हैदराबाद में तनाव: प्रतिमा विसर्जन के दौरान अराजक तत्वों ने फेंके अंडे, भड़की हिंसा; पुलिस बल तैनात
हैदराबाद के मदनन्नापेट में दुर्गा माता मूर्ति विसर्जन शोभायात्रा पर अंडे फेंकने की घटना के बाद तनाव फैल गया. हिंदू संगठनों के विरोध प्रदर्शन के बाद पुलिस ने स्थिति पर काबू पाया और संदिग्धों को हिरासत में लेकर जांच शुरू की है.
हैदराबाद के मदनपेट थाना क्षेत्र में दुर्गा माता की प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान एक अप्रिय घटना सामने आई है. विसर्जन के लिए ले जाई जा रही मूर्ति पर कथित तौर पर अंडे फेंके जाने के बाद इलाके में देर रात अचानक तनाव फैल गया. घटना की खबर मिलते ही हिंदू संगठनों के लोग मौके पर जुट गए और विरोध-प्रदर्शन शुरू कर दिया. न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक, घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम बिना किसी देरी के मौके पर पहुंची. पुलिस अधिकारियों ने तुरंत स्थिति को संभाला और मामले की जांच शुरू कर दी.
मदनपेट पुलिस थाने के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि उन्हें 'डायल 100' पर एक कॉल के जरिए घटना की सूचना मिली थी. कॉलर ने बताया कि संतोष नगर होटल लेन के पास से गुजर रहे विसर्जन जुलूस पर कुछ असमाजिक तत्वों ने अंडे फेंके हैं. पुलिस अधिकारी के अनुसार, 'सूचना मिलते ही हमारी टीम तुरंत घटना स्थल पर पहुंची और शुरुआती पूछताछ के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है. इस सिलसिले में कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है. फिलहाल पूरे मामले की गहराई से जांच जारी है.'
असामाजिक तत्वों पर कसी जाए नकेल
देर रात हुए इस हंगामे के बाद इलाके में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि स्थिति नियंत्रण में रहे. पुलिस प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है. कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही गई है. इससे पहले महाराष्ट्र के वाशिम जिले से भी दुर्गा विसर्जन जुलूस के दौरान ऐसी ही एक घटना सामने आई थी. वहां विसर्जन यात्रा के दौरान दो गुटों के बीच पथराव हो गया था.
महाराष्ट्र में गुलाल उड़ाने को लेकर बिगड़ा था माहौल
महाराष्ट्र में यह विवाद जुलूस के दौरान 'गुलाल' उड़ाने को लेकर शुरू हुआ था. देखते ही देखते मामूली बहस ने बड़ा रूप ले लिया और बात पथराव तक पहुंच गई. हालांकि, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाल लिया था. वाशिम पुलिस ने इस मामले में एफआईआर (FIR) दर्ज कर ली है और अधिकारियों का कहना है कि अब इलाके में पूरी तरह से शांति बनी हुई है.
त्योहारों पर सतर्कता की जरूरत
त्योहारों के इस सीजन में देश के अलग-अलग हिस्सों से विसर्जन जुलूसों के दौरान विवाद की खबरें चिंता बढ़ाती हैं. ऐसे समय में स्थानीय प्रशासन और आम जनता, दोनों की समझदारी और सतर्कता बेहद जरूरी हो जाती है, ताकि आपसी सौहार्द और त्योहार की पवित्रता बनी रहे.