हैदराबाद के पास AIMIM नेता मुर्तजा पहलवान की चाकू मारकर हत्या, 8-10 हमलावरों ने दिया वारदात को अंजाम
हैदराबाद के पास AIMIM नेता मुर्तजा पहलवान की 8-10 अज्ञात हमलावरों ने चाकू मारकर हत्या कर दी. पुलिस मामले की जांच कर रही है. पढ़ें इस वारदात से जुड़ी पूरी रिपोर्ट.
तेलंगाना के रंगा रेड्डी जिले में सोमवार को एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. यहां ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के नेता मुर्तजा पहलवान की अज्ञात हमलावरों ने चाकू मारकर हत्या कर दी. यह घटना हिमायत सागर रोड के पास हुई. पुलिस ने इस मामले की पुष्टि करते हुए जांच शुरू कर दी है. इस हमले के बाद इलाके में तनाव और सनसनी का माहौल है.
पुलिस से मिली शुरुआती जानकारी के मुताबिक, यह पूरी वारदात आरजीआई एयरपोर्ट पुलिस स्टेशन की सीमा के भीतर हुई है. अज्ञात हमलावरों के एक समूह ने मुर्तजा पहलवान को घेरकर उन पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. इस हमले में उन्हें बेहद गंभीर चोटें आईं और शरीर से काफी ज्यादा खून बह गया. घटना के बाद उन्हें आनन-फानन में इलाज के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन गंभीर रूप से घायल होने के कारण अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उन्होंने दम तोड़ दिया.
हत्या की वजह अभी साफ नहीं
वारदात की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया. फिलहाल हमलावरों की पहचान नहीं हो सकी है और यह भी साफ नहीं हो पाया है कि इस जानलेवा हमले के पीछे का असली मकसद क्या था. मामले की गंभीरता को देखते हुए एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई है और हर पहलू से मामले की जांच की जा रही है. पुलिस का कहना है कि जांच आगे बढ़ने के बाद ही इस संबंध में आगे की जानकारी साझा की जाएगी.
यह भी पढ़ेंः संदेशखाली की लड़ाई लड़ने वाली BJP विधायक के साथ रात में ऐसा क्या हुआ? जहर के लक्षण मिलने के बाद वेंटिलेटर पर भर्ती
अस्पताल पहुंचे AIMIM विधायक मोहम्मद मुबीन
इस दुखद घटना की खबर मिलते ही पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं में शोक की लहर दौड़ गई. मामले की जानकारी मिलने के तुरंत बाद AIMIM के बहादुरपुरा से विधायक और राजेंद्रनगर प्रभारी मोहम्मद मुबीन जर्मन अस्पताल पहुंचे. उन्होंने अस्पताल पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और परिवार व समर्थकों से मुलाकात की.
हमले में 8 से 10 लोगों के शामिल होने की आशंका
विधायक मोहम्मद मुबीन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर इस घटना को लेकर कुछ अहम जानकारियां साझा की हैं. उनके मुताबिक, इस हमले में करीब 8 से 10 लोग शामिल थे, जिन्होंने मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया. मुबीन ने सोशल मीडिया पर अपने अस्पताल दौरे की कुछ तस्वीरें भी पोस्ट की हैं. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी हुई है और आरोपियों की धरपकड़ के लिए प्रयास किए जा रहे हैं. मामले में आगे के अपडेट का इंतजार है.
यह भी पढ़ेंः अंदर से बंद था कमरा, बदबू आने पर खुला रूम तो सामने मिली सड़ी-गली लाश, कोलकाता घूमने आए जर्मन नागरिक को किसने मारा?