EC पर संग्राम, विपक्ष बनाएगा नया प्लान: इंडी गठबंधन की बैठक का एजेंडा तय, लेकिन DMK-AAP की दूरी ने बढ़ाई हलचल
30 सितंबर को नई दिल्ली में इंडी गठबंधन की बैठक होने जा रही है. इस बैठक का एजेंडा सीईसी ज्ञानेश कुमार को हटाने की रणनीति बनाना है. इसके अलावा एसआईआर के मुद्दे पर चुनाव आयोग को घेरना है. बैठक से AAP, DMK और TVK ने दूरी बना ली है.
Indi Alliance Meeting: नई दिल्ली में विपक्षी दलों के इंडी गठबंधन की बुधवार (30 सितंबर) को एक अहम बैठक होने जा रही है. जानकारी के अनुसार, इस बैठक के लिए विपक्षी दलों ने एजेंडा तैयार कर लिया है. यह बैठक मंगलवार को कांग्रेस वर्किंग कमेटी की मीटिंग में उठाए गए मुद्दों पर आधारित होगी. इसमें मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार को हटाने और पीएम नरेंद्र मोदी के इस्तीफे की मांग करने वाला प्रस्ताव पारित किया गया था.
दरअसल, कांग्रेस की कार्यकारिणी बैठक के बाद हो रही इंडी गठबंधन की मीटिंग में देशव्यापी आंदोलन शुरू करने की रणनीति भी बनाई जाएगी. इसके साथ ही पूरे देश में चुनाव आयुक्त के खिलाफ विरोध प्रदर्शन और जनसभाएं करने का प्रस्ताव भी पारित किया जा सकता है. माना जा रहा है कि इंडी गठबंधन की बैठक में मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ संसद में महाभियोग प्रस्ताव लाने की रणनीति पर भी चर्चा हो सकती है.
सड़क से संसद तक 'संग्राम' की तैयारी
बुधवार को होने वाली इंडी गठबंधन की बैठक में देशव्यापी आंदोलन की रूपरेखा तैयार की जाएगी. इसके अलावा विपक्ष संसद में महाभियोग प्रस्ताव लाकर मुख्य चुनाव आयोग को हटाने की कोशिश करने की तैयारी में भी है. बताया जा रहा है कि विपक्षी विरोध की शुरुआत रैलियों के माध्यम से होगी. पहली रैली दिल्ली के रामलीला मैदान में हो सकती है, इसके बाद देश के अलग-अलग राज्यों में चरणबद्ध तरीके से रैलियां और विरोध प्रदर्शन किए जाएंगे. सूत्रों के अनुसार, पहली रैली की तारीख का ऐलान भी आज की बैठक में किया जा सकता है.
DMK और APP ने बना ली दूरी?
विपक्ष की बैठक में टीवीके, डीएमके और आम आदमी पार्टी (AAP) हिस्सा नहीं लेंगे, जिसके बाद सियासी अटकलें बढ़ने लगी हैं. तामिलनाडु में कांग्रेस की सहयोगी पार्टी टीवीके का कोई प्रतिनिधि इस बैठक में हिस्सा नहीं लेगा, लेकिन निर्दलीय राज्यसभा सांसद कपिल सिब्बल को आमंत्रित किया गया है.
आम आदमी पार्टी भी इंडी गठबंधन की बैठक में हिस्सा नहीं लेगी. हालांकि, आप की ओर से कहा गया कि वह मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने (महाभियोग) के विपक्ष के कदम का समर्थन करेंगे. इसके अलावा कांग्रेस की पूर्व सहयोगी डीएमके ने भी कहा वह बैठक में शामिल नहीं हो सकते हैं. माना जा रहा है कि तमिलनाडु की हालिया राजनीतिक समीकरण के कारण डीएमके ने इस बैठक से दूरी बनाई है.
दिल्ली में पोस्टर वार शुरू!
इंडी गठबंधन से पहले नई दिल्ली के विभिन्न हिस्सों में सड़कों के किनारे पोस्टर वार देखने को मिला है. अलग-अलग लगे पोस्टर्स में नेताओं की तस्वीरें हैं और उनपर कटाक्ष किया गया है. दिल्ली के एक इलाके में लगे पोस्टर में विपक्षी नेताओं की तस्वीर नजर आ रही है, जिसपर लिखा है, 'जीते तो ताली और हारे तो ECI को गाली'. कांग्रेस की ओर से भी एक पोस्टर लगाया गया, जिसपर मल्लिकार्जुन खरगे का बयान लिखा गया. कुल मिलाकर इंडी गठबंधन से पहले पोस्टर वार शुरू हो गया है.
बैठक में कौन-कौन होगा शामिल?
इंडी गठबंधन की इस बैठक में विपक्षी दलों के दिग्गज नेता शामिल होंगे. कांग्रेस का प्रतिनिधित्व कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी और सोनिया गांधी की ओर से किया जाएगा. टीएमसी का प्रतिनिधित्व ममता बनर्जी, अभिषेक बनर्जी की ओर से किया जाएगा. बैठक में सभी वामदल के नेता भी मौजूद रहेंगे. वहीं, झारखंड मुक्ति मोर्चा के हेमंत सोरेन, आरजेडी प्रमुख तेजस्वी यादव, एनसीपी की सुप्रिया सुले, एनसी के उमर अब्दुल्ला और पीडीपी की महबूबा मुफ्ती भी इसमें शामिल होंगी.
विपक्ष की नाराजगी का कारण भी जानिए
गौरतलब है कि विपक्ष का गुस्सा हाल में ही आई कुछ मीडिया रिपोर्ट्स के बाद भड़का है. रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि वोटर लिस्ट में बदलाव और नए नाम जोड़ने को लेकर दो चुनाव आयुक्तों का ज्ञानेश कुमार से कई बार विवाद हुआ. इसी मुद्दे पर राहुल गांधी ने आरोप लगाया है कि सीईसी ज्ञानेश कुमार ने वोट चुराने में बीजेपी की मदद की है.
यह भी पढ़ें: विवादों में चुनाव आयोग: 'CEC को भारत रत्न दें, उन्हें राष्ट्रपति बनाएं...', ज्ञानेश कुमार पर उमर अब्दुल्ला का तंज
यह भी पढ़ें: 'SIR' पर महासंग्राम: दिल्ली से मुंबई तक भड़का विपक्ष, जानिए CEC से लेकर PM मोदी के इस्तीफे तक क्यों पहुंची बात