एक ईमेल और मुंबई में मचा हड़कंप! खालिस्तानी निशाने पर मायानगरी, BMC दफ्तर और बिग-बी के बंगले को ड्रोन से उड़ाने की धमकी
अमिताभ बच्चन के बंगले जलसा को ड्रोन से उड़ाने की धमकी दी गई है. धमकी भरे ईमेल में ऋतु तावड़े के कार्यालय और बीएमसी दफ्तर को ड्रोन के जरिए उड़ाने की बात कही गई है. फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन को एक बार फिर से धमकी मिलने का मामला सामने आया है. जानकारी के मुताबिक, अमिताभ बच्चन के बंगले जलसा को ड्रोन से उड़ाने की धमकी दी गई है. इसी के साथ मुंबई की मेयर और बीएमसी दफ्तर को भी एक धमकी मिली है. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मुंबई की मेयर ऋतु तावड़े के कार्यालय को आज (गुरुवार, 26 नवंबर) एक धमकी भरा ईमेल मिला है. इस ईमेल में ऋतु तावड़े के कार्यालय और बीएमसी दफ्तर को ड्रोन के जरिए उड़ाने की बात कही गई है. ईमेल में अमिताभ बच्चन के बंगले और पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ के मुंबई में होने जा रहे कॉन्सर्ट को भी निशाना बनाने की बात कही गई है. सूत्रों के अनुसार, इस धमकी भरे ईमेल में एक खालिस्तानी संगठन का नाम लिखा है. फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
बीएमसी कार्यालय पहुंची BDDS की टीम
वहीं, धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वॉड (BDDS) की टीम बीएमसी कार्यालय पहुंची और दफ्तर के चप्पे-चप्पे की जांच की. सूत्रों के अनुसार, अमिताभ के बंगले जलसा की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है. मुंबई पुलिस ने बच्चन परिवार के घर के बाहर पहरे को सख्त कर दिया है.
3 दिन पहले भी मिली थी धमकी
बता दें कि इससे पहले भी दोनों कलाकारों को धमकी मिल चुकी है. तीन दिन पहले ही 23 नवंबर को पुणे डिस्ट्रिक्ट कोर्ट को एक धमकी भरा ईमेल मिला था, जिसमें दिलजीत दोसांझ के मुंबई कॉन्सर्ट में बम ब्लास्ट करने और बिग-बी के बंगले जलसा को ड्रोन से उड़ाने की बात कही गई थी.
ईमेल में लिखे थे खालिस्तान नारे
धमकी भरे इस ईमेल में महालक्ष्मी स्टेडियम में आईफोन के जरिए बम धमाका करने की बात कही गई थी. इस ईमेल में भी खालिस्तान के नारों का जिक्र था. ईमेल में लिखा था- 'बम धमाके बचन-दिलजीत, मुंबई बोलेगा खालिस्तान जिंदाबाद, बच्चन जलसा विच ड्रोन दे हमले विच मरना, खून दा बदला खून, बच्चन दा हाय नारा, जिस नल सिखन दे नसलकुशी.'
अमिताभ बच्चन की सुरक्षा बढ़ाई गई
धमकियों के बीच अमिताभ बच्चन बुलेटप्रूफ ग्लास के पीछे से अपने फैन्स से मिलते दिखाई दिए थे. बता दें कि अमिताभ हर रविवार को अपने बंगले जलसा के बाहर फैंस से मुलाकात करने निकलते हैं. लगातार मिल रही धमकियों से उनकी सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन के साथ-साथ उनके सुरक्षागार्ड भी चिंतित हैं. यही वजह है कि अब बिग-बी को सार्वजनिक कार्यक्रमों में शामिल होने से रोक दिया गया है.
ये भी पढ़ें- 26/11: मुंबई पर आतंकी कहर की वो रात, जब मौत सामने थी; फिर भी डटे रहे ये जांबाज, कुर्बानी देकर बचाई थीं सैकड़ों जानें