भूटान की झील टूटने से उफान पर संकोश नदी, बंगाल में 12 हजार लोग सुरक्षित ठिकानों पर शिफ्ट; हाई अलर्ट पर असम!
भूटान की झील टूटने से संकोश नदी उफान पर है. हालात से निपटने के लिए बंगाल में 12 हजार लोग सुरक्षित ठिकानों पर शिफ्ट किए हैं. वहीं असम भी हाई अलर्ट पर है.
भूटान में ग्लेशियर झील फटने से भारत में भी हड़कंप मचा है. लोगों को जल प्रलय से बचाने के लिए बंगाल में 12 हजार लोग सुरक्षित ठिकानों पर शिफ्ट किए गए हैं. इसके साथ ही असम भी हाई अलर्ट पर चल रहा है. पुलिस- प्रशासन के अधिकारी दोनों राज्यों में हालात पर नजर रखे हुए हैं. किसी भी परिस्थिति से निपटने के लिए बचाव-राहत टीमों को भी तैयार रखा गया है.
बंगाल में 12 हजार लोगों को सुरक्षित इलाकों में पहुंचाया गया
रिपोर्ट के मुताबिक, भूटान में ग्लेशियर झील फटने से उसका पानी तेजी के साथ संकोश नदी में आ रहा है. इस वजह से संकोश रिवर का जलस्तर काफी बढ़ गया है. पश्चिम बंगाल सरकार ने अपने लोगों को किसी भी तरह की अनहोनी से बचाने के लिए बड़ा कदम उठाया है. उसने अलीपुरद्वार में इस नदी किनारे बसे करीब 12 हजार लोगों को सुरक्षित ठिकानों पर शिफ्ट कर दिया है.
किसी भी तरह के हालात से निपटने के लिए अलीपुरद्वार में NDRF के जवानों को तैनात किया गया है. उनके साथ ही, राज्य आपदा मोचन बल (SDRF), सिविल डिफेंस और स्थानीय प्रशासन की टीमों को भी अलर्ट पर रखा गया है.
भूटान सरकार के साथ नदी जलस्तर पर रखी जा रही निगरानी
बंगाल सरकार के अधिकारियों के मुताबिक, भूटान सरकार के साथ तालमेल करके संकोश नदी के जलस्तर और उसके बहाव पर लगातार निगरानी रखी जा रही है. अलीपुरद्वार के कुमारग्राम इलाके में अभी तक किसी बड़े नुकसान की जानकारी नहीं है.
इसके साथ ही, भूटान से निकलकर जलपाईगुड़ी जिले से होकर बहने वाली बाकी नदियों के जलस्तर में भी खास बढ़ोतरी नहीं देखी गई है. इसके बावजूद लाउडस्पीकर के जरिए अनाउंसमेंट करके नदियों के किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने और सेफ इलाकों पर जाने की सलाह दी जा रही है.
नदियों से दूर रहें लोग- मंत्री निशीथ प्रमाणिक
पश्चिम बंगाल के जल संसाधन मंत्री निशीथ प्रमाणिक ने भी एडवाइजरी जारी कर लोगों से नदियों से दूर रहने की अपील की है. उन्होंने कहा कि किसी भी तरह के हालात से निपटने के लिए रेडी है और बचाव कार्यों के लिए SDRF व NDRF टीमें मौके पर जमी हैं.
असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने भी हालात को देखते हुए अधिकारियों से पूरी तरह अलर्ट रहने का निर्देश दिया है. सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर पोस्ट लिखकर सरमा ने बताया, भूटान में झील फटने के बाद निचले इलाके धुबरी और कोकराझार जिलों को अलर्ट जारी किया गया है. हमारी टीमें NDRF और अन्य एजेंसियों के संपर्क में हैं. निवासियों से अनुरोध है कि वे सतर्क रहें और स्थानीय प्रशासन का सहयोग करें.
गुरुवार को भूटान में फटी थी ग्लेशियर झील
बताते चलें कि भारतीय दूतावास ने गुरुवार को जानकारी दी थी कि भूटान के पुनात्सांगछु नदी बेसिन में शिंटाफू झील के फटने की सूचना दी थी. इसके बाद भारत के जल शक्ति मंत्रालय ने असम और पश्चिम बंगाल के लिए स्पेशल एडवाइजरी जारी की. जिसके बाद से दोनों राज्य बेहद सतर्कता बरत रहे हैं.