अरुणाचल प्रदेश में असम राइफल्स के गश्ती दल पर बड़ा हमला, एक जवान शहीद; सर्च ऑपरेशन जारी
अरुणाचल प्रदेश में असम राइफल्स के गश्ती दल पर बड़ा हमला हुआ है, जिसमें एक जवान शहीद हो गया. हमले के बाद सुरक्षा बलों ने इलाके को घेरकर उग्रवादियों की तलाश में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है.
अरुणाचल प्रदेश के चांगलांग जिले में म्यांमार सीमा के पास उग्रवादियों ने असम राइफल्स की गश्त कर रही टीम पर अचानक हमला कर दिया. इस हमले में एक जवान शहीद हो गया, जबकि चार अन्य जवान घायल हुए हैं. हमला सुबह करीब 6.30 बजे हुआ. उस वक्त 21 असम राइफल्स के जवान उस इलाके में गश्त कर रहे थे, जहां सीमा पर फेंसिंग का काम चल रहा है.
इस हमले में 42 वर्षीय हवलदार जानखोकाई कूकी शहीद हो गए हैं. उनके अलावा इस हमले में घायल हुई चारों जवानों को इलाज के लिए सैन्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, इस हमले के पीछे NSCN-KYA गुट के उग्रवादियों का हाथ होने की आशंका है. हमले के बाद सुरक्षा बलों ने इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है. अधिकारियों ने बताया, सर्च ऑपरेशन का मकसद हमले में शामिल उग्रवादियों का पता लगाकर उन्हें खत्म करना है.
असम राइफल्स के DG ने दी शहीद को श्रद्धांजलि
असम राइफल्स के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल विकास लखेरा (AVSM, SM) और असम राइफल्स के सभी रैंक के जवान, हवलदार जांगखोकाई कुकी को भावभीनी श्रद्धांजलि दी और कहा कि कुकी ने 29 सितंबर 2026 को अरुणाचल प्रदेश के चांगलांग में ड्यूटी के दौरान सर्वोच्च बलिदान दिया. हम अपने इस बहादुर सैनिक के परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं. असम राइफल्स के महानिदेशक और सभी रैंक के जवान शोक-संतप्त परिवार के साथ मजबूती से खड़े हैं.
म्यांमार सीमा पर पहले से संवेदनशील इलाका
भारत-म्यांमार की सीमा के पास चांगलांग जिले से लगी सीमा लंबे समय से सुरक्षा के नजरिए से संवेदनशील रही है. इस इलाके में सक्रिय उग्रवादी संगठनों की आवाजाही के कारण सुरक्षा बलों को लगातार सतर्क रहना पड़ता है.