बंगाल में सनसनीखेज वारदात: BJP बूथ अध्यक्ष चंदन भल्ला की गोली मारकर हत्या, बाइक सवार हमलावरों ने दिया वारदात को अंजाम
Chandan Bhalla Murder News: बंगाल में सनसनीखेज वारदात सामने आई है. बाइक सवार हमलावरों ने BJP बूथ अध्यक्ष चंदन भल्ला की गोली मारकर हत्या कर दी.
Chandan Bhalla Bengal Murder News: पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में आने वाले बोलपुर थाना क्षेत्र में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब रविवार शाम को अज्ञात हमलावरों ने बीजेपी के बूथ अध्यक्ष चंदन भल्ला की बेहद करीब से गोली मारकर हत्या कर दी. वे बोलपुर के वार्ड संख्या 12 के तहत आने वाले मोतीपुकुर राइस मिल और त्रिशूलपट्टी इलाके में बूथ अध्यक्ष थे.
पॉइंट-ब्लैंक रेंज से सिर में मारी गोली
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चंदन भल्ला (47 वर्ष) किसी काम से घर से बाहर निकले थे. जब वे बोलपुर से गुजर रहे थे, तभी बाइक सवार दो मुंह ढंके हुए युवक उनके पास पहुंचे. इससे पहले कि वे कुछ समझ पाते, मोटरसाइकिल पर पीछे बैठे हमलावर ने पॉइंट-ब्लैंक रेंज से सीधे उनके सिर में गोली मार दी.
बीजेपी के बूथ अध्यक्ष की सरेआम हत्या
गोली की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग जब तक मौके पर पहुंचे, तब तक हमलावर बाइक पर सवार होकर तेज गति से मौके से फरार हो गए. घटना के तुरंत बाद स्थानीय निवासियों और परिजनों ने खून से लथपथ चंदन भल्ला को अत्यंत गंभीर हालत में बोलपुर महकमा अस्पताल लेकर पहुंचे. चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
रविवार शाम को बंगाल की घटना
रविवार की शाम को व्यस्त इलाके में हुई इस गोलीबारी की घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में भारी तनाव और दहशत का माहौल है. इस जघन्य हत्याकांड के सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है.
मृतक के परिजनों ने इस पूरी घटना के पीछे गहरी राजनीतिक साजिश और रंजिश होने की आशंका जताई है. परिजनों ने कहा कि चंदन की किसी से कोई व्यक्तिगत दुश्मनी नहीं थी. उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक कारणों के चलते ही उन्हें सुनियोजित तरीके से निशाना बनाया गया है.
हत्यारों का पता लगाने में जुटी पुलिस
अपने बूथ अध्यक्ष की हत्या के बाद से बीजेपी भी गुस्से में है. उसने घटना की कड़ी निंदा करते हुए पुलिस प्रशासन से निष्पक् और तेज जांच की मांग उठाई है. राजनीतिक हत्या देख पुलिस भी मामले में गंभीर है. हमलावरों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए घटनास्थल और आसपास के रास्तों के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. इसके साथ ही फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम ने मौके से सबूत इकट्ठा किए हैं.
पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि यह हत्या राजनीतिक रंजिश का परिणाम है या इसके पीछे कोई व्यक्तिगत दुश्मनी है. प्रशासन ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है. उसने विश्वास दिलाया है कि तकनीकी साक्ष्यों व चश्मदीदों के बयानों के आधार पर जल्द ही अपराधियों को ढूंढ निकाला जाएगा.