गर्लफ्रेंड को उस रेस्टोरेंट में ले गए राहुल गांधी, जहां मिले थे राजीव-सोनिया; बोले- प्यार के लिए ठीक, चिकन के लिए नहीं!
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने अपनी पर्सनल लाइफ से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा शेयर किया है. उन्होंने बताया कि कैंब्रिज के जिस रेस्टोरेंट में उनके माता-पिता की पहली मुलाकात हुई थी, राहुल भी अपनी गर्लफ्रेंड को लेकर उसी रेस्टोरेंट में गए थे.
कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी की किताब 'बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव' इन दिनों सुर्खियों में है. सोमवार को इस बुक की औपचारिक लॉन्चिंग हुई है. दिल्ली के आईटीसी मौर्य होटल में बुक लॉन्च कार्यक्रम रखा गया. यहां सोनिया गांधी ने बताया कि राहुल और प्रियंका गांधी ने ही उन्हें यह किताब लिखने के लिए प्रेरित किया था. इसके बाद उनके बेटे राहुल गांधी ने अपनी बात रखी.
राहुल गांधी ने कैंब्रिज के उस रेस्टोरेंट से जुड़ा दिलचस्प किस्सा सुनाया, जहां उनके माता-पिता (राजीव और सोनिया गांधी) पहली बार मिले थे और फिर उसी रेस्टोरेंट में राहुल भी अपनी गर्लफ्रेंड को ले गए थे.
ये भी पढ़ें: कुछ आलोचनाएं बेहद घटिया... आत्मकथा 'Belonging' लॉन्चिंग पर छलका सोनिया गांधी का 'बाहरी' होने का दर्द
राहुल ने क्या कहा?
राहुल गांधी ने कहा, 'मेरे माता-पिता की मुलाकात को लेकर कई तरह की कहानियां प्रचलित हैं कि वे कैंब्रिज के 'वार्सिटी रेस्टोरेंट' में मिले थे. 'कई साल बाद, संयोग से मैं कैंब्रिज में था. मैंने अपनी गर्लफ्रेंड से कहा चलो वार्सिटी रेस्टोरेंट चलते हैं. उसे इस बारे में कोई अंदाजा नहीं था कि यह क्या है, लेकिन मैंने जोर देकर कहा कि चलो वार्सिटी रेस्टोरेंट चलते हैं, क्योंकि मैं उसे बताना चाहता था कि मेरे माता-पिता कैसे मिले.
राहुल ने आगे बताया, 'मैं वहां जाकर बैठा. उन्होंने मेन्यू लाकर दिया और मैंने कहा, 'मेरे माता-पिता इसी रेस्टोरेंट में मिले थे.' उसने बस मेरी तरफ देखा और कहा, 'ओह, वे दोनों, मैं उन्हें जानता हूं.' इस पर मैंने हैरानी से पूछा, 'आप उनके बारे में क्या जानते हैं?' तो उसने जवाब दिया, 'ओह, वे दोनों. मुझे अच्छी तरह पता है कि आप किसकी बात कर रहे हैं.' इसके बाद राहुल ने मजाकिया अंदाज में कहा, अगर आप प्यार में हैं तो कभी वार्सिटी रेस्टोरेंट मत जाना, क्योंकि वहां का चिकन बहुत खराब होता है.'
माता-पिता के प्यार को याद कर भावुक हुए राहुल गांधी
राहुल ने बचपन को याद करते हुए बताया, 'मैंने अपनी मां को पापा की गोद में बैठे देखा है. मैंने अपने दोस्तों से भी पूछा कि तुम गोद में कहां बैठते हो. मैं हमेशा अपनी मां से कहता हूं कि आपकी याददाश्त बहुत तेज है, लेकिन जब मैंने उनसे पापा के निधन के बाद के समय के बारे में पूछा, तो उन्हें कुछ खास याद नहीं था. उनकी जो एक शानदार और खुशहाल जिंदगी थी, वह एक ही दिन में मानो गायब हो गई. वह मेरे पापा की थीं और पापा उनके थे.'
'पापा को आज आप पर बहुत गर्व होता'
अपनी मां सोनिया गांधी के व्यक्तित्व और संघर्ष पर बात करते हुए राहुल भावुक हो गए. उन्होंने कहा, 'मेरी मां इंट्रोवर्ट नहीं हैं, बल्कि वे काफी एक्सट्रोवर्ट हैं. फिर अचानक एक दरवाजा खुलता है, भारत के लोगों का दरवाजा. इस किताब के बारे में मुझे जो बात सबसे ज्यादा पसंद है, वह यह है कि इसमें आप पापा के निधन से पहले वाली मेरी मां को पढ़ रहे हैं. वे चार बार कैंसर को मात दे चुकी हैं. मम्मी, पापा आपसे बहुत प्यार करते थे, लेकिन मैं शब्दों में बयां नहीं कर सकता कि आज उन्हें आप पर कितना गर्व होता.'
ये भी पढ़ें: CEC समेत आयोग के अफसरों से 48 सवाल पूछना चाहता है विपक्ष, SC में चुनाव आयोग से मांगा हर फैसले का हिसाब