'हमें मुस्लिम बेटियों को शिक्षा के गहनों से सजाना चाहिए', असदुद्दीन ओवैसी ने इल्म पर की भावुक अपील
28 सितंबर को दारुस्सलाम में असदुद्दीन ओवैसी और पार्टी विधायकों ने उर्दू मीडियम स्कूलों के 10वीं के बच्चों को पढ़ाई की किताबें बांटीं. इस दौरान उन्होंने मुस्लिम समुदाय से बेटियों को लेकर एक भावुक अपील की है.
एआईएमआईएम (AIMIM) प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी एक बार फिर चर्चा में हैं. उन्होंने मुस्लिम समुदाय से बेटियों की पढ़ाई पर खास ध्यान देने की अपील की है. ओवैसी ने कहा कि इंसान महंगी गाड़ियों या दौलत से नहीं, बल्कि इल्म (ज्ञान) से ताकतवर बनता है. इसके साथ ही उन्होंने वोटर लिस्ट रिवीजन और एसआईआर (SIR) नोटिस को लेकर भी जनता को अलर्ट करते हुए कहा कि अगर किसी का नाम लिस्ट से कट गया है तो वह तुरंत फॉर्म 6 भरकर अपना नाम जुड़वाएं.
असदुद्दीन ओवैसी ने बेटियों की शिक्षा पर विशेष जोर देते हुए कहा, 'मैं एक खास अपील कर रहा हूं कि हमें अपनी मुस्लिम बेटियों को शिक्षा के गहनों (तालीम के जेवर) से सजाना चाहिए. जब हमारी बेटियां पढ़-लिखकर दुनिया में कदम रखेंगी, तो सबसे पहले वे अपने उन घरों में इल्म की शमा रोशन करेंगी जहां आज रोशनी नहीं है.'
असदुद्दीन ओवैसी का कहना है कि सच्ची ताकत पैसे या शानो-शौकत में नहीं, बल्कि शिक्षा और ज्ञान में छिपी है. उन्होंने कहा, 'मैं जनता के दर्द को समझता हूं, उनकी तकलीफ अपने सीने में महसूस करता हूं और उनके अधिकारों के लिए लगातार लड़ रहा हूं, लेकिन इसके साथ ही उन्होंने लोगों से गुजारिश की कि वे अपनी औलाद को हर हाल में पढ़ाएं.'
'दिक्कत हो तो दारुस्सलाम आएं, हम करेंगे पूरी मदद'
ओवैसी ने पढ़ाई में आर्थिक तंगी का सामना कर रहे परिवारों को भरोसा दिया है. उन्होंने कहा, 'अगर आपको बच्चों को पढ़ाने में कोई परेशानी आ रही है, तो दारुस्सलाम आइए और मुझसे मुलाकात कीजिए. ऊपर वाले ने चाहा तो हमसे जो भी बन पड़ेगा, हम आपकी हर मुमकिन मदद और सहयोग करने के लिए तैयार हैं.'
'दौलत और गाड़ी से कोई ताकतवर नहीं होता'
ओवैसी ने शिक्षा की अहमियत समझाते हुए कहा, 'दुनिया गलतफहमी में जीती है. लोग सोचते हैं कि किसी के पास बहुत दौलत है, महंगी गाड़ी है या महंगा चश्मा है तो वह बड़ा ताकतवर हो गया, लेकिन हकीकत यह नहीं है. इंसान दौलत से नहीं, बल्कि इल्म से ताकतवर बनता है. असली ताकतवर वही शख्स है, जिसके दिल, सीने और जबान पर इल्म (ज्ञान) का वास हो.'
SIR पर लोगों को किया अलर्ट
असदुद्दीन ओवैसी ने वोटर लिस्ट रिवीजन और एसआईआर (SIR) नोटिस को लेकर भी लोगों से सतर्क रहने को कहा है. उन्होंने कहा, 'भारत में किस पार्टी ने SIR पर काम किया है? जैसा कि आप देख सकते हैं, मजलिस के लोग आपको गाइड करने और मदद करने के लिए यहां बैठे हैं. इसलिए मैं आपसे अपील करता हूं कि आप भी SIR पर काम करें.'
'नोटिस का जवाब दें, बीएलओ से संपर्क करें'
ओवैसी ने लोगों को समझाते हुए कहा कि अगर चुनाव आयोग की तरफ से कोई नोटिस मिला है, तो उसे नजरअंदाज न करें. उन्होंने कहा, 'अगर आपको कोई नोटिस मिला है, तो उसका तुरंत जवाब दें. अगर बीएलओ आपके घर आया है, तो नोटिस का जवाब दें और अपने SIR नोटिस का निस्तारण करवाएं.'
'नाम कट गया है तो फॉर्म 6 भरें'
वोटर लिस्ट में गड़बड़ियों और फर्जीवाड़े का जिक्र करते हुए ओवैसी ने कहा, 'अगर आपका नाम वोटर लिस्ट में नहीं है, तो तुरंत फॉर्म 6 भरें. और अगर आपको कागजों में मुर्दा बता दिया गया है, जबकि आप जिंदा हैं, तो अल्हम्दुलिल्लाह, आगे बढ़कर फॉर्म 6 भरें और अपना नाम दोबारा जुड़वाएं.'
ये भी पढ़ें: पाकिस्तान में फिर हंगामा: खैबर पख्तूनख्वा में गवर्नर शासन को लेकर घमासान, इमरान खान की पार्टी ने सरकार को दी चुनौती