असम सीएम का अनूठा डांस: उपचुनाव के बीच CM हिमंता का कूल अंदाज, राहा में समर्थकों संग जमकर थिरके; VIDEO
असम के सीएम हिमंता बिस्वा सरमा चुनाव प्रचार के बीच झूमते नजर आए, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वह नागांव लोकसभा सीट पर उपचुनाव के लिए एक रैली को संबोधित करने पहुंचे थे.
असम के सीएम हिमंता बिस्वा सरमा अपने अंदाज को लेकर हमेशा सुर्खियों में रहते हैं. एक बार फिर वह चर्चा के केंद्र में बने हैं, जिसकी वजह है उनका खास डांस. गत 28 सितंबर को सीएम हिमंता बिस्वा सरमा ने राहा में भाजपा के नेतृत्व वाले गठबंधन की एक विशाल चुनावी रैली को संबोधित किया. इस दौरान उनका खास अंदाज देखने को मिला, जहां पर वे समर्थकों के साथ झूमते नजर आए.
दरअसल, 6 अक्टूबर को असम के नागांव सीट पर लोकसभा उपचुनाव होने जा रहे हैं. इसके लिए एनडीए की ओर से देबाशीष शर्मा को उम्मीदवार बनाया गया है, जिसके लिए प्रचार करने खुद सीएम हिमंता बिस्वा सरमा पहुंचे. इस चुनावी रैली को राहा स्पोर्ट्स एसोसिएशन के खेल के मैदान में आयोजित किया गया था. इस दौरान मंच पर राहा के विधायक शशिकांत दास समेत कई नेता मौजूद रहे.
जब सीएम ने किया डांस
मुख्यमंत्री को सुनने के लिए मैदान में बड़ी संख्या में भीड़ उपस्थित रही. संबोधन के बाद जनता का उत्साह हुए सीएम सरमा खुद को रोक नहीं सके और उन्होंने समर्थकों को मंच की ओर बुलाया. इसके बाद जमकर डांस किया. इस दौरान लोगों में भी भारी उत्साह दिखा. हालांकि, यह कोई पहली बार नहीं है, जब सीएम हिमंता बिस्वा सरमा का यह अनूठा अंदाज देखने को मिला हो. इससे पहले विधानसभा चुनाव के दौरान भी सीएम सरमा ने समर्थकों संग कई रैलियों में नृत्य किया और लोगों का उत्साह बढ़ाया.
'कोई मुकाबला है ही नहीं'
रैली को संबोधित करते हुए सीएम ने विपक्ष पर तीखा प्रहार किया. उन्होंने कांग्रेस और एआईयूडीएफ के नेता बदरुद्दीन अजमल को निशाने पर लेते हुए उनपर कई आरोप लगाए. सीएम सरमा ने लोगों से एनडीए के पक्ष में वोट करने की अपील की. सीएम सरमा कहा कि इस बार नागांव लोकसभा सीट भाजपा के खाते में जाएगी. बता दें कि सीएम मंगलवार को नागांव जिले के समागुरी निर्वाचन क्षेत्र में एक और जनसभा को संबोधित करेंगे. सीएम सरमा ने कहा कि नागांव लोकसभा उपचुनाव में एनडीए के सामने कोई नहीं टिकेगा. उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि मुझे लगता है कि हम यह सीट जीत रहे हैं. मुझे नहीं लगता कि कोई मुकाबला है; भाजपा यह सीट जीतेगी.
कहां-कहां हो रहे उपचुनाव
चुनाव आयोग की ओर से 7 सितंबर को असम की नागांव लोकसभा सीट पर उपचुनाव की घोषणा की गई. इसके साथ ही तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल की दो-दो विधानसभा सीटों और पुडुचेरी की एक सीट पर भी उपचुनाव होगा. जिन सीटों पर उपचुनाव होनें जा रहे हैं, उनमें तमिलनाडु की मदुरंतकम और धरपुरम सीटें, पश्चिम बंगाल की रेजिनगर और नंदीग्राम सीटें और पुडुचेरी की थट्टनचावडी विधानसभा सीट शामिल है. आगामी 6 अक्टूबर को वोटिंग होनी है और परिणाम 9 अक्टूबर को आएगा.