)
26/11 Mumbai Attack: 26 नवंबर 2008 की वो काली रात, जो कईयों की जिंदगी में हमेशा के लिए अंधेरा छा गया. जहां पहले छत्रपति शिवाजी टर्मिनस (CST) यात्रियों की चहल-पहल और ट्रेनों की आवाजाही से गूंज थी, लेकिन अचानक गोलियों की तड़तड़ाहट और धमाकों ने सन्नाटा चीर दिया. रात के करीब 9:20 बजे के आसपास सन्नाटा कब गोलियों की गूंज के साथ सुनाई देने लगा, प्लेटफॉर्म पर भगदड़ मच गई. एक तरफ AK-47 की गोलियां बरस रही थीं, तो दूसरी तरफ घबराए यात्रियों को ये तक समझ नहीं आ रहा था कि किस तरफ भागें. लोग जान बचाने के लिए बाहर जाते भी कैसे, वहां तो सिर्फ मौत का दरवाजा ही नजर आ रहा था.
26/11 की रात मुंबई के CST स्टेशन पर जब दहशत अपने चरम पर थी, तब एक अनाउंसर ने शांत दिमाग और बुलंद आवाज से यात्रियों को बाहर जाने के बजाय सुरक्षित निकास की ओर मोड़ा. उस काली रात बिना हथियार, बिना किसी खास ट्रेनिंग के सिर्फ सूझबूझ और आवाज की ताकत से कैसे एक शख्स ने अंधेरे में भटकती भीड़ को सुरक्षित रास्ते दिखाया, आइए मुंबई अटैक की छब्बीस ग्यारह की कहानी जानते हैं.

26/11 का इतिहास सिर्फ भारत की आर्थिक राजधानी मुंबई तक सीमित नहीं है, बल्कि ये पूरे देश के लिए एक ऐसी भयावह घटना है, जिसे आज भी याद किया जाता है. पाकिस्तान से मुंबई पहुंचने वाले 10 हथियारबंद आतंकियों ने 26 नवंबर 2008 को रात करीब साढ़े नौ बजे हर के सबसे प्रमुख ठिकानों को निशाना बनाया. अलग-अलग हिस्सों में एक साथ आतंकी हमले शुरू कर दिए. सबसे पहले उन्होंने छत्रपति शिवाजी टर्मिनस रेलवे स्टेशन को अपना निशाना बनाया. दो आतंकियों ने मिलकर रेलवे स्टेशन पर अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी और अचानक हुई फायरिंग से स्टेशन पर भगदड़ मच गई.
छत्रपति शिवाजी टर्मिनस रेलवे स्टेशन के अलावा आतंकियों ने ताज महल पैलेस होटल, नरीमन हाउस, ओबेरॉय-ट्राइडेंट होटल और लियोपोल्ड कैफे समेत मुंबई की कई प्रमुख जगहों पर हमला किया. उन्होंने भीड़भाड़ वाली जगहों को चुना. आतंकियों और सुरक्षा बलों के बीच करीब 60 घंटे तक मुठभेड़ चली थी. इस हमले में कई लोगों की जान गई तो कुछ की समझदारी से कई जानें बचाई भी गई.

26/11 हमले के दौरान करीब 166 लोगों की मौत हुई और 300 से अधिक लोग घायल हो गए थे. घंटों की मुठभेड़ के समय, सुरक्षा बलों ने आतंकियों को मार गिराया जबकि, एक आतंकी अजमल कसाब को जिंदा पकड़ा गया था. उसे गिरफ्तार करने के बाद जांच के दौरान हमले से संबंधित कई अहम खुलासे भी हुए.
26 नवंबर 2008 को पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के 10 हथियारबंद आतंकियों ने समुद्री रास्ते से मुंबई में घुसपैठ की और कई जगहों पर हमले किए. आतंकियों ने कराची से समुद्र के रास्ते मुंबई पहुंचने की साजिश रची थी. इस दौरान उन्होंने भारतीय मछली पकड़ने वाली नाव एमवी कुबेर को अपने कब्जे में ले लिया. सुप्रीम कोर्ट के फैसले के मुताबिक, आतंकियों ने नाव के चालक दल के सदस्यों की हत्या कर दी और उसके नेविगेटर अमर सिंह सोलंकी को नाव चलाने के लिए अपने कब्जे में रखा. मुंबई के करीब पहुंचने पर आतंकियों ने उनकी भी हत्या कर दी. इसके बाद आतंकी एक छोटी नाव के जरिए मुंबई के तट पर पहुंचे और अपने हमले को अंजाम दिया.
आतंकवाद मानवता का सबसे बड़ा शत्रु है। मुंबई में 26/11 के कायरतापूर्ण आतंकी हमले में जान गंवाने वाले सभी निर्दोष नागरिकों और वीर सुरक्षाकर्मियों को विनम्र श्रद्धांजलि। 'नया भारत' पूर्ण एकजुटता, दृढ़ इच्छाशक्ति और आतंकवाद के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति के साथ उसके उन्मूलन हेतु प्रतिबद्ध है।
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) November 26, 2026

आतंकी हमले के दौरान मुंबई पुलिस के कई जवानों और अधिकारियों ने अपनी जान की परवाह किए बिना आतंकियों का मुकाबला किया. उस दौरान महाराष्ट्र ATS के प्रमुख हेमंत करकरे, मुंबई पुलिस के एडिशनल कमिश्नर अशोक कामटे और क्राइम ब्रांच के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक विजय सालस्कर और ASI तुकाराम ओंबले भी शहीद हो गए थे. चारों को उनकी बहादुरी और सर्वोच्च बलिदान के लिए भारत सरकार ने मरणोपरांत अशोक चक्र से सम्मानित किया था. इसके अलावा मुंबई पुलिस, राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (NSG) और अन्य सुरक्षा कर्मियों के कुल 18 जवान शहीद हुए थे.
विष्णु दत्ताराम झेंडे ने लगातार रेलवे स्टेशन पर अनाउंसमेंट करते हुए यात्रियों को मुख्य हॉल की ओर जाने से रोका और लोकल प्लेटफॉर्म के पिछले निकास से बाहर निकलने की सलाह दी थी. उनके अलावा एक और अनाउंसर बाबलू कुमार दीपक का नाम भी शामिल है, जिन्होंने उस रात यात्रियों को चेतावनी देने और सुरक्षित रास्ता बताया था.