SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

'कितने बुलडोजर हैं, मेरे सीने पर चलाकर दिखाओ...', ममता बनर्जी ने BJP को दी खुली चुनौती

पश्चिम बंगाल में अभिषेक बनर्जी के घर पर कथित हमले और काली पूजा में बाधा डालने के आरोपों ने सियासी हलचल बढ़ा दी है. ममता बनर्जी ने बीजेपी पर हमला बोलते हुए कड़ी चेतावनी दी.

Written By Tahir Kamran
Published: Nov 07, 2026, 02:57 PM IST | Updated: Nov 07, 2026, 03:59 PM IST
Image Credit: पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की फाइल फोटो
Join

पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने अपने भतीजे अभिषेक बनर्जी के आवास पर हुए हमले और कोलकाता के कालीघाट में काली पूजा समारोह में कथित रूप से बाधा डालने के मामले में भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा. अभिषेक से मिलने के बाद मीडिया से बात करते हुए ममता ने कहा,'आपके पास कितने बुलडोजर हैं? आइए, मैं आपके सामने खड़ी हूं. मेरे शरीर, मेरी छाती पर बुलडोजर चलाइए. मैं देखना चाहती हूं कि आपके अंदर कितनी हिम्मत है.'

बनर्जी ने आगे कहा,'कल काली पूजा और दिवाली है. कल रात 2:00 बजे अभिषेक बनर्जी के घर पर हमला किया गया. यह हमारा इलाका है, जहां से देवी काली के कई जुलूस गुजरते हैं. आप इस तरह की गड़बड़ी क्यों पैदा कर रहे हैं? आपने हमारी पारंपरिक और लंबे समय से चली आ रही पूजाओं की अनुमति रद्द कर दी है, जबकि नई पूजाओं को करने की इजाजत दे दी है. इसके अलावा, आपने कल रात हमारे स्थानीय क्लबों को काम करने से रोका. हम 'INDIA' गठबंधन का हिस्सा हैं और यही उनके गुस्से की वजह है.'

यहां गुंडागर्दी चल रही है- ममता बनर्जी

ममता ने कहा, 'यहां पूरी तरह से गुंडागर्दी चल रही है. लोग यहां रात के 2:00 या 3:00 बजे आ जाते हैं, अगर आपमें बुलडोजर चलाने की हिम्मत है, तो फिर आप रात के 3:00 बजे गुंडों की टोली लेकर काली पूजा के आयोजन पर हमला करने क्यों आते हैं? हम यहां पार्टी से जुड़ा काम कर रहे हैं और आप आकर उसमें बाधा डाल रहे हैं.'

हमारे ऊपर चला दीजिए बुलडोडर

उन्होंने कहा,'यह पूरी तरह से गैर-कानूनी है. हमारे इलाके के क्लब को ही देख लीजिए; वे हमें रात भर अपनी गतिविधियां नहीं चलाने देते थे. मुख्य सड़क पर जो 'पूजा' लगाई गई है, उसे भी गैर-कानूनी तरीके से अनुमति दी गई है. वहां पहले कभी कोई 'पूजा' नहीं होती थी. पूजा हमेशा अंदर होती थी. कल शाम करीब 9:00 बजे, उन्होंने सड़क के मोड़ पर ही इसे लगा दिया, जिससे हमारी अपनी 'पूजा' तक जाने का रास्ता ही बंद हो गया. यह क्या है? यह सरासर मनमानी और जुल्म है. आप बुलडोजर लाना चाहते हैं? तो लाइए, हमारे ऊपर, हमारे शरीरों के ऊपर ही अपने बुलडोजर चला दीजिए.'

यह भी बढ़ें: '12 वर्षों में खराब किया देश का माहौल': मोदी सरकार पर सोनिया गांधी का अटैक, BJP का पलटवार

अभिषेक बनर्जी भी लगा चुके हैं गंभीर आरोप

इससे पहले अभिषेक बनर्जी ने आरोप लगाया कि ममता बनर्जी के नेतृत्व वाले TMC गुट के समर्थकों के साथ झड़प के बाद, BJP समर्थित गुंडों ने रात करीब 2 बजे कालीघाट रोड स्थित उनके आवास पर हमला कर दिया. उन्होंने इस घटना को जानलेवा हमला बताया. डायमंड हार्बर के सांसद ने 'X' पर लिखा,'दो दिनों तक लगातार रेकी करने के बाद, आज रात 2 बजे BJP के गुंडों ने मेरे घर पर इस तरह हमला किया. फुटेज देखें और खुद ही समझ लें. अगर एक चुने हुए सांसद के साथ ऐसा हो सकता है, तो सोचिए पश्चिम बंगाल में आम आदमी का क्या हाल होगा. पिछले छह महीनों में मेरी जान लेने की यह सातवीं कोशिश है. फिर भी, न तो पुलिस ने कोई कार्रवाई की है और न ही न्यायपालिका ने कोई दखल दिया है.'

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Zee News में नेशनल डेस्क पर देश–विदेश और राजनीति से जुड़ी खबरें लिखते हैं. करियर का आगाज 2015 से 'पंजाब केसरी' ग्रुप के उर्दू अखबार ‘हिंद समाचार’ से किया, जहां वे कंटेट राइटर से पेज डिजाइनर तक पहुंचे. इसके बाद उर्दू, हिंदी और पंजाबी - तीनों भाषाओं में काम करने का मौका मिला. 2018 में डिजिटल की तरफ कूच करते हुए पंजाब केसरी ग्रुप की उर्दू वेबसाइट की लॉन्चिंग टीम का नेतृत्व किया. इसके बाद 2020 में 'Zee Salaam' ज्वाइन किया, यहां भी वेबसाइट को लॉन्च करने के साथ-साथ तीन साल टीम का नेतृत्व भी किया. इसी दौरान ZEE Delhi NCR वेबसाइट भी लॉन्च हुई, जिसमें उनका अहम योगदान रहा. 2023 में India Daily Live की लॉन्चिंग टीम के साथ काम किया और शुरुआती दिनों में हिंदी के अलावा पंजाबी, तमिल, तेलुगु और गुजराती वेबसाइट टीमों को मैनेज किया. अक्टूबर 2024 में फिर से Zee Media में में वापसी करते हुए नेशनल टीम का हिस्सा बने. तकनीक में दिलचस्पी की वजह से उन्होंने React.js और वेब डिजाइनिंग सीखी. यही कारण है कि उनकी खबरों में HTML-CSS के छोटे-छोटे ग्राफिक्स दिख जाते हैं, जो मुश्किल बातों को भी आसान बना देते हैं. करियर की शुरुआत में कुछ दिनों तक फोटो स्टूडियो में भी काम किया, जहां कैमरा, Adobe Photoshop और ग्राफिक डिजाइनिंग सीखी, जो आज भी उनके डिजिटल काम में मदद करता है. उर्दू शायरी से प्यार अलग ही है. ग़ज़लें, नज़्में, गीत भी लिखते हैं और कई अखबारों में उनकी शायरी छप भी चुकी हैं. राहत इंदौरी, मुनव्वर राणा, अनवर जलालपुरी खुशबीर सिंह शाद और नवाज देवबंदी, माजिद देवबंदी  जैसे शायरों के इंटरव्यू व बातचीत का अनुभव भी उनके पास है. आप tahir.kamran@india.com पर सीधे ईमेल या फिर नीचे X और Facbook से जुड़ सकते हैं. 
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES