SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

दिखा 'रियल लाइफ जेम्स बॉन्ड': सिपाही ने बाइक से 15 किमी तक पीछा कर पकड़ा मोबाइल स्नैचर, बहादुरी से खुले 4 केस

गुजरात में पुलिस के एक सिपाही की बहादुरी सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही है. एक शख्स से मोबाइल लूटकर भाग रहे दो बदमाशों को पकड़ने के लिए सिपाही ने 15 किमी तक उनका पीछा किया. इसके बाद उनमें से एक बदमाश को दबोच लिया.

Written By Devinder Kumar
Published: Nov 24, 2026, 19:42 IST | Updated: Nov 24, 2026, 20:15 IST
Image Credit: एआई से बना हुआ फोटो
Join

गुजरात के अहमदाबाद में तैनात पुलिस के एक सिपाही की दिलेरी और समय पर लिए गए एक्शन की जमकर तारीफ हो रही है. लोग कह रहे हैं कि जिंदगी में किसी जेम्स बॉन्ड को तो नहीं देखा, लेकिन सिपाही की बहादुरी से उन्हें उनके अंदर ही जेम्स बॉन्ड दिख गया. उस सिपाही ने अपनी बाइक से 15 किमी तक मोबाइल स्नैचर का पीछा कर पकड़ा, बल्कि 4 फोन भी जब्त किए. धूम फिल्म की तरह स्नैचर अपनी बाइक पर आगे-आगे भाग रहे थे और सिपाही अपनी बाइक से उनका पीछा कर रहा था. इस दौरान चोर ने कई बार चकमा देने की कोशिश भी की, लेकिन वे कामयाब नहीं हो पाए.

बाइक सवार बदमाशों ने शख्स से लूटा मोबाइल फोन

रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस कॉस्टेबल चिंतन पंडया अहमदाबाद पुलिस के सर्विलांस स्क्वाड में तैनात हैं. वे 18 नवंबर को दोपहर में सड़क पर गश्त कर रहे थे. तभी मादलपुर एरिया में उन्हें बिना नंबर प्लेट वाली बाइक पर दो लड़के सड़क किनारे बैठे दिखे. चिंतन ने गौर किया तो देखा कि दोनों लड़के कुछ दूरी पर मोबाइल से बात कर रहे एक शख्स पर बारीकी से नजर गड़ाए हुए थे.

तुरंत ही सिपाही चिंतन पंड्या को अंदाजा हो गया कि वे मोबाइल स्नैचर हैं और सामने वाले शख्स का फोन लूटने के फिराक में हैं. उनका शक सही निकला. कुछ ही देर में बाइक सवार युवक तेज स्पीड में उस व्यक्ति के पास पहुंचे और पीछे बैठे व्यक्ति ने झपट्टा मारकर फोन छीन लिया. इसके साथ ही वे तेज गति में बाइक चलाकर वहां से भागने लगे.

 

सिपाही ने बाइक से 15 किमी तक किया पीछा

यह नजारा देख चिंतन ने भी बिना देरी किए अपनी पुलिस वाली बाइक दौड़ा दी. दोनों के बीच चूहे-बिल्ली का यह खेल करीब 15 किमी तक चला. इस दौरान पुलिस से बचने के लिए चोर आड़ी-तिरछी बाइक लहराते हुए मादलपुर,रिवरफ्रंट, चंद्र नगर, महालक्ष्मी क्रॉस रोड्स और पांजरापोल होते हुए सीजी रोड की ओर भागे. रास्ते में बदमाशों ने कई बार चिंतन को चकमा देने की कोशिश की लेकिन सिपाही ने उनका पीछा नहीं छोड़ा.

चोर-पुलिस की यह दौड़ रास्ते में लगे तमाम सीसीटीवी कैमरों में भी रिकॉर्ड हो रही थी. आखिरकार सिपाही ने सीजी रोड के पास एक बदमाश को धर दबोचा. जबकि उसका दूसरा साथी भीड़ का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया. तलाशी लेने पर उसके पास अलग-अलग ब्रांड के 4 महंगे फोन मिले. उनकी अनुमानित कीमत करीब 60 हजार रुपये बताई गई है.

लोग बोले- हमने सिपाही के रूप में असली जेम्स बॉन्ड देख लिया

इसके बाद आरोपी को थाने लाकर उसका पुराना रिकॉर्ड खंगाला गया. जांच में पता चला कि उसने ये फोन शहर के अलग-अलग इलाकों से लूटे थे. इन वारदातों के बाद पीड़ितों ने सरखेज, सैटेलाइट, बोडकदेव और वस्त्रपुर थानों में केस दर्ज करवाया था. पुलिस अब दूसरे बदमाश को भी ढूंढने की कोशिश कर रही है. साथ ही, बदमाशों के बाकी मामलों को भी ढूंढा जा रहा है.

ये भी पढ़ें- जमीन सौदे के बहाने बुलाया और फिर कर दिया हमला, जलगांव में मिला डॉक्टर का सड़ा-गला शव, एक CDR ने खोला हत्यारों का राज

सिपाही चिंतन पंड्या की बहादुरी से पकड़े गए मोबाइल स्नैचर के बाद पुलिस अधिकारी ही नहीं, बल्कि आम लोग भी उनकी बहादुरी की सराहना करते नहीं थक रहे हैं. वे उनकी तुलना जेम्स बॉन्ड से कर रहे हैं, जो हॉलीवुड फिल्मों में अपने दुश्मनों को इसी तरह खतरनाक स्टंट करके पकड़ लेता है. 
 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

अनुभवी पत्रकार और अंतर्राष्ट्रीय मामलों के विश्लेषक हैं. पिछले 18 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. अमर उजाला और नवभारत टाइम्स जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में काम करने के बाद, वर्तमान में वे Zee News में कार्यरत हैं. देश-दुनिया और ब्रेकिंग न्यूज पर नजर रखते हैं. अंतर्राष्ट्रीय राजनीति, वैश्विक घटनाक्रमों और खोजपरक पत्रकारिता में विशेष पकड़ है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES