)
Delhi Protest: नई दिल्ली में बीते दिन विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने हजारों लोगों को हिरासत में लिया था. पुलिस ने मुंबई से दिल्ली की फ्लाइट में आ रहे कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के मेंबर्स अभीजित दिपके, सौरव दास और आशुतोष रांका को भी लैंडिंग के दौरान डीटेन कर दिया था. अब CJP ने फिर रविवार ( 11 अक्टूबर 2026) को सुबह 10 बजे जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का ऐलान किया है.
CJP ने पुष्टि की है कि शनिवार ( 10 अक्टूबर 2026) को लगाए गए प्रतिबंधों के बावजूद सेंट्रल दिल्ली में प्रदर्शन होगा. प्रदर्शनकारियों का कहना है कि विवादित मतदाता सूची संशोधन प्रक्रियाओं को रद्द करने की उनकी केंद्रीय मांग पर कोई समझौता नहीं किया जाएगा.
शनिवार को दिल्ली में हाई सिक्योरिटी वाले इलाकों के आसपास बिना अनुमति के सभाओं को रोकने के लिए सिक्योरिटी प्रोटोकॉल लागू किए गए. इस दौरान प्रमुख राजनीतिक हस्तियों, सिविल सोसाइटीज के कार्यकर्ताओं और छात्र संघ के प्रतिनिधियों समेत 5,000 से ज्यादा लोगों को कई जगहों से हिरासत में लिया गया.
11 October | Sunday | 10am Chalo Jantar Mantar! @Cockroachisback https://t.co/U7Gk8i6fYV
— Ajinkya Shinde (@AjinkyaCJP) October 10, 2026
गिरफ्तार किए गए लोगों की संख्या को नियंत्रित करने के लिए स्पोर्ट्स कॉम्पलैक्स को डिटेंशन सेंटर्स बनाया गया था. शनिवार देर शाम तक पुलिस अधिकारियों ने पुष्टि करते हुए कहा कि लगभग 3,000 हिरासत में लिए गए प्रदर्शनकारियों की प्रक्रिया पूरी कर ली गई और उन्हें रिहा कर दिया गया था.
CJP के प्रमुख नेताओं अभिजीत दिपके , सौरव दास और आशुतोष रांका समेत कई बड़े आयोजकों को दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचते ही हिरासत में लिया गया. प्रदर्शन के चलते शनिवार को किए गए सुरक्षा इंतजामों में मेट्रो स्टेशन के गेट अस्थायी रूप से बंद कर दिए गए, रूट बदले गए और ट्रांसपोर्ट सिस्टम में भी किए बदलाव किए गए. इसको लेकर सुप्रीम कोर्ट में जस्टिस जॉयमाल्य बागची और जस्टिस वी मोहना की अध्यक्षता में स्पेशल बेंच याचिका पर सुनवाई करने वाली है.
शनिवार को दिल्ली पुलिस की ओर से प्रदर्शनकारियों और CJP कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिए जाने के बाद से CJP के अजिंक्य शिंदे ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि हिरासत के बावजूद पार्टी पीछे नहीं हटेगी. उन्होंने कहा,' सरकार ने सोचा होगा कि आज हिरासत में लिए जाने के बाद हम घर लौट जाएंगे. मोदी-शाह का यह डर दिखाता है कि हमने आधी लड़ाई जीत ली है.' उन्होंने कहा कि आप जितने लोगों को हिरासत में ले, हम बिना ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा लिए वापस नहीं जाएंगे. उन्होंने आज सुबह 10 बजे वापस जंतर-मंतर जाने की बात कही.