Royal Family Visit: 10 साल बाद भारत आ रहे प्रिंस विलियम-कैथरीन, मुंबई से दिल्ली तक क्या है शाही जोड़े का पूरा प्लान?
ब्रिटिश रॉयल फैमिली के प्रिंस विलियम और प्रिंसेस ऑफ वेल्स कैथरीन आज मुंबई पहुंचने वाले हैं. यह उनकी साल 2016 में पहली यात्रा के बाद अब दूसरी यात्रा होगी. दोनों शाही जोड़े इस दौरे में 'अर्थशॉट प्राइज' पुरस्कार समारोह में हिस्सा लेंगे.
British Royal Family India Visit: ब्रिटेन के प्रिंस विलियम और प्रिंसेस ऑफ वेल्स कैथरीन सोमवार ( 16 नवंबर 2026) को अपनी भारत यात्रा पर मुंबई पहुंचने वाले हैं. दोनों 3 दिन के अपने दौरे में मंगलवार ( 17 नवंबर 2026) को 2026 'अर्थशॉट प्राइज' पुरस्कार समारोह में हिस्सा लेंगे. इसकी घोषणा रविवार ( 15 नवंबर 2026) को ब्रिटिश सरकार की ओर से की गई. बता दें कि यह शाही जोड़ा पुरस्कार समारोह में शामिल होने के बाद नई दिल्ली जाएगा, जहां बुधवार ( 18 नवंबर 2026) को उनकी पीएम मोदी से मुलाकात होगी.
प्रिंस विलियम और प्रिंसेस कैथरीन की अप्रैल 2016 में अपनी पहली यात्रा के बाद यह भारत की दूसरी आधिकारिक यात्रा होगी. ब्रिटेन के 'फॉरेन, कॉमनवेल्थ एंड डेवलपमेंट ऑफिस' (FCDO) के अनुसार, यह शाही जोड़ा मुंबई में अलग-अलग क्षेत्रों के लोगों से मिलेगा और भारत के भविष्य को आकार देने में मदद करने वाले इनोवेशन, क्रिएटिविटी और सकारात्मक विचारों के बारे में जानेगा.
इन सेक्टर्स से जुड़े इवेंट में लेंगे हिस्सा
शाही जोड़ों के कार्यक्रम में कुछ प्रमुख सेक्टर्स पर ध्यान दिया जाएगा, जिनमें सस्टेनेबल अर्बन ट्रांसपोर्ट, रिस्पॉन्सिबल मैन्युफैक्चरिंग और पर्यावरण संबंधी पहल समेत ग्लोबल लेवल पर क्रिएटिव इंडस्ट्रीज शामिल हैं. यह यात्रा पर्यावरण संबंधी चुनौतियों से निपटने और सस्टेनेबल डेवलपमेंट को बढ़ावा देने के लिए की जा रही कोशिशों की ओर भी ध्यान आकर्षित करेगी.
प्रिंस ऑफ वेल्स की ओर से शुरू किया गया 'अर्थशॉट प्राइज' दुनिया की कुछ सबसे गंभीर पर्यावरणीय चुनौतियों के लिए नवाचारी समाधानों की पहचान करने, उन्हें मान्यता देने और उनका समर्थन करने का काम करता है. इनमें जलवायु परिवर्तन, वेस्ट मैनेजमेंट, वायु प्रदूषण, महासागर संरक्षण और बायो डायवर्सिटी का नुकसान जैसी समस्याएं शामिल हैं.
क्या है 'अर्थशॉट प्राइज' ?
'अर्थशॉट प्राइज' के तहत हर साल 5 विजेताओं की घोषणा की जाती है और हर विजेता को अपने कामों को आगे बढ़ाने और उनका विस्तार करने के लिए 1 मिलियन पाउंड (लगभग 12 करोड़) की राशि दी जाती है.
ब्रिटेन के प्रिंस विलियम और प्रिंसेस कैथरीन के दौरे को देखते हुए मुंबई ट्रैफिक पुलिस ने साउथ मुंबई के कई इलाकों में सोमवार से 19 नवंबर 2026 तक अस्थायी रूप से ट्रैफिक डायवर्जन, सड़कें बंद रखने और पार्किंग पर पाबंदियां लगाने की घोषणा की है.
मुंबई में शाही परिवार के आगमन पर तैयारी
मुंबई ट्रैफिक पुलिस के डिप्टी कमिश्नर हेमराजसिंह राजपूत की ओर से एक नोटिस जारी किया गया, जिसमें उन्होंने हुतात्मा राजगुरु चौक, शहीद भगत सिंह मार्ग, बैलार्ड पियर और NCPA क्षेत्र की कई सड़कों के आसपास ट्रैफिक व्यवस्था में किए गए बदलावों की जानकारी दी गई है. शाही जोड़े के दौरे की तैयारियों के तहत ये ट्रैफिक पाबंदियां और डायवर्जन लागू किए गए हैं. इस दौरान प्रभावित इलाकों से गुजरने वाले लोगों को वाहनों की आवाजाही में बदलाव का सामना करना पड़ सकता है. मुंबई ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों और सड़क का इस्तेमाल करने वाले अन्य लोगों को सलाह दी है कि वे इन पाबंदियों का ध्यान रखें और प्रभावित इलाकों से गुजरते समय अपनी यात्रा की योजना उसी के अनुसार बनाएं.