'मेरे फादर दिल्ली में किताब बेचते थे...', पिता से किया कौन-सा वादा स्मृति ईरानी ने 50 साल की उम्र में किया पूरा?
आमतौर पर हम किसी एक्टर, सेलिब्रिटी या किसी बड़े नेता को देखते हैं, तो लगता है कि शायद उनके लिए सफलता का अर्थ कोई महल खरीदना या बैंक में करोड़ों का बैलेंस होगा. हालांकि, पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने इसे इससे कहीं ज्यादा अलग बताया है.
Smriti Irani: पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा की नेशनल जनरल सेक्रेटरी स्मृति ईरानी ने अपने बचपन के दिनों को याद किया है. उन्होंने टेलीविजन से अपने पॉलिटिकल करियर के बीच अपनी सफलता का क्रेडिट किसी और चीज को दिया है. उन्होंने दिल्ली में किताब बेचने वाले अपने पिता से जुड़ा एक किस्सा भी शेयर किया है.
स्मृति ईरानी ने एक कार्यक्रम में बताया कि उनके जीवन की सबसे बड़ी कामयाबी का पॉलिटिक्स, फेम या प्रोफेशनल सक्सेस से कोई लेना-देना नहीं है, बल्कि उन्होंने इसे उस वादे को बताया, जो उन्होंने अपने पिता से बचपन में केवल 7 साल की उम्र में किया था. उन्होंने बताया कि वह इस वादे को 50 साल की उम्र में पूरा कर पाईं.
स्मृति ईरानी ने बताया कि उनके पिता दिल्ली के धौला कुआं में आर्मी क्लब के सामने बस स्टॉप पर चादर बिछाकर हिंदी किताबें बेचते थे. वह आनंद निकेतन और शांति निकेतन वाले इलाकों में भी अंग्रेजी की किताबें बेचते थे. उनके पिता ने आरके पुरम के सेक्टर 6 में एक कबाड़ी से सेकंड हैंड और एम्बेसी से फेंकी हुई टाइम मैगजीन खरीदी थीं और उन्हें फुटपाथ पर दोबारा बेचा.
सेकेंड हैंड मैगजीन बेचते थे पिता
स्मृति ईरानी ने कहा कि मैं तकरीबन 7 साल की थी और अपने पिता के काम के बारे में जानने को उत्सुक रहती थीं. एक बार उन्होंने पिता से पूछा कि वह धौला कुआं बस स्टॉप पर हिंदी किताबें और दूसरे मोहल्लों में इंग्लिश किताबें क्यों बेचते हैं. इस पर उनके पिता ने बताया कि शाम को घर लौटने वाले मजदूर सस्ती हिंदी किताबें खरीदते हैं, जबकि अमीर परिवारों के घरों में काम करने वाले लोग इंग्लिश किताबें खरीदते हैं या तो इसलिए कि उन्हें वह भाषा पढ़ना पसंद है या वे उसे सीखना चाहते हैं. स्मृति ईरानी ने कहा,' वे जानना चाहते थे कि जियोपॉलिटिक्स वगैरह में क्या हो रहा है, इसीलिए हमने सेकंड हैंड टाइम मैगजीन भी बेचीं.'
दशकों बाद पूरी हुई इच्छा
सालों बाद न्यूयॉर्क में 2025 के 'TIME100 Next' इवेंट में स्मृति ईरानी ने अपने बचपन और अपने पिता के किताबें बेचने के काम को याद करते हुए अपना परिचय दिया. उन्होंने कहा,' मैं उस बुकसेलर की बेटी हूं, जो सेकंड हैंड टाइम मैगजीन बेचता था.' स्मृति मिलिट्री क्लब में आती गाड़ियों को देखकर सोचती थीं कि क्या उनका कभी उस सड़क पर घर होगा. उन्होंने कारों, झंडों और सैल्यूट करते लोगों को देखकर एक दिन अपने पिता से पूछा कि क्या होगा अगर किसी दिन कोई हमें भी ऐसे सैल्यूट करे? स्मृति ईरानी की यह बचपन की इच्छा दशकों बाद पूरी हुई. उन्होंने साल 2024 में 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी' के दूसरे सीजन में एक्टिंग करने के बाद उसी गली में एक घर खरीदा, जहां उनके पिता किताबें बेचा करते थे.
50 की उम्र में पूरा किया वादा
ईरानी ने कहा,' जब घर बनकर तैयार हो गया, तो मैंने पहले किसी और को अंदर कदम नहीं रखने दिया. मैंने अपने 75 साल के पिता को बुलाया, उन्हें गेट पर खड़ा किया और सड़क की ओर इशारा करते हुए कहा कि मैंने तुमसे 7 साल की उम्र में यह वादा किया था और 50 की उम्र में यह पूरा हुआ.' ईरानी के लिए यह पल केवल घर खरीदने से कहीं ज्यादा उस सपने का पूरा होना था, जिसकी कल्पना उन्होंने बचपन में अपने पिता के पास फुटपाथ पर बैठकर की थी. उन्होंने कहा,' आप मुझसे जीवन में सफलता के बारे में पूछ रहे थे अगर मेरे लिए कोई एक सबसे बड़ी उपलब्धि है, तो वह यही है.'
ईरानी के लिए क्या है सफलता?
ईरानी ने कहा,' क्योंकि मैं ऐसे आर्थिक बैकग्राउंड से आई थी, जहा अपना घर होना या इतना बैंक बैलेंस होना कि अगर अगले महीने सैलरी नहीं आई, तो इंसान को हार्ट अटैक न आए यही बात मायने रखती थी.' मीडिया और राजनीति में अपने 30 साल के करियर के बारे में बताते हुए ईरानी ने कहा कि मेरे लिए बस एक मौका मिलना ही सफलता है. उन्होंने कहा,' सच तो यह है कि मेरे पास घर वापस जाने और एक ऐसे परिवार के पास जाने का संतुलन था, जिसे इस बात की कोई परवाह नहीं थी कि मैं घर की चार दीवारों के बाहर क्या हूं, यही मेरी सफलता थी.'