App

बीच हवा में अफरा-तफरी: इंडिगो फ्लाइट का लैंडिंग गियर खराब होने से हड़कंप, पुणे में विमान की इमरजेंसी लैंडिंग; 192 यात्री थे सवार

गुवाहाटी जा रही इंडिगो की एक फ्लाइट की पुणे एयरपोर्ट की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई. लैंडिंग गियर में दिक्कत आने के बाद विमान की इमरजेंसी लैंडिग करानी पड़ी. इस विमान में किल 192 लोग सवार थे. एयरलाइन कंपनी ने कहा कि विमान की जांच की जाएगी.

बीच हवा में अफरा-तफरी: इंडिगो फ्लाइट का लैंडिंग गियर खराब होने से हड़कंप, पुणे में विमान की इमरजेंसी लैंडिंग; 192 यात्री थे सवार
Image Credit: पुणे में इंडिगो विमान की इमरजेंसी लैंडिंग. (फोटो- एएनआई)

पुणे से असम के गुवाहाटी जा रही इंडिगो की एक फ्लाइट में बीच हवा में तकनीकी खराबी आ गई है, जिसके बाद विमान की वापस पुणे एयरपोर्ट पर लैंडिंग करानी पड़ी. विमान में क्रू मेंबर्स के साथ कुल 192 यात्री सवार थे. जानकारी के मुताबिक, पुणे एयरपोर्ट से इंडिगो की फ्लाइट 6E 0623 (VT-IZE) ने उड़ान भरी थी, जिसके कुछ समय बाद पायलट ने पाया कि लैंडिंग गियर में दिक्कत आ गई है, जिस कारण वह अंदर नहीं जा पा रहा है. इसकी जानकारी पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को दी, जिसके बाद विमान की इमरजेंसी लैंडिग कराई गई.

पुणे एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग के बाद फ्लाइट 6E 0623 में सवार सभी यात्रियों और क्रू मेंबर्स को सुरक्षित तरीके से बाहर निकाल लिया गया और विमान की जांच की जा रही है. विमान में सवार सभी लोग सुरक्षित हैं. एयरलाइन ने बताया कि यात्रियों को पुणे से गुवाहाटी ले जाने के लिए एक अन्य विमान की व्यवस्था की जा रही है.

घटना पर एयरलाइन का बयान

इस घटना पर इंडिगो की ओर से एक बयान भी जारी किया गया है, जिसमें कहा गया कि 15 नवंबर 2026 को पुणे से गुवाहाटी जा रही इंडिगो फ्लाइट 6E 623, उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद तकनीकी खराबी आने के कारण वापस लौट आई और पुणे इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतर गई.

वहीं, पुणे एयरपोर्ट प्रशासन ने एक बयान में कहा कि पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल को सूचित किया कि लैंडिंग गियर में कोई तकनीकी खामी आ गई है, जिस कारण वह अंदर नहीं जा पा रहा है. 

एयरफोर्स को किया गया अलर्ट

जैसे ही पायलट की ओर से विमान में तकनीकी खराबी की बात कही गई, एयरपोर्ट प्रशासन ने ATC, एयरलाइन और अन्य एजेंसियों के साथ समन्वय किया. इसके बाद हवाई अड्डे पर भारतीय वायु सेना (IAF) ने 'फुल इमरजेंसी' घोषित कर दी और तय आपातकालीन प्रक्रियाओं को लागू कर दिया.

लैंडिंग से पहले ही यात्रियों और क्रू की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए फायर सर्विस, एंबुलेंस और अन्य आपातकालीन टीमों को अलर्ट कर दिया. एहतियात बरतते हुए विमान को रनवे के ऊपर कम ऊंचाई से गुजारा गया, जिससे लैंडिंग गियर की स्थिति को बाहर से देखा जा सके. इसके बाद विमान की सुबह 9.04 बजे सुरक्षित लैंडिंग हो सकी. लैंडिंग के तुरंत बाद तीन फायर इंजन और दो एंबुलेंस की मदद से विमान को बे नंबर 7 तक ले जाया गया.

विमान की जांच जारी

इस पूरे मामले को लेकर अधिकारियों ने बताया कि फ्लाइट की सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग और यात्रियों को विमान से उतार लेने के बाद एयरोपोर्ट से फुल इमरजेंसी को हटा लिया गया. विमान से यात्रियों को एयरोब्रिज की मदद से नीचे उतारा गया और उनके लिए दूसरे विमान की व्यवस्था की गई. एयरलाइन ने एक बयान में कहा कि विमान की जांच की जा रही है और जरूरी मंजूरी मिलने के बाद यह फिर से उड़ान भरने के लिए तैयार होगा. 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

abhinav tripathi

abhinav tripathi

अभिनव त्रिपाठी जी न्यूज हिंदी में बतौर सब एडिटर कार्यरत हैं।  पत्रकारिता के क्षेत्र में 3 साल से अधिक समय का अनुभव रखते हैं। डेस्क पर रियल टाइम की देश-विदेश की खबरों को कवर करते हैं। राष्ट्रीय राजनीति और अंतरराष्ट्रीय खबरों को लिखना पसंद है। वैश्विक घटनाक्रम के किसी भी जटिल मुद्दे को आसान भाषा में समझाना अच्छी तरीके से आता है। इससे पहले जागरण डॉट कॉम के साथ सब एडिटर के तौर पर काम कर चुके हैं।  करियर की शुरुआत एक सैटेलाइट चैनल से की थी। पत्रकारिता की पढ़ाई काशी विद्यापीठ वाराणसी से की है। 
Read More