SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

मुंबई में अब नहीं जला पाएंगे रॉकेट और हवाई पटाखे, BMC ने लगाया बैन

मुंबई में पिछले दो दिनों में पटाखों की वजह से आग लगने की कई घटनाएं सामने आई हैं. इसे देखते हुए बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने यह बड़ा फैसला लिया है.

Written By Bhoopendra Rai
Published: Nov 09, 2026, 05:20 PM IST | Updated: Nov 09, 2026, 05:38 PM IST
Image Credit: मुंबई में अब रॉकेट और हवा में उड़ने वाले पटाखे चलाने पर पूरी तरह रोक लगा दी गई.
Join

मुंबई में अब रॉकेट और हवा में उड़ने वाले पटाखे चलाने पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है. यह बैन 9 नवंबर से तुरंत लागू होकर 25 नवंबर की रात 11:59 बजे तक जारी रहेगा. पिछले दो दिनों में पटाखों के चलते शहर में आग लगने की कई घटनाएं हुई हैं, जिसे देखते हुए बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने  सोमवार को यह बड़ा फैसला लिया है. 

BMC कमिश्नर प्राजक्ता लवंगारे-वर्मा ने अर्बन डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी (बृहन्मुंबई) की प्रभारी चेयरपर्सन के तौर पर यह आदेश जारी किया है.  यह बैन लगाने के लिए डिजास्टर मैनेजमेंट एक्ट, 2005 की धारा 41(A), 26(2), 30 और 34(M) का सहारा लिया है. 

आदेश को लागू कराने की जिम्मेदारी किसे दी गई?

इस आदेश को सख्ती से लागू कराने की जिम्मेदारी जोनल पुलिस उपायुक्तों (DCP), BMC के डिविजनल असिस्टेंट कमिश्नरों और फायर ब्रिगेड को दी गई है. इसके अलावा, जनसंपर्क अधिकारी (PRO) को इस फैसले का बड़े स्तर पर प्रचार करने के लिए कहा गया है. 

यह बैन BMC की सीमा में आने वाली सभी पब्लिक और प्राइवेट जगहों पर लागू होगा. इसमें रिहायशी इमारतें, छत, बालकनी, आंगन, पार्किंग एरिया, झुग्गी-बस्तियां और बाकी सभी परिसर शामिल हैं.

आखिर क्यों लिया गया यह फैसला?

जारी किए गए आदेश में साफ कहा गया है कि रॉकेट और हवा में उड़ने वाले पटाखों की जलती हुई चिंगारियां या टुकड़े इमारतों की छतों, बालकनियों, खिड़कियों और दूसरे जलने वाले सामान पर गिर सकते हैं. इससे आग लगने का बड़ा खतरा रहता है.

मुंबई की घनी आबादी, ऊंची-ऊंची इमारतों, भीड़भाड़ वाली झुग्गी-बस्तियों और संकरी गलियों के बीच रिहायशी व कमर्शियल बिल्डिंग्स बिल्कुल सटी हुई हैं. ऐसे में आग लगने की कोई भी घटना लोगों की जान और माल के लिए बड़ा खतरा बन सकती है. बैन की वजह इन्हीं खतरों को बताया गया है.

कहां दी गई छूट?

आदेश में यह भी साफ कर दिया गया है कि रॉकेट और हवा में उड़ने वाले पटाखों को छोड़कर, बाकी पटाखों का इस्तेमाल पहले से बने कानूनों, संबंधित अधिकारियों के आदेशों और कोर्ट के निर्देशों के मुताबिक ही जारी रहेगा.

दिवाली पर आगजनी की कई घटनाएं सामने आईं

दरअसल, दिवाली पर लक्ष्मीपूजन की रात मुंबई, ठाणे और भिवंडी में पटाखों की चिंगारी और जलते दीयों के कारण कई जगह आगजनी की घटनाएं सामने आई हैं.  ठाणे के पॉश रहेजा गार्डन परिसर की 17 मंजिला इमारत में आग भड़कने से दहशत फैल गई, जिसे फायर ब्रिगेड और आपदा प्रबंधन दल ने मौके पर पहुंचकर संभाला.

वहीं भिवंडी में तीन जगहों पर आग ने भारी नुकसान पहुंचाया. गणेशनगर में पूजा के दीये से एक बैग की दुकान में आग लगी और देखते ही देखते पूरा सामान जलकर खाक हो गया. दूसरी घटना में, पटाखे की चिंगारी से लकड़ी के बैट बनाने वाले कारखाने में आग लग गई, जिससे मशीनरी, लकड़ी का स्टॉक और पास का एक पेड़ जल गया.

वहीं, गौरीपाड़ा के एक कबाड़ गोदाम में लगी आग पास की चॉल तक जा पहुंची और पहली मंजिल के पांच कमरे जल गए. गनीमत रही कि स्थानीय लोगों ने समय रहते दो परिवारों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई. इन घटनाओं ने त्योहार पर सावधानी बरतने की जरूरत फिर दिखा दी है.

ये भी पढ़ें: ब्लॉगः दिल्ली की हवा जहरीली है, राजनीति उससे भी ज्यादा; फेफड़ों को फर्क नहीं पड़ता हवा किस राज्य से आई है!

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

पत्रकारिता में 9 साल से सक्रिय भूपेंद्र कुमार राय Zee News में सीनियर सब एडिटर के तौर पर न्यूज टीम का हिस्सा हैं, देश विदेशी की खबरें कवर करते हैं. 2017 में ETV Bharat (हैदराबाद) से करियर की शुरुआत करने के बाद वे 2020 में Zee News पहुंचे, जहां 2022 तक काम किया. 2023 में News24 की स्पोर्ट्स टीम को लीड करने का मौका मिला. इसके बाद India Daily Live में बतौर चीफ सब एडिटर स्पोर्ट्स टीम के साथ जुड़े. 2024 में दोबारा News24 लौटे और नई स्पोर्ट्स वेबसाइट लॉन्चिंग का अहम हिस्सा रहे. अक्टूबर 2025 में News24 से अलविदा लेकर एक बार फिर Zee News पहुंचे हैं. खेलों में गहरी रुचि रखते हैं और क्रिकेट वर्ल्ड कप, एशियन गेम्स, ओलंपिक गेम्स, हॉकी वर्ल्ड कप समेत बड़े खेल इवेंट को कवर करने का अनुभव है. ब्रेकिंग न्यूज, क्रिकेट एनालिसिस और किस्से-कहानियों पर अच्छी पकड़ है. जी न्यूज में खेल से जुड़ी खबरों के बाद अब न्यूज टीम के साथ रियलटाइम न्यूज पर काम कर रहे हैं. एक्सप्लेनर और किसी भी मुद्दे पर रिसर्च के साथ उसे आसान भाषा में पाठकों तक पहुंचा रहे हैं. आप Bhoopendra.Rai@zeemedia.com पर सीधे ईमेल या फिर नीचे X और Facebook से जुड़ सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES