बरसते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि सरकार ने वोट चोरी की है और ज्ञानेश कुमार ने इस काम में उसका साथ दिया है. उन्होंने आरोप लगाया कि पीएम मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ज्ञानेश को बचाने की कोशिश कर रहे हैं लेकिन वे इसमें सफल नहीं हो पाएंगे. उन्हें अपने पद से हटना ही होगा.
ये भी पढ़ें- कनॉट प्लेस की दुकानें बंद 'कराने' पर बिफरे राहुल गांधी, कहा- BJP ने जबरन शॉप बंदी करके कारोबारियों का किया नुकसान
खरगे ने कहा कि सरकार ताकत के बल पर विपक्ष को दबाने की कोशिश कर रही है लेकिन कांग्रेस इससे कभी नहीं डरेगी और वोट चोरी के खिलाप अपनी आवाज उठाती रहेगी. उन्होंने आरोप लगाया कि केवल केंद्र ही नहीं बल्कि यूपी, बिहार, बंगाल और महाराष्ट्र में वोट चोरी करके बनाई गई सरकारें चल रही हैं. इन राज्यों में जनता के साथ छल किया गया है और उन्हें उनका हक मिलना चाहिए.
'मोदी हटाओ, लोकतंत्र बचाओ'- खरगे ने लगाया नारा
रैली में खरगे ने नारा लगाया, 'मोदी हटाओ, लोकतंत्र बचाओ'. उन्होंने आरोप लगाया कि पीएम मोदी विपक्ष को डराने के लिए ईडी और सीबीआई जैसे एजेंसियों का इस्तेमाल कर रही है. लेकिन देश के लोगों ने इसके खिलाफ खड़े होने का फैसला कर लिया है. वे अब अपना हक पाने तक चैन से बैठने वाले नहीं हैं.