App

महाराष्ट्र में बिखर गया INDIA ब्लॉक? उद्धव-आदित्य की तस्वीर पर पार्टी ने शरद गुट को दी वॉर्निंग

महाराष्ट्र विधान परिषद की 5 सीटों के लिए होने वाले चुनाव को महा विकास अघाड़ी में शामिल शिवसेना (ठाकरे गुट) और NCP (शरद पवार गुट) के बीच जबरदस्त टकराव देखने को मिल रहा है. शिवसेना (ठाकरे गुट) के नेता सुनील राउत ने शरद गुट पर उद्धव ठाकरे और आदित्य ठाकरे की तस्वीरें चुराने का आरोप लगाया है.

महाराष्ट्र में बिखर गया INDIA ब्लॉक? उद्धव-आदित्य की तस्वीर पर पार्टी ने शरद गुट को दी वॉर्निंग
Image Credit: शरद पवार-उद्धव ठाकरे (File Photo- Zee Media)

महाराष्ट्र विधान परिषद की 5 सीटों के लिए होने वाले चुनाव को लेकर महा विकास अघाड़ी (MVA) के अंदर जबरदस्त खींचतान देखने को मिल रही है. विपक्षी एकता को ठेंगा दिखाते हुए शिवसेना (ठाकरे गुट) ने अब NCP (शरद पवार गुट) को चेतावनी दी है कि अगर उद्धव ठाकरे और आदित्य ठाकरे की तस्वीरों का इस्तेमाल किया गया, तो वे कानूनी कार्रवाई करेंगे. शिवसेना (ठाकरे गुट) के नेता सुनील राउत ने शरद गुट पर तीखा हमला बोलते हुए जयंत पाटिल और उनकी पार्टी पर तस्वीरें चुराने का आरोप लगाया. सुनील राउत ने आरोप लगाया कि पुणे स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में शरद गुट का उम्मीदवार उद्धव ठाकरे और आदित्य ठाकरे की तस्वीरों का इस्तेमाल करके अपने लिए वोट मांग रहा है. राउत ने शरद गुट को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर उनके नेता उद्धव ठाकरे और आदित्य ठाकरे की तस्वीरों का इस्तेमाल करना नहीं बंद किया गया, तो फिर पार्टी उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेगी. सुनील राउत के इस बयान से महाविकास अघाड़ी (MVA) के सहयोगियों के बीच विवाद पैदा हो सकता है.

23 अक्टूबर को होगा 5 सीटों पर चुनाव

बता दें कि महाराष्ट्र में विधान परिषद की 5 सीटों पर आगामी 23 अक्टूबर को चुनाव होगा. चुनावों को देखते हुए सियासी पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया है. महाविकास अघाड़ी की तरह महायुति गठबंधन में भी तनातनी देखने को मिल रही है. पुणे स्नातक और शिक्षक सीट के लिए बीजेपी और एनसीपी के बीच जबरदस्त घमासान देखने को मिला था. वहीं, नासिक और छत्रपति संभाजीनगर-जालना क्षेत्र की सीटों पर बीजेपी और शिवसेना (शिंदे गुट) के बीच तालमेल का अभाव दिखा. हालांकि, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सभी सीटों पर जीत हासिल करने का दावा किया है. 

महायुति ने सभी सीटें जीतने का दावा किया

उन्होंने कहा कि महायुति पूरी तरह से एकजुट है और तीनों दलों के कार्यकर्ता मिलकर सभी सीटों को जिताएंगे. सीएम फडणवीस ने दावा किया कि मुझे पूरा भरोसा है कि हम सभी पांचों सीटों पर जीत हासिल करेंगे. उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने भी सभी पांचों सीटों पर महायुति गठबंधन के उम्मीदवारों के जीतने का दावा किया है. उन्होंने कहा कि सत्ताधारी गठबंधन में कोई मनमुटाव नहीं है. सभी लोग मिलकर चुनाव लड़ रहे हैं. शिंदे ने गुरुवार को पत्रकारों को बताया कि पुणे डिवीजन के शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में शिवसेना ने निर्दलीय उम्मीदवार सचिन सनप को अपना समर्थन दिया है.

किन सीटों पर हो रहे हैं चुनाव?

महाराष्ट्र विधान परिषद की पांच सीटों के लिए द्विवार्षिक चुनाव हो रहे हैं. जिन निर्वाचन क्षेत्रों में चुनाव हो रहे हैं, उनमें औरंगाबाद (संभाजी नगर), पुणे और नागपुर डिवीजन की तीन ग्रेजुएट सीटें और अमरावती और पुणे डिवीजन की दो टीचर सीटें शामिल हैं. स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों की बात करें तो औरंगाबाद डिवीजन ग्रेजुएट्स सीट, पुणे डिवीजन ग्रेजुएट्स सीट, नागपुर डिवीजन ग्रेजुएट्स सीट शामिल है. वहीं, शिक्षक निर्वाचन सीट में अमरावती डिवीजन टीचर्स और पुणे डिवीजन टीचर्स सीट शामिल हैं. 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

K. Raj Mishra

K. Raj Mishra

कर्मराज मिश्रा ज़ी न्यूज (डिजिटल) टीम में बतौर चीफ सब एडिटर कार्यरत हैं. वे यहां देश-विदेश की राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लिखते हैं. कानपुर यूनीवर्सिटी से पत्रकारिता में मास्टर की डिग्री हासिल करके IBN-7 न्यूज चैनल से इंटर्नशिप की. इसके बाद खबर फास्ट, नेशन लाइव और साधना न्यूज न्यूज चैनलों में काम करने के बाद डिजिटल का रुख किया और 2017 से 2020 तक हिंदुस्थान समाचार न्यूज एजेंसी में बतौर सीनियर सब एडिटर काम किया. इसके बाद News Nation, India Ahead के बाद वर्तमान में Z Media का हिस्सा हैं. मीडिया में 10 साल के कार्यकाल के दौरान यूपी, बिहार, छत्तीसगढ़ और दिल्ली विधानसभा चुनावों के अलावा 2019 और 2024 का लोकसभा चुनाव कवर किया है.
Read More