'मेरे से ज्यादा कमाती हो, थार खरीद दो..', पंजाब में पति की हैवानियत कैमरे में कैद, बीच सड़क पत्नी को बेरहमी से पीटा
पंजाब के लुधियाना एक महिला संग मारपीट का मामला सामने आया है.आरोप है कि युवती पर उसका पति थार खरीदने का दबाव बना रहा था. दोनों की शादी पिछले साल नवंबर में हुई थी. पीड़िता ने पूरे प्रकरण में शिकायत दर्ज कराई है.
पंजाब के लुधियाना से एक हैरान करने वाली खबर सामने आई है. यहां पर एक महिला को उसके पति ने बुरी तरीके से पीटा. आरोप है कि महिला शादी के बाद अपने पति को महिंद्रा थार और एक बाइक नहीं दे पाई थी. आरोपी शख्स की पहचान रितीश शर्मा के तौर पर हुई है, जिसकी शादी ट्विंकल नाम की एक युवती से हाल में ही हुई थी. महिला संग मारपीट का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है. घटना 21 अक्टूबर की बताई जा रही है.
दरअसल, कुछ समय पहले ही ट्विंकल नाम की युवती की शादी लुधियाना के रितीश शर्मा के साथ हुई थी. इसके बाद से ही रितीश शर्मा अपनी पत्नी पर बाइक और थार के लिए दबाव बनाता था. 21 अक्टूबर की रात को रितीश ने सारी हदें पार की और वह अपनी पत्नी को ही मारने पीटने लगा. सामने आए वीडियो में देखा जा सकता है कि वह घर के बाहर पत्नी ट्विंकल को थप्पड़ मारता और उसके बाल पकड़कर खींचता हुआ दिख रहा है.
पीड़िता ने की पुलिस में शिकायत
जब महिला सड़क पर चीख-चिल्ला रही थी, तो उसकी आवाज सुनकर पड़ोसी घरों से बाहर निकले और महिला को बचाया. ट्विंकल ने पुलिस में औपचारिक शिकायत भी दर्ज कराई है और सबूत के तौर पर सीसीटीवी फुटेज को पेश किया है. बता दें कि रितीश शर्मा हेल्थ सेक्टर में काम करता है और पिछले साल नवंबर में उसकी शादी हुई थी. ट्विंकल एक सैलून चलाती है. रितीश की यह पहली शादी थी, जबकि ट्विंकल की यह दूसरी शादी थी.
दोनों ने की थी लव मैरिज
रिपोर्ट्स के अनुसार, ट्विंकल और रितीश की मुलाकात तलाक की कार्यवाही के दौरान हुई थी. इसके बाद दोनों के बीच दोस्ती हुई, जो प्यार बदली. इसके बाद दोनों ने शादी का फैसला किया. हालांकि, ट्विंकल ने आरोप लगाया कि शादी के तीन महीने बाद ही रितीश ने थार की डिमांड करनी शुरू कर दी. इस कारण दोनों के बीच लगभग रोज झगड़े होने लगे. अंत में मामले को सुलझाने के लिए एक बिचौलिए को दखल देना पड़ा. आरोप है कि रितीश कहा करता था कि उसकी पत्नी उससे अधिक कमाती है और इसलिए वह थार खरीद सकती है.
आरोपी ने बाइक की डिमांड भी की
इसके साथ ही पीड़िता ट्विंकल ने आरोप लगाया है कि आरोपी रितीश ने एक बाइक की मांग भी की. घटना वाले दिन मोटरसाइकल को लेकर विवाद बढ़ गया और अपनी जान बचाने के लिए ट्विंकल को भागकर पड़ोस के घर में जाना पड़ा. हालांकि, इसी दौरान रितीश भी वहां पहुंच गया और उसको पीटने लगा. उसके बाद महिला को घसीटा फिर सड़क पर मारपीट की, जिसका वीडियो सामने आया है. पुलिस ने ट्विंकल की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है.
यह भी पढ़ें: पंजाब में BJP के ‘चाणक्य’ की चाल: नशे पर वार, सत्ता पर नजर! अमित शाह के NDA वाले दांव से पलटेगी हारी बाजी?
यह भी पढ़ें: अरुणाचल में संग्राम, सियांग बांध के विरोध में अवाम; NHPC ऑफिस और पुलिसथाने में लगाई आग; दो विधायकों के घर लूटे