दिल्ली-NCR बना गैस चैंबर: सांसों पर संकट के बीच AQI 370 पहुंचा, अभी तो दिवाली बाकी है!
दिल्ली में दिवाली से पहले ही 'सांसों का संकट' खड़ा हो गया है. आज (सोमवार, 02 नवंबर) को राजधानी में अक्षरधाम मंदिर और ITO के आसपास के इलाके के इलाकों में AQI 349 दर्ज किया गया.
सर्दी आते ही दिल्ली-एनसीआर में सांसों पर संकट खड़ा हो जाता है. इस बार तो दिवाली से पहले ही दिल्ली 'स्मोक फैक्ट्री' में तब्दील हो गई है. आज (सोमवार, 2 नवंबर) सुबह राजधानी में कई इलाकों में हवा की हालत और बिगड़ कर 'बहुत खराब' हो गई और वायु गुणवत्ता सूचकांच (AQI) 370 के करीब दर्ज किया गया. केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली के आरके पुरम के आसपास के इलाके में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 370 दर्ज किया गया है, जिसे 'बहुत खराब' की श्रेणी में रखा गया है. वहीं, अक्षरधाम मंदिर और ITO के आसपास के इलाके के इलाकों में AQI 349 दर्ज किया गया. इंडिया गेट और जनपथ के आसपास के इलाके में AQI 335 पर रहा.
उधर, वायु प्रदूषण को देखते हुए राजधानी दिल्ली में 01 नवंबर से नई पाबंदियां लागू हो गईं. हालांकि, पाबंदियों के पहले दिन ही रविवार को वायु गुणवत्ता खराब श्रेणी में पहुंच गई. पिछले हफ्ते बारिश और तेज हवाओं के कारण वायु गुणवत्ता में थोड़ी राहत मिली थी. हालांकि, मौसम में सुधार होते ही हवा की गुणवत्ता काफी बिगड़ गई. दिवाली से कुछ दिन पहले ही प्रदूषण का स्तर इतना बढ़ने से स्थिति चिंताजनक हो गई है. सीपीसीबी के अनुसार, दिवाली पर प्रदूषण और बढ़ेगा. इस कारण से एक्यूआई ‘बेहद खराब श्रेणी’ में पहुंच जाएगा.
CPCB की ओर से रविवार की शाम 4 बजे जारी बुलेटिन के अनुसार, दिल्ली का 24 घंटे का औसत AQI 261 दर्ज किया गया था. 17 अप्रैल के बाद यह सबसे अधिक था. उस वक्त दिल्ली में AQI 263 दर्ज किया गया था.
ऑस्ट्रेलिया में महसूस हुआ दिल्ली का खतरा!
ब्रिटिश कलाकार माइकल पिंस्की ने हाल ही में ऑस्ट्रेलिया के पर्थ शहर में 'पॉल्यूशन पॉड्स' नामक एक प्रदर्शनी लगाई थी, जिसमें दिल्ली के 'वायु प्रदूषण' को भी दिखाया गया था. इस प्रदर्शन में दिल्ली के अलावा बीजिंग, लंदन, साओ पाउलो और नॉर्वे के टौट्रा शहर की हवा की गुणवत्ता को दिखाया गया था. इस प्रदर्शनी के जरिए लोगों को यह बताने की कोशिश की गई थी कि दिल्ली में सांस लेना, कितना हानिकारक है. प्रदर्शनी के आधार पर ऑस्ट्रेलियाई डॉक्टरों ने कहा था कि दिल्ली का वायु प्रदूषण लेवल इतना जहरीला हो गया है, जैसे कोई व्यक्ति रोजाना 33 से 50 सिगरेट पी रहा हो.
ये भी पढ़ें- अर्नब के बाद 'मुरासु' का महातांडव: कल करेगा लैंडफॉल, इन राज्यों में मचाएगा तबाही; आज कैसा रहेगा मौसम?