)
Justice Ujjal Bhuyan on Voting Rights: सुप्रीम कोर्ट में न्यायाधीश जस्टिस उज्जवल भुइयां ने देशभर में चल रहे मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की कड़ी आलोचना की है. उन्होंने कहा कि किसी भी भारतीय नागरिक को उसके मतदान के अधिकार से वंचित करना शरीर से आत्मा निकालने के समान है. अगर इस तरह का काम किया जा रहा है तो कोई भी तर्क-वितर्क या लीपापोती उसे सही नहीं ठहरा सकता.
जस्टिस भुइयां रविवार को हैदराबाद के नालसर यूनिवर्सिटी ऑफ लॉ में न्यायमूर्ति बोध राज साहनी मेमोरियल मूट कोर्ट प्रतियोगिता के समापन समारोह को संबोधित कर रहे थे. उन्होंने कहा कि ऐसी कोई भी प्रक्रिया, जो भारतीय नागरिकों को थोक में मताधिकार से वंचित करती है. उन्हें बिना मताधिकार वाले नागरिक बना देती, वह सीधे तौर पर संविधान के अनुच्छेद 14 और 326 का उल्लंघन है.
जस्टिस उज्जवल भुइयां ने कहा कि किसी भी भारतीय नागरिक से वोट देने या मतदाता सूची में शामिल होने के अधिकार को नहीं छीना जा सकता. यह उस संवैधानिक व्यवस्था का खंडन होगा, जिसे हमने भारत के संविधान के तहत अपनाया है. यह शरीर से आत्मा को निकाल लेने जैसा होगा.
उन्होंने कहा, 'चाहे कोई अरबपति हो या रिक्शा चलाने वाला, दोनों के पास एक वोट की ताकत है और उनके वोट का मूल्य समान है. इसी तरह मंदिर का पुजारी हो या मैला ढोने के लिए मजबूर किए गए व्यक्ति के वोट का मूल्य समान है. यही भारतीय संविधान का ट्रांसफोर्मेशनल विजन है.'
डॉक्टर आंबेडकर की बात करते हुए न्यायमूर्ति भुइयां ने कहा, 'बाबा साहेब ने अपने समापन भाषण में चेतावनी दी थी कि मतदान के अधिकार को संसदीय कानून की दया पर छोड़ने के बजाय भारत के संविधान में लिखा जाना चाहिए. यह हमारे संविधान संस्थापकों की ओर से भारत के आम आदमी और उसकी बुद्धिमत्ता में विश्वास का ऐसा काम था, जिसने देश में समानता लाने में अहम भूमिका निभाई.'