गंगा जल संधि पर बांग्लादेश से कब और कैसे होगी बातचीत? भारत ने बताया मंच, नेपाल के PM के दौरे पर भी दिया जवाब
विदेश मंत्रालय ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में पश्चिम एशिया के अंदर भारतीयों के स्थिति और भारत-बांग्लादेश के बीच होने वाले गंगा जल संधि को लेकर भी जवाब दिया है.
विदेश मंत्रालय की साप्ताहिक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मंगलवार को पश्चिम एशिया और काला सागर क्षेत्र में जारी संघर्ष के में भारतीय नागरिकों की मौत को लेकर अहम जानकारी दी. विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष में अब तक 23 भारतीय नागरिकों की जान जा चुकी है. इनमें 15 भारतीय नाविक शामिल हैं. वहीं, काला सागर में कमर्शियल जहाजों पर हुए हमलों में पांच भारतीय नागरिकों की मौत हुई है, जबकि दो अन्य अब भी लापता हैं. इस दौरान उन्होंने भारत-बांग्लादेश के साथ होने वाली गंगा जल संधि को लेकर भी अपडेट दिया.
जायसवाल ने आगे बताया ने ओमान के तट के पास एक जहाज पर हुए हमले की जानकारी देते हुए बताया कि जहाज पर 14 भारतीय क्रू मेंबर सवार थे. हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई, जबकि बाकी 13 भारतीय सुरक्षित हैं. सरकार इन सभी 13 भारतीयों को जल्द से जल्द भारत वापस लाने की प्रक्रिया में जुटी है. मरने वाले भारतीय नागरिक के पार्थिव शरीर को भी भारत लाने की कोशिश की जा रही है.
रूस के विदेश मंत्री से मिले जयशंकर, भारतीयों की रिहाई का मुद्दा उठाया
विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने G20 बैठक से इतर रूस के विदेश मंत्री के साथ द्विपक्षीय मुलाकात की. इस दौरान यूरोप और पश्चिम एशिया में जारी संघर्षों पर चर्चा हुई. विदेश मंत्रालय के मुताबिक, रूस में अब भी मौजूद भारतीय नागरिकों की रिहाई का मुद्दा भी लगातार रूसी पक्ष के सामने उठाया जा रहा है. भारत इस मामले को अलग-अलग स्तरों पर रूस के साथ उठा रहा है.
नेपाल के पीएम और गंगा जल संधि पर क्या बोले?
गंगा जल संधि को लेकर उन्होंने कहा,'जैसा कि मैंने पहले भी बताया है, भारत और बांग्लादेश के बीच एक संयुक्त नदी आयोग है. सीमा पार बहने वाली सभी नदियों, जिनमें गंगा भी शामिल है, पर बातचीत के लिए यही एक निर्धारित और व्यवस्थित मंच है.'
इसके अलावा नेपाल के प्रधानमंत्री के भारत दौरे पर उन्होंने कहा,'मैं दोहराना चाहूंगा कि हमने नेपाल के प्रधानमंत्री को भारत आने का निमंत्रण दिया है. उनके दौरे की तारीखों पर कूटनीतिक माध्यमों से बातचीत चल रही है. उचित समय आने पर इन तारीखों की घोषणा कर दी जाएगी.'
नेपाल में दो हेलीकॉप्टरों की टक्कर, एक भारतीय की मौत
नेपाल में दो हेलीकॉप्टरों के बीच हुई टक्कर में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई. विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने बताया कि भारत ने हादसे से जुड़ी खबरों और तस्वीरों को देखा है. काठमांडू में मौजूद भारतीय दूतावास ने भारतीय नागरिक की मौत की पुष्टि की है और शोक जताया है. सरकार मृतक के पार्थिव शरीर को जल्द से जल्द भारत लाने का प्रयास कर रही है.