कैम्ब्रिज का वो रेस्टोरेंट और राजीव गांधी का वो अंदाज... X डेब्यू पर सोनिया गांधी ने याद किए मोहब्बत के दिन
सोनिया गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर अपनी पहली पोस्ट में पति राजीव गांधी के साथ कैम्ब्रिज के दिनों की पुरानी यादों को साझा किया. जानिए इस ऐतिहासिक और भावनात्मक पोस्ट में क्या कुछ खास रहा.
कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने शनिवार (24th अक्टूबर) को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपना पहला पोस्ट साझा किया. इसके साथ उन्होंने अपनी आने वाली किताब Belonging: A Journey of Love की झलक भी दिखाई. किताब 10 नवंबर को लॉन्च होगी. इसमें सोनिया गांधी ने अपनी जिंदगी के निजी अनुभवों, राजीव गांधी से मुलाकात और भारत आने के बाद के सफर को शामिल किया है. करीब दो मिनट के वीडियो में सोनिया गांधी ने बताया कि उनकी और राजीव गांधी की पहली मुलाकात इंग्लैंड के कैम्ब्रिज स्थित वर्सिटी रेस्टोरेंट में हुई थी.
यह एक ग्रीक रेस्टोरेंट था, जहां उस समय कई यूरोपीय और भारतीय छात्र खाना खाने आया करते थे. सोनिया गांधी ने बताया कि इंग्लैंड में रहने के दौरान उन्हें इतालवी खाना पसंद था, लेकिन उस समय वहां आज की तरह ज्यादा रेस्टोरेंट नहीं थे. वह अपनी पसंद का खाना तलाश रही थीं, तभी उन्हें इस रेस्टोरेंट के बारे में पता चला. यहीं उनकी मुलाकात राजीव गांधी से हुई. वीडियो में दोनों की पुरानी तस्वीरों के साथ उस रेस्टोरेंट की तस्वीरें भी दिखाई गईं, जहां से उनकी प्रेम कहानी शुरू हुई थी.
पहली नजर में सोनिया को पसंद आ गए थे राजीव
सोनिया गांधी ने राजीव गांधी से पहली मुलाकात को याद करते हुए कहा कि उन्हें लगभग तुरंत महसूस हो गया था कि वह उनके साथ अपनी जिंदगी बिताना चाहेंगी. बाद में उन्हें पता चला कि राजीव गांधी भी उनके बारे में ऐसा ही महसूस करते थे. उन्होंने बताया कि एक साझा दोस्त ने दोनों का परिचय कराया था. इसके बाद उनकी दोस्ती हुई. वे दूसरे छात्रों के साथ पार्टियों में जाने लगे और आसपास की जगहों पर घूमने भी जाते थे. सोनिया गांधी ने वैलेंटाइन पार्टी का भी जिक्र किया, जिसमें कई छात्र शामिल हुए थे.
यह भी पढ़ेंः Instagram पर सोनिया गांधी: वीडियो पोस्ट में दिखाई अपनी किताब Belonging: A Journey of Love की पहली झलक
सोनिया ने बताया राजीव गांधी की किस अदा ने जीता था दिल
सोनिया गांधी के मुताबिक, राजीव गांधी का शांत और सौम्य स्वभाव उन्हें सबसे ज्यादा प्रभावित करता था. उन्होंने कहा कि राजीव न सिर्फ अच्छे दिखते थे, बल्कि उनके व्यक्तित्व में एक खास तरह की विनम्रता भी थी. यही बात उनकी यादों में हमेशा के लिए दर्ज हो गई. सोनिया गांधी और राजीव गांधी की शादी 25 फरवरी 1968 को हुई थी. राजीव गांधी बाद में देश के प्रधानमंत्री बने. 1991 में उनकी हत्या कर दी गई थी.
किताब में बचपन से लेकर भारत आने तक का सफर
Belonging: A Journey of Love सोनिया गांधी की पहली किताब है. इसमें युद्ध के बाद के इटली में बीते उनके बचपन, राजीव गांधी के साथ प्रेम संबंध, भारत आने और जिंदगी में आए मुश्किल दौर का जिक्र है. किताब में उन निजी अनुभवों को भी जगह दी गई है, जिन्होंने सोनिया गांधी के जीवन और भारत के साथ उनके रिश्ते को आकार दिया. इसका शीर्षक भी अपनेपन और उस जगह को खोजने की कहानी की ओर इशारा करता है, जिसे इंसान अपना घर मान सके.
Instagram पर भी साझा की थी किताब की झलक
X पर आने से दो दिन पहले सोनिया गांधी ने गुरुवार को Instagram पर अपना अकाउंट शुरू किया था. वहां भी उन्होंने एक वीडियो के जरिए किताब की पहली झलक साझा की थी. अपने पहले Instagram पोस्ट में उन्होंने पाठकों के साथ किताब का अंश साझा करने पर खुशी जताई. उन्होंने इसे प्यार, कर्तव्य, बिछड़ने के दर्द और अपनेपन की तलाश से जुड़ी कहानी बताया. सोनिया गांधी ने उम्मीद जताई कि पाठक इस सफर में उनके साथ जुड़ेंगे.
यह भी पढ़ेंः रिहान वाड्रा की फोटो प्रदर्शनी पर क्यों भड़के गौरव वल्लभ: राहुल-सोनिया गांधी से मांगा जवाब