बॉलीवुड एक्टर नसीरुद्दीन शाह ने एक बार फिर से बीजेपी पर जोरदार हमला बोला है. उन्होंने बीजेपी को झूठी पार्टी बताते हुए कई गंभीर आरोप लगाए. नसीरुद्दीन शाह ने कहा कि बीजेपी असल में झूठी पार्टी है. उसने छल-कपट से बंगाल चुनाव में जीत हासिल की है. एक्टर ने आरोप लगाया बीजेपी अब बदले की भावना से काम कर है और उन सभी लोगों को परेशान कर रही है, जो उसकी नीतियों से सहमत नहीं हैं. नसीरुद्दीन ने कहा कि पार्टी उन सभी लोगों से बदला लेने पर उतारू है, जो उनकी विचारधारा और नीतियों से सहमत नहीं हैं. इसका ताजा शिकार सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट है.
बीजेपी पर डराने का आरोप लगाया
सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट के छात्र और भविष्य के उभरते हुए कलाकारों ने जब प्रशासन की जवाबदेही की बात कही, तो उन्हें परेशान करने के लिए 'शोकॉज' (कारण बताओ) नोटिस भेज दिया गया. नसीरुद्दीन ने आरोप लगाया कि सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट के छात्रों पर नजर रखी जा रही है. उन्हें धमकियां दी जा रही हैं और उनसे हॉस्टल खाली करने को कह दिया गया है. नसीरुद्दीन शाह यहीं नहीं रुके. उन्होंने बीजेपी पर प्रोपेगेंडा को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए कहा कि अब पार्टी लोगों का ब्रेनवॉश करना चाहती है या उन्हें डराना चाहती है.
कट्टर बीजेपी विरोधी माने जाते हैं नसीरुद्दीन
बता दें कि नसीरुद्दीन शाह को बीजेपी का कट्टर विरोधी माना जाता है. वह पहले ही भी बीजेपी के खिलाफ बयानबाजी करते रहे हैं. वह पीएम मोदी के लिए भी काफी विवादित टिप्पणी कर चुके हैं. हाल ही में वह सीजेपी संस्थापक अभिजीत दीपके को गले लगाने को लेकर चर्चा में आ गए थे. CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे को लेकर जब दीपके ने मुंबई के शिवाजी पार्क में प्रदर्शन किया था, तो उसमें नसीरुद्दीन शाह भी शामिल हुए थे. इस दौरान नसीरुद्दीन शाह ने दीपके को गले लगाकर कहा था कि वह अच्छा काम कर रहे हैं. एक्टर ने कहा था वह उन्हें (दीपके) धन्यवाद कहने के लिए आए हैं और उनकी भलाई की कामना करते हैं.
'मुस्लिम होने के कारण टारगेट किया'
साल 2015 में उन्होंने एक इंटरव्यू में कहा था कि उन्हें मुस्लिम होने के कारण टारगेट किया जा रहा है. उस वक्त नसीरुद्दीन ने सार्वजनिक मंच से पाकिस्तान की तारीफ कर दी थी. जिसके चलते सोशल मीडिया पर ट्रोल हो गए थे. ट्रोलिंग से परेशान होकर उन्होंने कहा था कि चार पीढ़ियों से उनका परिवार भारत में रह रहा है. उन्हें भारतीय होने पर गर्व है और वह किसी को भी अपनी देशभक्ति पर सवाल उठाने का अधिकार नहीं देने वाले हैं. एक्टर ने आगे कहा था कि उन्हें मुसलमान होने के कारण निशाना बनाया जा रहा है. इस बयान को लेकर उनकी काफी आलोचना हुई थी.