‘मतभेद चाहे जितने हों, 140 करोड़ भारतीय एक ही कुटुंब का हिस्सा’... मोहन भागवत ने बताया अब संघ का क्या है अगला मिशन?
आरएसएस के 100 साल पूरे होने के मौके पर मोहन भागवत ने संघ के अगले दौर की दिशा पर बात की. उन्होंने 140 करोड़ भारतीयों के समाज को एक परिवार बताते हुए राष्ट्रीय एकता, सामाजिक जिम्मेदारी और देश को वैश्विक नेतृत्व की ओर ले जाने पर जोर दिया. भागवत के संदेश में शताब्दी वर्ष के बाद संघ की भूमिका और विस्तार की झलक स्पष्ट दिखाई दी.
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघने रविवार को ‘राष्ट्र वंदनम’ कार्यक्रम का आयोजन दिल्ली के रोहिणी में किया. ये आयोजन संघ की स्थापना के 101 वर्ष पूरे होने के परिप्रेक्ष्य में हुआ. इस कार्यक्रम में पूर्व सीजेआई जगदीश सिंह खेहर बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए. इस आयोजन में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, जेपी नड्डा, निर्मला सीतारमण और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता मौजूद रहीं. यहां संघ प्रमुख भागवत ने देश को एकता के सूत्र में पिरोने का संदेश दिया.
अपने संबोधन में उन्होंने कहा, 'देश के युवा चाहते हैं कि भारत दुनिया का सबसे अग्रणी देश बने, इसके साथ ही वे नेशन फर्स्ट यानी ‘राष्ट्र-प्रथम’ की विचारधारा में विश्वास रखते हैं.' भागवत ने आगे कहा इतनी विशाल आबादी वाले देश में मतभेद होना सामान्य है. तमाम मतभेदों के बावजूद भारत का हर नागरिक एक ही कुटुंब का हिस्सा है.
भविष्य की तैयारी का एजेंडा
इसी दौरान संघ के बीते 100 सालों और अगले मिशन की चर्चा करते हुए भागवत ने 2026 में अपनी तीन देशों की यात्राओं और अन्य आरएसएस पदाधिकारियों की विदेश यात्राओं के बारे में कहा, ‘हम दुनिया को भारत, आरएसएस और हमारे काम के बारे में बताने के लिए पांच महाद्वीपों के विभिन्न देशों में गए थे. भारत को जब आजादी मिली, तो पश्चिम के विशेषज्ञों को लगा कि यह देश कायम नहीं पाएगा और इसे चलाने के लिए उन्हें फिर से बुलाया जाएगा.’
भागवत ने आरएसएस के 100 साल पूरे होने के संदर्भ में कहा कि यह संगठन के लिए जश्न मनाने की बात नहीं है, क्योंकि इसने इस अवसर का इस्तेमाल समाज के लिए और भी अधिक काम करने के लिए किया. पहले पश्चिम में किसी ने नहीं सोचा था कि भारत इस तरह लोकतंत्र को बचाए रखेगा और अपनी अर्थव्यवस्था का इतने बड़े पैमाने पर विस्तार भी करेगा.
भारत बनेगा विश्वगुरू
भागवत ने कहा, ‘अब हर कोई उम्मीद करता है कि भारत ‘विश्व गुरु’ के रूप में अपनी प्रतिष्ठा को पुन: प्राप्त करेगा और यह प्रत्येक नागरिक का संकल्प होना चाहिए.'
कार्यक्रम को पूर्व सीजेआई जगदीश सिंह खेहर ने भी संबोधित किया. उन्होंने कहा, 'मैं संघ को 100 साल पूरा होने की ऐतिहासिक उल्लेखनीय उपलब्धि को हासिल करने पर बधाई देता हूं. इतिहास इस बात का प्रमाण है कि स्वयंसेवक हर संकट के क्षणों में सबसे आगे रहे हैं. देश के विभाजन के दौरान 1947 में स्वयंसेवकों ने आत्मरक्षा के आयोजन में, राहत के आयोजन में और पंजाब में हिंदुओं और सिखों को निकालने में सक्रिय भूमिका निभाई थी.'
इसके बाद 1984 में दिल्ली में सिखों के नरसंहार का जिक्र करते हुए पूर्व सीजेआई ने कहा, 'आरएसएस के आधिकारिक प्रकाशनों में कहा गया है कि स्वयंसेवकों ने सिख परिवारों की रक्षा के लिए सक्रिय रूप से काम किया और खतरे में पड़े मोहल्लों की भी रखवाली की.
उन्होंने कहा कि इस बात की पुष्टि लेखक और इतिहासकार खुशवंत सिंह ने की थी, जिन्होंने तत्कालीन सत्तारूढ़ पार्टी के नेतृत्व के साथ घनिष्ठ संबंध होने के बावजूद आरएसएस को सिखों के जीवन की मदद करने और उनकी सुरक्षा करने और सांप्रदायिक सद्भाव बनाए रखने का श्रेय दिया था खेहर ने कहा, और यही मेरे विश्वास का सत्य है.'