उड़ान के लिए तैयार था PM मोदी का काफिला, तभी हेलिकॉप्टर में आ गई खराबी; फिर कैसे आगे बढ़े प्रधानमंत्री?
हेलिकॉप्टर में टेक्निकल खराबी आने के बाद उसे ललित महल के पास बने जयचामाराजा वाडियार हेलीपैड पर ही रोकना पड़ा. बाद में टेक्निकल स्टाफ की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और रिपेयरिंग का काम शुरू किया.
13 नवंबर को पीएम मोदी कर्नाटक दौरे पर रहे. उनके काफिले में शामिल एक हेलिकॉप्टर में अचानक तकनीकी खराबी आ गई. मैसूर में कार्यक्रम खत्म होने के बाद जब काफिला वापस रवाना होने की तैयारी कर रहा था, तभी वायुसेना के हेलिकॉप्टर में दिक्कत हुई और वो उड़ान नहीं भर सका. इसके बाद पीएम मोदी काफिले के दूसरे हेलिकॉप्टर में सवार होकर आगे की यात्रा के लिए रवाना हुए.
तकनीकी खराबी आने के चलते हेलिकॉप्टर शुक्रवार को ललित महल के पास स्थित जयचामाराजा वाडियार हेलीपैड पर ही खड़ा रहा. प्रधानमंत्री के काफिले के हिस्से के रूप में 3 हेलिकॉप्टर मैसूर पहुंचे थे. तकनीकी खराबी की सटीक वजह क्या थी या विमान कब तक दोबारा उड़ान भर पाएगा, इस पर अभी कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है.
हेलीपैड के आसपास कड़ी सुरक्षा
स्थानीय पुलिस ने हेलीपैड के आसपास के इलाके की घेराबंदी कर दी है. विमान की सुरक्षा टाइट कर दी है. मैसूर नगर निगम के कर्मचारियों को भी मौके पर तैनात किया गया है.
कर्नाटक में कई कार्यक्रमों के बाद गुजरात पहुंचे पीएम मोदी
शुक्रवार को अपने कर्नाटक दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने 'कॉसमॉस-मैसूर प्लैनेटेरियम' का उद्घाटन किया. इससे पहले दिन की शुरुआत में वे स्वामी विवेकानंद योग अनुसंधान संस्थान (S-VYASA) के मुख्य आवासीय परिसर 'प्रशांति कुटीरम' के स्वर्ण जयंती समारोह में शामिल हुए.
इसके बाद बेंगलुरु में कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करने से पहले उन्होंने तवारेकेरे से आईआईएम बैंगलोर तक नई मेट्रो को हरी झंडी दिखाई और खुद उसमें सफर भी किया. कर्नाटक के इन सभी कार्यक्रमों को पूरा करने के बाद पीएम मोदी सीधे गुजरात पहुंचे, जहां उन्होंने बनासकांठा जिले के प्रसिद्ध अंबाजी मंदिर (51 शक्तिपीठों में से एक) में दर्शन कर पूजा-अर्चना की.
ये भी पढ़ें: पीएम मोदी ने CM डीके शिवकुमार के साथ बेंगलुरु मेट्रो में किया सफर, एनर्जी सिक्योरिटी पर रहा जोर