'भारत की प्रगति, नारीशक्ति के सपनों की उड़ान', महिला आरक्षण बिल पर चर्चा के बीच पीएम मोदी पोस्ट; वीडियो संदेश में क्या कहा?
संसद में परिसीमन और महिला आरक्षण संशोधन विधेयक कल 30 नवंबर (सोमवार) को पेश किया जाना है. इससे एक दिन पहले पीएम नरेंद्र मोदी ने देश की महिलाओं के नाम एक वीडियो संदेश जारी किया है.
संसद का विशेष सत्र सोमवार (30 नवंबर) से शुरू होने जा रहा है. विपक्ष के कई दलों ने इस बिल पर सरकार का समर्थन करने का ऐलान किया है. इससे ठीक एक दिन पहले रविवार (29 नवंबर) को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक वीडियो संदेश जारी किया है. उन्होंने इस वीडियो पोस्ट के साथ लिखा भारत की प्रगति, नारीशक्ति के सपनों की उड़ान.
दरअसल, सोमवार को संसद में पेश होने वाले महिला आरक्षण संशोधन और परिसीमन विधेयक को कई विपक्षी दलों का साथ मिला है. डीएमके, एनसीपी (SP), YSRCP ने इस बिल का समर्थन किया है. हालांकि, कांग्रेस, सपा समेत कई अन्य विपक्षी दल लगातार सरकार की मंशा पर सवाल खड़ा कर रहे हैं. इस बीच पीएम ने देश की महिलाओं के नाम अपना संदेश जारी किया.
पीएम मोदी ने क्या कहा?
रविवार दोपहर एक वीडियो संदेश में पीएम मोदी ने कहा कि नारी शक्ति को भागीदारी दिलाने की लड़ाई दशकों से चल रही है. वर्षों से मैं भी इसके लिए प्रयास करने वालों में से एक हूं. नारी शक्ति के सशक्तिकरण का बीजेपी-एनडीए का संकल्प अक्षुण्ण है.
पीएम ने कहा कि हमारे लिए देशहित सर्वोपरि है, लेकिन जब कुछ लोगों के लिए दल हित सब कुछ हो जाता है, दल हित देशहित से बड़ा हो जाता है, तो नारी शक्ति को देशहित को इसका खामियाजा उठाना पड़ता है. उन्होंने कहा कि नारी शक्ति वंदन संशोधन समय की मांग है. हमारा आत्मबल अजेय है. हमें आधी आबादी के सपनों के लिए, देश के भविष्य के लिए इस संकल्प को पूरा करना ही है.
अप्रैल में गिर गया था बिल
इसी साल अप्रैल के महीने में सरकार ने विशेष सत्र बुलाकर संसद में महिला आरक्षण संशोधन विधेयक को रखा था, लेकिन दो-तिहाई बहुमत न होने के कारण ये बिल पारित नहीं किया जा सका था.अब करीब 7 महीने बाद एक बार फिर से परिसीमन बिल को लाया जा रहा है. माना जा रहा है कि सरकार ने जादुई आंकड़े की व्यवस्था कर ली है. अगर लोकसभा में सभी सदस्य उपस्थित रहते हैं, तो बिल को पारित कराने के लिए 360 वोटों की जरूरत होगी.
यह भी पढ़ें: राहुल ने थिरु-भाई बोलकर स्टालिन से मांगी मदद, DMK चीफ बोले- इतिहास हमको गद्दार नहीं वीर कहेगा