SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

'हम जो कर रहे हैं, वह भी इन्हीं व्यापारियों के लिए', CTI की अपील पर खरगे का जवाब, 1 नवंबर की रैली टालने पर क्या बोले?

सीटीआई ने कांग्रेस समेत विपक्षी दलों से 1 नवंबर को रामलीला मैदान में होने वाली रैली को टालने की अपील की थी. इस अपील पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि वह साथी अन्य दलों से इस विषय पर चर्चा करेंगे. सीटीआई का दावा है कि त्योहारी सीजन में ये रैली होने से व्यापार पर असर पड़ सकता है.

Written By abhinav tripathi
Published: Oct 26, 2026, 09:49 AM IST | Updated: Oct 26, 2026, 09:54 AM IST
Image Credit: खरगे के बयान से दिल्ली के व्यापारियों की उम्मीद जगी है.
Join

नई दिल्ली के रामलीला मैदान में विपक्ष ने 1 नवंबर को एक बड़ी रैली का ऐलान किया है. कांग्रेस की ओर से आयोजित की जा रही इस रैली में इंडिया ब्लॉक के नेता शामिल होंगे. विपक्षी दलों की यह रैली एसआईआर प्रक्रिया में कथित धांधली के खिलाफ है. इस रैली को लेकर कांग्रेस ने तैयारियां भी शुरू कर दी है, लेकिन रैली के कारण कारोबारियों को डर सता रहा है.

दरअसल, हाल में ही दिल्ली में कई विरोध प्रदर्शन हुए, जिस कारण स्थानीय व्यापारियों को नुकसान का सामना करना पड़ा. ऐसे में 1 नवंबर को होने वाली इस रैली से पहले 'चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री' यानी CTI ने लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को एक पत्र लिखा है. इस पत्र में सीटीआई ने रैली को दीवाली के बाद आयोजित करने की अपील की है. अब इस पत्र पर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की टिप्पणी सामने आई है.

CTI की अपील को मानेगी कांग्रेस?

रविवार को मीडिया से बात करते हुए कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरने के कहा कि 'चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री' (CTI) ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को एक ज्ञापन सौंपा है. इसमें 1 नवंबर को रामलीला मैदान में 'इंडिया' (INDIA) गठबंधन की प्रस्तावित रैली को लेकर अपनी चिंताएं जताई गई हैं. बता दें कि कांग्रेस 1 नवंबर को ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महारैली करने जा रही है.

उन्होंने कहा कि रैली 1 नवंबर को होनी है. हमें व्यापारियों की ओर से एक अपील मिली है. हम आज या कल इस पर विचार करेंगे और कोई समाधान निकालेंगे, क्योंकि हम जो भी कर रहे हैं, वह जनता और इन्हीं व्यापारियों के लिए ही तो कर रहे हैं. खरगे के बयान का CTI ने स्वागत किया है और इससे व्यापिरियों में उम्मीद जगी है.

व्यापारियों की परेशानियों पर क्या बोले खरगे?

मल्लिकार्जुन खरगे ने व्यापारियों की परेशानी पर विचार करते हुए कहा कि हम देश के लोगों की आवाज उठाने का काम कर रहे हैं. 'वोट चोरी' का मुद्दा उठाते हुए खरते ने इसे गंभीर करार दिया. खरगे ने कहा कि अगर लोगों को वोट देने का अधिकार ही नहीं होगा, तो कोई व्यापारी अपना कारोबार नहीं कर पाएगा और अपना भविष्य बनाने की चाह रखने वाले किसी छात्र को भी कोई मदद नहीं मिल पाएगी. बावजूद इसके व्यापारियों का अनुरोध मिला है, ऐसे में हम इसपर विचार जरूर करेंगे.

CTI की खास अपील

बता दें कि खरगे की यह प्रतिक्रिया तब आई है, जब सीटीआई के चेयरमैन बृजेश गोयल ने 24 अक्टूबर (शनिवार) को कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को पत्र लिखकर 1 नवंबर को होने वाली रैली को दीवाली तक टालने की अपील की थी. व्यापारी संगठन का दावा था कि त्योहारों की खरीदारी के इस अहम समय में रैली होने का कारण व्यापार पर बुरा असर हो सकता है. सीटीआई ने कहा कि 6 नवंबर को धनतेरस, 8 नवंबर को दिवाली और 10 नवंबर को भाई दूज जैसे बड़े त्योहार हैं.

25,000 करोड़ रुपये के कारोबार का दावा

सीटीआई की ओर से लिखे गए पत्र में कहा गया कि रैली के समय को देखते हुए दिल्ली के व्यापारियों के मन में एक बड़ी चिंता है. सीटीआई ने बताया कि केवल धनतेरस के मौके पर दिल्ली में सोना-चांदी, आभूषण, इलेक्ट्रॉनिक्स, कपड़े और ऑटोमोबाइल जैसे सेक्टर्स में करीब 25,000 करोड़ रुपये का व्यापार होता है. यह त्योहार ऐसा समय होता है, जब दुकानदार सबसे अधिक बिक्री करते हैं. इस दौरान अगर व्यापार में रुकावट आती है, तो इसका खामियाजा व्यापारियों को भुगतना पड़ता है.

पहले ही 3,000 करोड़ की चपत का दावा

सीटीआई ने यह भी दावा किया कि अक्टूबर की शुरुआत में मध्य दिल्ली में ट्रैफिक डायवर्जन के कारण खुदरा और थोक व्यापारियों को करीब 3,000 करोड़ रुपये का नुकसान पहुंचा था. सबसे चिंता फिर इसी जगह को लेकर है. व्यापारिक संगठन का दावा है कि रामलीला मैदान दिल्ली के लगभग 20 सबसे बड़े थोक खुदरा बाजारों के पांच किलोमीटर के दायरे में आता है. रैली के समय सुरक्षा के कारण बैरिकेड्स, रास्तों में बदलाव या मेट्रो पर संभावित पाबंदियों के कारण खरीदार दुकानों तक नहीं पहुंच पाते हैं.

विपक्षी नेताओं से सीटीआई की अपील

हालिया लिखे अपने पत्र में सीटीआई ने राजनीतिक दलों के जनसभा करने के अधिकार का सम्मान किया और विपक्ष के नेताओं से अपील करते हुए कहा कि राजधानी के छोटे और मध्यम व्यवसायों की आर्थिक स्थिति का भी ध्यान रखें और इस रैली को त्योहारों के सीजन के बाद के लिए टाल दें.

अब इस पत्र पर खरगे के बयान के बाद व्यापारियों में खुशी की लहर है और उनकी उम्मीद जगी है कि रैली टल जाएगी. हालांकि, कांग्रेस या किसी भी विपक्षी दल की ओर से रैली की तारीख बदलने पर कोई जानकारी नहीं दी गई है. खुद खरगे ने कहा कि वह विपक्षी दलों से बात करेंगे और व्यापारियों की चिंता पर सभी के साथ मिलकर विचार करेंगे. (इनपुट-एएनआई)

यह भी पढ़ें: 'रावण', 'जहरीला सांप' से लेकर मोदी के बाप तक... मल्लिकार्जुन खरगे के वे 5 विवादित बयान, जिन पर मच गया सियासी भूचाल

यह भी पढ़ें: 'मोदी को हटाना होगा…', खरगे के भाषण के बीच बोला युवक- 'नहीं हटेंगे'; विवादित टिप्पणी के बाद हुई मारपीट

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

अभिनव त्रिपाठी जी न्यूज हिंदी में बतौर सब एडिटर कार्यरत हैं।  पत्रकारिता के क्षेत्र में 3 साल से अधिक समय का अनुभव रखते हैं। डेस्क पर रियल टाइम की देश-विदेश की खबरों को कवर करते हैं। राष्ट्रीय राजनीति और अंतरराष्ट्रीय खबरों को लिखना पसंद है। वैश्विक घटनाक्रम के किसी भी जटिल मुद्दे को आसान भाषा में समझाना अच्छी तरीके से आता है। इससे पहले जागरण डॉट कॉम के साथ सब एडिटर के तौर पर काम कर चुके हैं।  करियर की शुरुआत एक सैटेलाइट चैनल से की थी। पत्रकारिता की पढ़ाई काशी विद्यापीठ वाराणसी से की है। 
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES