चेहरा गोरा करने वाली क्रीम किडनी और नर्वस सिस्टम को कर सकती है खराब, जानें फेयरनेस क्रीम का 'काला सच'
फेयरनेस क्रीम में मौजूद मरकरी और स्टेरॉयड और मौजूद केमिकल स्किन के साथ-साथ किडनी को नुकसान पहुंचा सकते हैं. आइए जानते हैं फेयनेस क्रीम कैसे आपकी सेहत के लिए खतरनाक हो सकती है.
गोरा रंग पाने के लिए लोग क्या कुछ नहीं करते हैं. खासकर महिलाएं गोरी रंगत के लिए सालों-साल चेहरे पर फेयरनेस क्रीम का इस्तेमाल करती हैं. हाल ही में पाकिस्तान में बनी दो स्किन व्हाइटनिंग क्रीम (Goree Beauty Cream, Chandni Whitening Cream) को भारत में बैन कर दिया गया है. केंद्रीय ड्रग रेगुलेटर, केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन (CDSCO) की जांच में मिला कि इन क्रीम में पारा यानी मरकरी की मात्रा ज्यादा है जो कि किडनी समेत नर्वस सिस्टम के लिए खतरनाक है.
क्या आप जानते हैं रातों-रात रंगत निखारने का दावा करने वाली ये क्रीम आपके चेहरे के साथ-साथ सेहत के लिए भी खतरनाक हो सकती है. आइए माता चानन देवी हॉस्पिटल जनकपुरी की डर्मेटोलॉजिस्ट कॉस्मेटोलॉजिस्ट और सीनियर कंसलटेंट डॉक्टर कविता दीपक चाबलानी से जानते हैं फेयरनेस क्रीम में ऐसे कौन से केमिकल होते हैं, जो कि शरीर के अंगों को नुकसान पहुंचा सकती हैं.
पारा यानी मरकरी का इस्तेमाल
डॉक्टर कविता के अनुसार फेयरनेस क्रीम में पारा या हाइड्रोक्विनोन मिलाया जाता है. ज्यादातर गैर-कानूनी क्रीम में मरकरी ज्यादा मात्रा में मिलाई जाती है. ऐसे में इन क्रीम का लंबे समय तक इस्तेमाल किया जाए तो क्रीम में मौजूद पारा धीरे-धीरे स्किन के द्वारा शरीर के अंदर पहुंच सकता है. जिसके बाद यह खून के जरिए शरीर के अन्य अंगों तक पहुंच जाता है.
किडनी और नर्वस सिस्टम पर पड़ता है असर
डॉक्टर के मुताबिक फेयरनेस क्रीम में मौजूद खतरनाक केमिकल का सबसे ज्यादा असर किडनी और नर्वस सिस्टम पर पड़ता है. शरीर के जहरीले कणों को शरीर से बाहर निकालने के लिए लिवर पर ज्यादा दबाव पड़ता है. समय समय तक क्रीम का इस्तेमाल करने से हार्ट हेल्थ पर भी बुरा असर पड़ सकता है.
होते हैं ये खतरनाक केमिकल
मार्केट में कई सस्ती फेयरनेस क्रीम मौजूद हैं जोकि गोरा करने का दावा करते हैं. ऐसे में लोग गोरा होने की चाहत में क्रीम का इस्तेमाल करने लगते हैं. लंबे समय तक फेयरनेस क्रीम का इस्तेमाल करने से चेहरे पर चमक तो आती है लेकिन इसका सेहत पर काफी गंभीर असर पड़ता है. सस्ती फेयरनेस क्रीम में तेज स्टेरॉयड, हाइड्रोक्विनोन और मरकरी जैसे खतरनाक केमिकल ज्यादा मात्रा में पाए जाते हैं.
स्किन हो जाती है पतली
शुरुआत में इन क्रीम को लगाने से चेहरे की रंगत में अंतर नजर आता है. चेहरे का रंग गोरा नजर आने लगता है, लेकिन लंबे समय तक इन क्रीम को बार-बार लगाने से स्किन पतली होने लगती है. इसके अलावा एक्ने, पिग्मेंटेशन, इंफेक्शन की समस्या होने लगती है. मरकरी शरीर के दूसरे अंगों को नुकसान पहुंचाती हैं.