बैलट पेपर वाले चुनाव में खुला कांग्रेस का खाता, MLC चुनाव में मिली कितनी सीटें; BJP को अपने गढ़ में बड़ा झटका
महाराष्ट्र एमएलएसी चुनाव में नागपुर डिवीजन ग्रेजुएट सीट पर कांग्रेस ने जीत दर्ज की है. कांग्रेस ने यहां से अभिजीत गोविंदराव वंजारी को अपना उम्मीदवार बनाया था, जिन्होंने जीत दर्ज की है. उन्होंने लगातार दूसरी बार इस एमएलसी सीट से जीत दर्ज की है.
MLC Elections 2026: देश के चार राज्यों की 28 सीटों पर हुए एमएलसी सीटों के लिए हुए चुनाव के नतीजे सामने आ गए हैं. महाराष्ट्र में कुल 5 एमएलसी सीटों पर वोटिंग हुई थी, जिसमें भाजपा के नेतृत्व वाली महायुति 5 में केवल 2 सीटों पर ही जीत दर्ज कर सकी. महाराष्ट्र के एमलएसी चुनाव में महाविकास अघाड़ी ने 3 सीटें जीत ली है. इस बीच सबसे बड़ा उलटफेर बीजेपी के गढ़ नागपुर में देखने को मिला है. यहां पर कांग्रेस के उम्मीदवार अभिजीत गोविंदराव वंजारी ने जीत दर्ज की है.
दरअसल, यह दूसरी बार है, जब नागपुर डिवीजन ग्रेजुएट सीट पर कांग्रेस ने अपना कब्जा जमा लिया. नागपुर बीजेपी का गढ़ माना जाता है. सीएम देवेंद्र फडणवीस खुद नागपुर दक्षिण पश्चिम सीट से विधायक हैं. इसके अलावा केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी भी नागपुर लोकसभा सीट से सांसद हैं. ऐसे में कांग्रेस का यहां जीतना बीजेपी के लिए बड़ा झटका है.
बीजेपी के लिए क्यों माना जा रहा झटका?
नागपुर डिवीजन ग्रेजुएट सीट पर दूसरी बार कांग्रेस की जीत कई मायनों में खास है. देश के चार राज्यों की 28 एमएलसी सीटों पर हुए मतदान में कांग्रेस को केवल एक सीट मिली. कांग्रेस को कर्नाटक में हुए 4 सीटों पर जीत का भरोसा था, लेकिन वहां किसी सीट पर वह सफल नहीं हो सकी. भले ही कांग्रेस ने केवल एक सीट हासिल किया हो, लेकिन जिस सीट से कांग्रेस के प्रत्याशी ने जीत हासिल की है, वह अपने आप में बेहद खास है.
अभिजीत वंजारी के बारे में जानिए
अभिजीत वंजारी कांग्रेस के दिग्गज नेता और वह पेशे से वकील है. वंजारी शिक्षा के क्षेत्र से भी गहराई से जुड़े हुए हैं. वह पिछले कई वर्षों से कांग्रेस के साथ हैं. इससे पहले साल 2020 में भी उन्होंने नागपुर ग्रेजुएट सीट से चुनाव जीता था. इसके बाद पार्टी ने एक बार फिर से उनपर भरोसा जताया, जिसपर वह खरे उतरे.
महाराष्ट्र की पांच सीट के नतीजे
बुधवार देर रात महाराष्ट्र के मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की ओर से जारी बयान के अनुसार, महाराष्ट्र एमएलसी चुनाव में अमरावती शिक्षक सीट पर शिवसेना के किरण सरनाईक को जीत मिली, तो पुणे शिक्षक सीट पर भाजपा उम्मीदवार कौस्तुभ गावडे ने अपने नाम जीत दर्ज की. इसके अलावा पुणे स्नातक सीट पर NCP शरद पवार की उम्मीदवार हर्षदा देशमुख-जाधव ने जीत दर्ज की है. छत्रपति संभाजीनगर स्नातक निर्वाचन क्षेत्र पर भी NCP SP के उम्मीदवार डॉ. प्रतापसिंह पाटिल विजयी रहे.
कर्नाटक में कांग्रेस को झटका
कांग्रेस को सबसे बड़ा झटका कर्नाटक में लगा है, जहां 4 सीटों पर हुए एमएलसी चुनाव में पार्टी का खाता भी नहीं खुला. सबसे खास बात है कि कर्नाटक में कांग्रेस की सरकार है, बवजूद इसके एक भी सीट पर विजय नहीं पाना पार्टी के लिए झटका है. कर्नाटक में बीजेपी ने तीन सीटों पर जीत दर्ज की और जनता दल (सेक्युलर) ने एक सीट जीती. चुनावी परिणाम को लेकर पीएम नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से कांग्रेस के मजे लिए. पीएम ने एक्स पोस्ट में पूछा कि बैलेट पेपर वाले चुनाव में कांग्रेस को कितनी सीटें मिलीं?