App

बीजेपी राज्य प्रभारी-सहप्रभारियों को पहला सबक: नितिन नवीन की मौजूदगी में खिंचेगा 2027-2029 तक की रणनीति का खाका!

भारतीय जनता पार्टी में हुए हालिया संगठनात्मक बदलावों के बाद 29 सितंबर को नए राज्य प्रभारी और सह प्रभारी पहली बार एक साथ बैठ रहे हैं. इस बैठक में राज्यों की राजनीतिक स्थिति, संगठन की सक्रियता, चुनावी तैयारियों और केंद्र व प्रदेश इकाइयों के बीच बेहतर तालमेल को लेकर आगे की दशा और दिशा तय हो सकती है.

बीजेपी राज्य प्रभारी-सहप्रभारियों को पहला सबक: नितिन नवीन की मौजूदगी में खिंचेगा 2027-2029 तक की रणनीति का खाका!
Image Credit: ANI

भारतीय जनता पार्टी मुख्यालय में नवनियुक्त राज्य प्रभारियों और सह प्रभारियों की पहली बैठक का मंच सज चुका है. राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की अध्यक्षता में होने वाली बैठक में शामिल होने के लिए नेतागण पहुंचने लगे हैं. साल 2027 में सत्ता के सेमीफाइनल यानी यूपी विधानसभा चुनाव से लेकर 2029 में लोकसभा चुनावों के फाइनल तक को ध्यान में रखकर बनाई गई टीम में पार्टी के सभी 28 राज्यों और आठ केंद्र शासित प्रदेशों के लिए हाल ही में नियुक्त प्रभारी और सह प्रभारी शामिल होंगे. माना जा रहा है कि नितिन नवीन नवनियुक्त पदाधिकारियों को जनता के बीच उतारने से पहले अहम टिप्स भी देंगे. आज के आयोजन में देश के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की जिम्मेदारी संभालने वाले नेता पहली बार सामूहिक रूप से केंद्रीय नेतृत्व के सामने बैठेंगे. 

नवनियुक्त राज्य प्रभारियों और सह प्रभारियों की इस पहली बैठक में अलग-अलग प्रदेशों की राजनीतिक स्थिति और संगठन की तैयारियों पर बात हो सकती है. आने वाले विधानसभा चुनावों को देखते हुए स्थानीय स्तर पर पार्टी की गतिविधियां बढ़ाने, सरकार और संगठन के बीच तालमेल तथा चुनावी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी चर्चा संभव है.

'नवीन जीत की तैयारी'

पार्टी सूत्रों के मुताबिक, बैठक में संगठन को मजबूत और विस्तारित करने, आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों और जिन राज्यों में बीजेपी सत्ता में है, वहां पार्टी सरकारों के कामकाज और प्रदर्शन की समीक्षा पर चर्चा की जाएगी. इसी दौरान बीजेपी नेतृत्व द्वारा संगठन की मुख्य प्राथमिकताओं, केंद्रीय और राज्य इकाइयों के बीच समन्वय और आगामी चुनावी अभियानों व संगठनात्मक कार्यक्रमों की तैयारियों पर भी चर्चा किए जाने की उम्मीद जताई जा रही है.

नए बदलावों की बात करें तो इससे पहले 23 सितंबर को बीजेपी ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए प्रभारी और सह प्रभारी नियुक्त करने की घोषणा की थी. उस फेरबदल के तहत, राष्ट्रीय महासचिव स्मृति ईरानी को हरियाणा और छत्तीसगढ़ का प्रभार सौंपा गया, जबकि पार्टी उपाध्यक्ष राम माधव को तमिलनाडु की जिम्मेदारी दी गई थी.

बलूनी का जलवा बरकरार

बीजेपी ने अनिल बलूनी को अपने संचार विभाग का समन्वयक भी बनाया है, जो राष्ट्रीय मीडिया सेल और सोशल मीडिया यूनिट की देखरेख करता है. बीजेपी के राष्ट्रीय मीडिया विभाग के सह संयोजक के तौर पर हाल ही में नियुक्त आशीष उषा अग्रवाल को अब संयोजक बना दिया गया है, यह पद पहले बलूनी के पास था. इन नियुक्तियों की घोषणा बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन ने की थी.

पार्टी की एक हालिया अधिसूचना के मुताबिक, सीनियर बीजेपी नेता विनय सहस्रबुद्धे को दिल्ली का प्रभारी नियुक्त किया गया है, जबकि जामयांग त्सेरिंग नामग्याल और दर्शना जरदोश राष्ट्रीय राजधानी के लिए सह प्रभारी के तौर पर काम करेंगे.
 

 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Shwetank Ratnamber

Shwetank Ratnamber

श्वेतांक रत्नाम्बर वरिष्ठ पत्रकार हैं, जिन्हें टीवी और डिजिटल न्यूज़ मीडिया में 22 वर्षों से ज्यादा का व्यापक अनुभव है. वर्तमान में वे Zee News (Hindi) की डिजिटल टीम में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय (देश-दुनिया) खबरों की डेस्क पर कार्यरत हैं. समसामयिक मुद्दों, वैश्विक राजनीति और कूटनीति पर गहरी समझ रखने वाले श्वेतांक जटिल अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों और राजनीतिक समीकरणों का सटीक विश्लेषण करने के विशेषज्ञ हैं.Zee News डिजिटल से पहले उन्होंने ज़ी मीडिया नेटवर्क के ग्लोबल न्यूज़ चैनल 'WION' के साथ काम किया है. इस दौरान उन्होंने 'Gravitas', 'The West Asia Post' और 'One Africa' जैसे कई प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्राइम-टाइम शोज़ के हिंदी प्रोडक्शन और इंटरप्रिटेशन में अहम भूमिका निभाई. 2004 से शुरू हुए अपने पत्रकारिता करियर में श्वेतांक ने रिपोर्टिंग और एंकरिंग के साथ-साथ चार लोकसभा और कई राज्यों के विधानसभा चुनावों की व्यापक ग्राउंड कवरेज की है.जामिया मिल्लिया इस्लामिया (JMI), नई दिल्ली से जर्नलिज्म में पीजी डिप्लोमा के बाद मास कम्युनिकेशन और पॉलिटिकल साइंस में मास्टर्स डिग्री हासिल करने वाले श्वेतांक लंबे समय से 'प्रेस क्लब ऑफ इंडिया' (PCI) के सम्मानित सदस्य हैं.आप श्वेतांक रत्नाम्बर से सीधे shwetank.ratnamber@india.com पर ईमेल के जरिए संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा आप उनसे एक्स (ट्विटर), मेटा (फेसबुक) और लिंक्डइन पर भी कनेक्ट कर सकते हैं.' 
Read More