आसमानी आफत: उत्तर भारत के कई शहरों में 'तूफानी' बारिश, पेड़ उखड़े, जगह-जगह जलभराव; IMD ने बताया देश के मौसम का हाल
प्रिय पाठकों बीती रात जब आप गहरी नींद में होंगे, तब दिल्ली-एनसीआर आंधी और तूफानी हवाओं की चपेट में था. जगह-जगह पेड़ उखड़ गए. आंधी थमी तो मूसलाधार बारिश ने दिल्ली और आस-पास के इलाकों को सरोबार करते हुए टापू में बदल दिया. आइए जानते हैं देशभर के मौसम का हाल
दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई शहरों में आधी रात से शुरू हुई बारिश अभी भी कुछ इलाकों में बंद नहीं हुई है. मौसम में अचानक आए इस बदलाव से ठंड बढ़ गई है. मॉनसून की विदाई के बाद बदरा बरसे तो ऐसे बरसे की थमने का नाम नहीं ले रहे थे. भारी बारिश के चलते पूरी दिल्ली और एनसीआर में जगह-जगह जलजमाव है. ऐसे में सोमवार की सुबह आप जब ऑफिस, दुकान या किसी काम से निकले तो थोड़ा समय का मार्जिन लेकर निकलें, क्योंकि रोड पर ट्रैफिक की रफ्तार सुस्त होने और जाम लगने के भी पूरे आसार हैं. वहीं दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद, गुरुग्राम समेत आस-पास के सभी शहरों की ट्रैफिक पुलिस के सोशल मीडिया हैंडल्स देखकर ट्रैफिक का हालचाल जान लें.
बारिश का अलर्ट और ठंड का अहसास
मौसम विभाग (IMD) ने अगले कुछ घंटों में दिल्ली- एनसीआर में तूफानी हवाओं के साथ भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. हवाओं की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. झमाझम बारिश के बाद पारे ने भी गोता लगाया तो तापमान में गिरावट देखने को मिली. सुबह-सुबह की हवाओं ने ठंड का ठीकठाक अहसास कराया है. शारदीय नवरात्रि की शुरुआत होते ही सर्दी के सीजन की शुरुआत हो चुकी है.
उत्तर भारत के कई शहरों में बीते कुछ दिनों में पारे में एक से तीन डिग्री सेल्सियल की गिरावट आई है. इसलिए बुजुर्गों और बीमार लोगों का विशेष ध्यान रखने की जरूरत है. दिल्ली में सोमवार को अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान लगाया गया है.
जलभराव
तेज बारिश का असर नोएडा और गाजियाबाद के कई अंडरपास के अलावा दिल्ली के रजोकरी, आईटीओ, कनॉट प्लेस, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन, झंडेवालान, राजीव चौक, पटेल नगर के अलावा एनसीआर के नोएडा, ग्रेटन नोएडा और गाजियाबाद तक देखा गया. तेज बारिश के चलते नवरात्रि में कालका जी, छतरपुर में कात्यायनी माता के मंदिर और और झंडेवाली माता के मंदिर में दर्शन के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं को सड़कों पर पानी भरा नजर आया. इसके अलावा कई अलग इलाकों में जलभराव की समस्या देखी गई.
इन राज्यों में आंधी-मूसलाधार बारिश का अलर्ट
हालांकि मौसम विभाग ने दिल्ली में बारिश का जो पूर्वानुमान लगाया था, वो सही साबित हुआ. 25 अक्टूबर के बाद उत्तर भारत में अधिकतम तापमान में भी तेजी से गिरावट आने के आसार हैं. इसके साथ ही दिन की गर्मी से राहत मिलने और सुबह-शाम ठंडक बढ़ने की संभावना है.
12 अक्टूबर को दिल्ली, यूपी, उत्तराखंड, हिमाचल, बिहार, हरियाणा, राजस्थान और पंजाब समेत देश के बड़े हिस्से में मूसलाधार बारिश का अनुमान लगाया गया है. ओवर ऑल बात करें तो जम्मू-कश्मीर, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, झारखंड, ओडिशा, त्रिपुरा, असम, मेघालय, सिक्किम, तमिलनाडु, केरल, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक और गोवा में बारिश का अलर्ट है.