विकसित भारत का पथ, मोदी की महाशपथ: PM ने दिया We Will Do It का नारा; बताया मिशन 2047 का रोडमैप
पीएम मोदी को सार्वजनिक जीवन में 25 साल पूरे हो गए हैं. उन्होंने इसी दिन साल 2001 में गुजरात के सीएम पद की शपथ ली. इसके बाद वह लगातार 4 बार गुजरात के सीएम बने और फिर तीन बार से प्रधानमंत्री हैं.
सार्वजनिक जीवन में 25 साल पूरे होने के मौके पर बुधवार को पीएम नरेंद्र मोदी ने दिल्ली के इंदिरा गांधी स्टेडियम में कार्यकर्ताओं को संबोधित किया. पीएम मोदी ने कहा कि साल 2001में जब मैंने गुजरात के सीएम पद की शपथ ली थी, तब सोचा नहीं कि यह पड़ाव भी आएगा. 7 अक्टूबर यानी आज लोगों की सेवा करते हुए मुझे 25 साल बीत गए हैं. यह जनता-जनार्दन के लगातार समर्थन का नतीजा है.
'आज जहां हूं, कार्यकर्ताओं-जनता की वजह से हूं'
पीएम मोदी ने आगे कहा, 'मैं आज मंदिर गया जहां जाकर मैंने देश के नागरिकों और अपने लिए भी प्रार्थना की. मैंने भगवान से कहा कि मुझे और ज्यादा ऊर्जा दीजिए ताकि मैं देशवासियों की सेवा कर पाऊं.
पीएम मोदी ने आगे कहा, 'इस दौरान कई चुनाव हुए. चाहे विधानसभा चुनाव हों या संसदीय चुनाव, लोगों ने हमेशा मुझे अपनी सेवा के लिए चुना है. आज मैं जहां भी हूं, जिस भी पद पर हूं, उसमें सबसे बड़ा योगदान लोगों का ही है. लाखों भारतीयों का भरोसा और अनगिनत पार्टी कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत हमेशा मेरी सबसे बड़ी ताकत रही है.'
हर दिन नया सीखने की कोशिश
पीएम ने कहा कि देश ने मुझे बहुत कुछ दिया है. इसलिए, देश के प्रति मेरी जिम्मेदारी भी सबसे बड़ी है. और मेरा पक्का मानना है कि देश के हर नागरिक का मुझ पर सबसे पहला हक है. जनता का यह 25 साल का भरोसा और 25 साल का अनुभव एक बहुत बड़ी पूंजी है. और यह पूंजी सिर्फ मोदी की नहीं है; यह पूंजी देश की है. भारत माता की हर संतान का इस पूंजी पर हक है.
उन्होंने आगे कहा, 'मुझे याद है कि जब मैं वडनगर में स्कूल जाता था, तो हमारे मास्टर जी हमें तरह-तरह की बातें सिखाते थे, और क्लास में सबसे पहले पहुंचने वाले छात्रों में मेरा नाम हमेशा शामिल होता था. सीखने की वह ललक मेरे जीवन का हिस्सा बन गई, और आज भी मैं खुद को एक छात्र ही मानता हूं. मैं हर दिन कुछ नया सीखने की कोशिश करता हूं.'
पीएम ने दिया- We Will Do it का नारा
पीएम मोदी ने कहा कि आज का दिन यादों का नहीं है. यह अपने संकल्पों को और ज्यादा ऊर्जा देने का दिन है. ये दिन कुछ इरादों को व्यक्त करने का दिन है, जो कहता है हम करके रहेंगे. इसके बाद पीएम मोदी ने We Will Do it का नारा दिया. पीएम मोदी ने कहा कि 2047 तक विकसित भारत- हम इसे करके रहेंगे! आत्मनिर्भर भारत! ग्लोबल मैन्युफैक्चरिंग हब! ओलंपिक की मेजबानी! अंतरिक्ष में कदम रखना! यह ऊर्जा और आत्मविश्वास अद्भुत है.