मामूली विवाद में हत्या: एक्टिवा साइड करने को कहा, फिर दोस्तों ने दाग दी 6 गोलियां; मौके पर मौत
मृतक के पिता ने कहा कि उनके बेटे की किसी के साथ पुरानी रंजिश नहीं थी. एक्टिवा को साइड करने को लेकर हुए विवाद में उनके बेटे के दोस्तों ने ही उस पर गोलियां चला दीं. पीड़ित पिता ने इंसाफ की मांग करते हुए आरोपियों के लिए फांसी की सजा की मांग की है.
पंजाब के अमृतसर जिले में कानून-व्यवस्था पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. यहां थाना गेट हकीमा के अंतर्गत आने वाले इलाके में एक दिल दहला देने वाले मामले में दिनदहाड़े 28 साल के युवक अमित सभरवाल की गोली मारकर बेरहमी से हत्या कर दी गई. इस जघन्य हत्याकांड के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है. इस वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है.
मामूली विवाद में हत्या
मृतक के माता और पिता ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि उनका बेटा अमित सभरवाल घर के बाहर खड़ा था. उसी दौरान आरोपी (अभि शाह और अन्य) अपनी एक्टिवा पर आए. आरोपियों ने अमित को अपनी एक्टिवा साइड करके रास्ता छोड़ने के लिए कहा.
परिवार के मुताबिक, अमित फौरन उनकी बात मानते हुए अपनी एक्टिवा साइड करने लगा. उसकी आरोपियों से कोई रंजिश या पुरानी दुश्मनी नहीं थी. इसके बावजूद आरोपियों ने मामूली सी बात का बतंगड़ बनाते हुए अचानक आपा खो दिया.
गोलियां चलाकर उतारा मौत के घाट
पीड़ित परिवार ने रोते हुए बताया कि आरोपियों ने आवेश में आकर शातिराना तरीके से उनके बेटे पर दनादन गोलियां चलानी शुरू कर दीं. प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों के मुताबिक, आरोपियों ने लगभग 5 से 6 राउंड फायर किए, जिससे अमित गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा. परिवार का कहना है कि गोली सीधे अमित के सिर में लगी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए.
जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही हरकत में आई पुलिस ने जांच शुरू की. मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस अधिकारी बलजिंदर सिंह ने बताया कि वारदात की खबर मिलते ही मृतक अमित सभरवाल के पिता सुनील कुमार सभरवाल के बयानों के आधार पर मुख्य आरोपियों, अभि शाह, सनी शाह और दिती शाह के खिलाफ हत्या और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज करके आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है.
पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपियों ने एक्टिवा हटाने को लेकर हुए विवाद के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया. आरोपियों द्वारा इस्तेमाल की गई पिस्तौल से 5 से 6 राउंड फायर किए जाने की पुष्टि हुई है. सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि घटना से जुड़े हर पहलू को स्पष्ट किया जा सके.
परिवार की गुहार
मृतक के पिता और परिजनों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि उनके बेटे के हत्यारों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए और उन्हें फांसी की सजा दी जाए, ताकि परिवार को इंसाफ मिल सके.