SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

26/11 जैसी साजिश का अलर्ट! हैदराबाद के इस रेलवे स्टेशन और होटल को दहलाने की धमकी, एक्शन में साइबर पुलिस

हैदराबाद के एक प्रमुख रेलवे स्टेशन और होटल को 26/11 जैसी आतंकी साजिश के तहत उड़ाने की धमकी मिली है. अलर्ट जारी होते ही साइबर पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां हरकत में आ गई हैं. जानिए पूरे मामले की ताजा अपडेट और जांच से जुड़ी अहम जानकारी.

Written By Ravindra Pratap Singh
Published: Nov 22, 2026, 23:16 IST | Updated: Nov 22, 2026, 23:22 IST
Image Credit: हैदराबाद पर मंडराया आतंकी खतरा! 26/11 की तर्ज पर हमले के ईमेल के बाद हाई अलर्ट घोषित
Join

हैदराबाद में सुरक्षा एजेंसियों की नींद उस वक्त उड़ गई, जब एक धमकी भरे ईमेल के जरिए शहर को दहलाने की चेतावनी दी गई. इस ईमेल के सामने आने के बाद पूरे हैदराबाद को हाई अलर्ट पर रखा गया है. खुद को आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (LeT) से जुड़ा बताने वाले एक शख्स ने ईमेल भेजकर शहर के एक प्रमुख होटल और रेलवे स्टेशन पर बम धमाके करने की धमकी दी है.

धमकी देने वाले ने दावा किया है कि इन हमलों में कम से कम 300 लोगों की जान ली जाएगी. इस गंभीर चेतावनी के बाद पुलिस और खुफिया विभाग पूरी तरह सतर्क हो गया है. हैदराबाद पुलिस की स्पेशल ब्रांच की ओर से 21 नवंबर को जारी किए गए एक विशेष अलर्ट के मुताबिक, इस धमकी भरे ईमेल में सीधे तौर पर काचीगुड़ा स्थित 'होटल टूरिस्ट प्लाजा' और 'काचीगुड़ा रेलवे स्टेशन' को निशाना बनाने की बात कही गई है.

26/11 जैसे हमले की धमकी भरा मेल

ईमेल भेजने वाले ने बेहद खौफनाक इरादा जाहिर करते हुए लिखा है कि आगामी 26 नवंबर को हैदराबाद में ठीक वैसा ही आतंकी हमला दोहराया जाएगा, जैसा 26 नवंबर 2008 को मुंबई में हुआ था. ईमेल में इस संभावित हमले के पीछे की वजह भी बताई गई है. भेजने वाले ने दावा किया है कि यह हमला भारतीय सेना द्वारा लश्कर-ए-तैयबा के कमांडर लतीफ भट और उसके अन्य साथियों को मार गिराए जाने का बदला लेने के लिए किया जाएगा.

चप्पे-चप्पे पर कड़ी निगरानी और एंटी-सैबोटाज चेकिंग

धमकी की गंभीरता को देखते हुए हैदराबाद सिटी पुलिस ने बिना कोई वक्त गंवाए शहर में एहतियाती सुरक्षा कदम उठाने शुरू कर दिए हैं. स्पेशल ब्रांच के संयुक्त पुलिस आयुक्त की ओर से शहर के सभी थाना प्रभारियों (SHOs), सहायक पुलिस आयुक्तों (ACPs) और पुलिस उपायुक्तों (DCPs) को हाई अलर्ट पर रहने के सख्त निर्देश दिए गए हैं. इसके अलावा ट्रैफिक पुलिस और स्पेशल टास्क फोर्स की टीमों को भी मैदान में उतार दिया गया है.

यह भी पढ़ेंः जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में आतंकी हमला, CRPF नाका टीम पर हुई फायरिंग; 2 सैनिक घायल

होटल टूरिस्ट प्लाजा और काचीगुड़ा रेलवे स्टेशन के साथ-साथ शहर के तमाम भीड़भाड़ वाले इलाकों, बस अड्डों, धार्मिक स्थलों, अन्य होटलों और महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों पर सुरक्षा व निगरानी कई गुना बढ़ा दी गई है. पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, लावारिस वस्तु, संदिग्ध वाहन या असामान्य गतिविधि पर पैनी नजर रखें. संभावित खतरों को टालने के लिए संदिग्ध ठिकानों पर लगातार एंटी-सैबोटाज चेकिंग (तोड़फोड़ रोधी जांच) की जा रही है और पुलिस गश्त भी तेज कर दी गई है. साथ ही, अन्य सुरक्षा एजेंसियों के साथ भी लगातार तालमेल बिठाया जा रहा है.

साइबर क्राइम पुलिस कर रही है ईमेल भेजने वाले की तलाश

एक तरफ जहां जमीन पर पुलिस बल पूरी मुस्तैदी से तैनात है, वहीं दूसरी तरफ तकनीकी मोर्चे पर भी जांच तेज कर दी गई है. हैदराबाद की साइबर क्राइम पुलिस इस बात का पता लगाने में जुट गई है कि यह धमकी भरा ईमेल किस आईपी एड्रेस और कहां से भेजा गया है. पुलिस की कोशिश है कि जल्द से जल्द इसके पीछे छिपे असली गुनहगारों की पहचान कर उन तक पहुंचा जा सके, ताकि यह भी साफ हो सके कि यह किसी आतंकी संगठन की असली साजिश है या फिर किसी शरारती तत्व की करतूत.

अफवाहों पर ध्यान न देने की पुलिस की अपील

सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद करने के साथ-साथ हैदराबाद सिटी पुलिस ने आम नागरिकों से भी शांति बनाए रखने की अपील की है. पुलिस की ओर से जारी एक प्रेस नोट में कहा गया है कि लोग इस धमकी को लेकर किसी भी तरह की अफवाहों पर यकीन न करें और न ही सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से ऐसी कोई भ्रामक जानकारी फैलाएं. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आम लोगों के जान-माल की सुरक्षा के लिए पुलिस बल 24 घंटे तैनात और पूरी तरह प्रतिबद्ध है. इसके साथ ही नागरिकों से सहयोग मांगते हुए कहा गया है कि यदि उन्हें कहीं भी कोई संदिग्ध व्यक्ति या लावारिस वस्तु दिखाई दे, तो वे बिना घबराए तुरंत इमरजेंसी नंबर 112 पर कॉल करके पुलिस को सूचित करें.

यह भी पढ़ेंः प्रोटेस्ट में जल रहे फ्रांस में फिर आतंकी हमला? पेरिस के पास ताबड़तोड़ फायरिंग; 1 की मौत, 4 घायल

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

रवींद्र प्रताप सिंह ने साल 2015 में जागरण.कॉम से डिजिटल मीडिया में कदम रखा मौजूदा समय वो ज़ी न्यूज डिजिटल में चीफ सब एडिटर हैं. अगस्त 2025 में उन्होंने ज़ी न्यूज ज्वाइन किया है. रवींद्र देश और दुनिया की खबरों के अलावा खेलों में क्रिकेट जगत और क्राइम की खबरों पर बेहतरीन पकड़ रखते हैं. इसके पहले रवींद्र रिपब्लिक भारत में इवनिंग शिफ्ट के इंचार्ज रहे और शाम की शिफ्ट संभालते हुए होम पेज की जिम्मेदारी रवींद्र के ऊपर थी. उससे पहले रवींद्र ने जनसत्ता और न्यूज नेशन में भी शाम की शिफ्ट और होम पेज की जिम्मेदारी बखूबी निभाई. इसके पहले रवींद्र ने 5 सालों तक पी7 और लाइव इंडिया जैसे न्यूज चैनलों में काम किया था. रवींद्र आकाशवाणी में काम करने का अनुभव रखते. अवध यूनिवर्सिटी से मॉस कम्युनिकेशन से पोस्ट ग्रेजुएट रवींद्र पिछले डेढ़ दशक से सक्रिय पत्रकारिता कर रहे हैं. आप रवींद्र से जुड़ने के लिए Ravindra.Singh@India.com पर मेल कर सकते हैं या फिर फेसबुक पर संपर्क करने के लिए https://www.facebook.com/pintu.singh.397 और एक्स पर https://x.com/rs66533 रवींद्र से संपर्क किया जा सकता है. 
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES